अस्पताल पहुंचे कमिश्नर और डीएम
- फोटो : अमर उजाला
सरकारी काम करा रहे जेई पर प्राणघातक हमले के मामले का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया और पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारियों से बात कर रिपोर्ट तलब की। सीएम का सख्त रुख देख कमिश्नर दीपक कुमार अग्रवाल और आईजी रेंज विजय सिंह मीना और डीएम योगेश्वर राम मिश्र बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।
कमिश्नर और आईजी ने एसएसपी को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। अस्पताल प्रशासन से कहा कि घायलों के उपचार में कोई कोर कसर न छोड़ी जाए। हमले में घायल जल निगम के जेई ई. सुशील कुमार गुप्ता के परिजनों को रेडक्रास सोसाइटी की ओर से इलाज के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक मदद दी गई है।
सोसाइटी के चेयरमैन विजय शाह और सचिव डॉ. संजय राय ने बताया कि डीएम योगेश्वर राम मिश्र ने जेई के पिता मुरारी लाल गुप्ता को एक लाख रुपये का चेक बीएचयू ट्रामा सेंटर में प्रदान किया।
वहीं हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए लंका-अस्सी मार्ग स्थित जानकीबाग कॉलोनी के दो हॉस्टल में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह, तीन सीओ और 11 थानों की फोर्स के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया।
बैंक ऑफ बड़ौदा व उसके समीप स्थित रेस्टोरेंट और दोनों प्राइवेट हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर युवकों को हिरासत में लिया गया। इनमें से आरोपी के तौर पर 11 की तस्दीक कर पांच को गिरफ्तार किया गया। भारी संख्या में अचानक पहुंची फोर्स को देख कॉलोनी के लोग हैरत में थे।
मामले को लेकर बात करते अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
जल निगम के जेई एसके गुप्ता और दो ठेकेदारों के साथ हुए मारपीट के मामले को लेकर बुधवार को परियोजना प्रबंधक कार्यालय में एक अपात बैठक हुई। सभी ने अपना काम बंद करके इसका विरोध किया और नाराजगी जताई।
सभी इंजीनियरों ने शासन प्रशासन को 24 घंटे का चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो हम अपना काम बंद कर देंगे। इससे पूरा शहर प्रभावित हो जाएगा। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
मुख्य अभियंता आरबी मिश्रा ने कहा कि इस तरह की घटना शर्मनाक है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की घटना से कर्मचारियों का मनोबल टूटेगा व शहर में काम करने में दिक्कत होगी।
इसलिए इसमें शासन प्रशासन जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए इनको 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार करे। अगर अपराधी 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार नहीं होते हैं, तो जल निगम सहित सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी गुरुवार को अपना कामकाज ठप कर देंगे, जिससे शहर की पेयजल व्यवस्था, सीवर लाइन सभी बंद कर दी जाएगी।
इसी क्रम में डिप्लोमा इंजीनियर संगठन उत्तर प्रदेश जल निगम की ओर से सचिव रोहित कुमार लोधी ने डीएम को ज्ञापन सौंपा और गिरफ्तारी की मांग की।
उन्होंने कहा कि इस तरह का जानलेवा हमला करना शर्मनाक है, अगर आरोपितों को पकड़ा नहीं गया, तो हम शहर की सभी बिजली पानी, की व्यवस्था को ठप कर देंगे, जिससे शहर की स्थिति खराब हो जाएगी।