अस्सी घाट पर बढ़ा गंगा का जलस्तर और शीतला घाट पर डूबा मंदिर।
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में गंगा के जलस्तर में बढ़ाव जारी है। पिछले 24 घंटे में गंगा का जलस्तर 28 सेमी बढ़ गया है। इस बढ़ाव को लेकर एनडीआरएफ की टीम अभी से सतर्कता बरतने में लगी है। वहीं गंगा का जलस्तर इतना बढ़ गया है कि अब मणिकर्णिका घाट पर अब छतों पर दाह संस्कार हो रहा है।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा का जलस्तर मंगलवार को 62.95 मीटर था। जबकि बुधवार को यह आंकड़ा 28 सेमी बढ़कर 63.23 मीटर पर पहुंच गया। कई जगहों पर जलस्तर बढ़ने से मंदिरो में भी पानी भर गया है। लगातार बढ़ाव से तटवर्ती इलाकों के लोग एहतियात बरत रहे हैं। नगर निगम अधिकारी भी घाटों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने में लगे हुए हैं।
गंगा में बढ़ाव के चलते दशाश्वमेध घाट पर आरती स्थल बदल दिया गया है और पंडों-पुजारियों से लेकर प्रशासनिक स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। वहीं गंगा में नावों को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। नाविकों ने अपनी नावों को बहुत ही सुरक्षात्मक तरीके से बांध दिया है, ताकि धारा का बहाव तेज होने के बाद भी नावें सुरक्षित रह सकें।