वाराणसी के सेवापुरी क्षेत्र में वरुणा नदी में फैली जलकुंभी एक पशुपालक के लिए भारी नुकसान का कारण बन गई। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे नदी में नहाने उतरी पांच भैंसें जलकुंभी में फंस गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मुआवजे की मांग की।
जानकारी के अनुसार, बड़ागांव थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी पशुपालक नत्थू यादव रोज की तरह करीब 25 भैंसों को चराने के लिए वरुणा नदी किनारे लेकर गए थे। इसी दौरान पांच भैंसें नदी में उतर गईं। नदी में महीनों से जमा जलकुंभी में फंसने के कारण वे बाहर नहीं निकल सकीं और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। इनमें से दो भैंसें बह गईं, जबकि तीन जलकुंभी के बीच मृत अवस्था में पड़ी रहीं।