वाराणसी। जल निगम में हुए भ्रष्टाचार के मामले में निलंबित किए गए अधिकारियों के बाद पिछले दो स्प्ताह से जल निगम में अधिकारियों का टोटा हो गया था। इससे पूरा कार्य प्रभावित था। अब गंगा प्रदूषण नियंत्रण ईकाई के जीमए एसके राय को जल निगम का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। वहीं दो अन्य अधिकारी भी तैनात किए गए हैं।
जल निगम के सिस वरुणा और ट्रांस वरुणा के पेयजल के कार्यों में लापरवाही पर जांच में कुल 17 अधिकारी निलंबित कर दिए गए हैं। इसके बाद यहां एक दो अधिकारी ही बचे थे। ऐसे में कार्यालय का वेतन, और अन्य व्यवस्थाएं प्रभावित हो गई थीं। ऐसे में शासन ने गंगा प्रदूषण के जीएम एसके राय को चार्ज दे दिया गया। वहीं जौनपुर के अधिशासी अभियंता को कार्य सौंपा गया है। आदेश मिलने के बाद ये अधिकारी शुक्रवार से काम संभाल लेंगे।
अब दो को आएंगे प्रमुख सचिव
जल निगम के प्रमुख सचिव मनोज कुमार भ्रष्टाचार की जांच करने के लिए गुरुवार को आने वाले थे, जो कि किसी कारण से नहीं आये। विभागीय सूत्रों के अनुसार वे अब दो सितंबर के बाद आएंगे। जबकि यहां भी जांच करने आई लेखा विभाग की टीम अभी जांच करने में लगी हुई है, जो दस्तावेजों को एकत्र कर रही है। गुरुवार को जांच अधिकारियों ने कई बैंकों के स्टेटमेंट लेकर उसकी जांच करने में जुटी हुई है।