खराब मौसम और तेज बारिश की वजह से बुधवार यानी आज कक्षा 5 तक के स्कूलों को बंद रखने के आदेश जिला विद्यालय निरीक्षक ने दिए हैं। 6 से 12 तक के छात्रों को सुबह 9 से अपराह्न 3 बजे स्कूल जाना होगा। इस आदेश पर पूर्वांचल स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन ने आपत्ति जताई है। एसोसिएशन का कहना है कि मामले में डीएम से मिलकर शिकायत की जाएगी।
विज्ञापन
शिक्षा विभाग के आदेश में प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, आईसीएसई, सीबीएसई और अन्य बोर्डों के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अवकाश की अवधि में कक्षा 1 से 5 तक के परिषदीय विद्यालयों के सभी शिक्षक और कर्मचारियों को विद्यालय में आकर अपार आईडी, डीबीटी, यूडायस को करना होगा।
वहीं, एसोसिएशन की ओर से यह कहा गया है कि इस शैक्षणिक सत्र में तीसरी बार बारिश/मौसम का कारण बताकर विद्यालयों को बंद करने का आदेश दिया गया है। बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, ऐसे निर्णय लेने से पहले विद्यालयों और शैक्षणिक संगठनों से भी वास्तविक परिस्थितियों पर चर्चा की जानी चाहिए। शिक्षक पढ़ाने के लिए तैयार हैं और बच्चे पढ़ने के लिए तैयार हैं।