वाराणसी। दुष्कर्म के आरोपी नैनी जेल में बंद मऊ के घोसी सांसद अतुल राय के खिलाफ वारंट जारी किया गया है। लंका थाने में दर्ज आईटी एक्ट और आपराधिक साजिश मामले में पुलिस द्वारा कोर्ट में दाखिल की गई चार्जशीट के आधार पर एमपी एमएलए कोर्ट ने वारंट जारी किया। कमिश्नरेट पुलिस की एक टीम वारंट तामील कराने मंगलवार को प्रयागराज स्थित नैनी सेंट्रल गई। कोर्ट ने 14 दिसंबर को अतुल राय को तलब किया है।
16 अगस्त को नई दिल्ली स्थित सुप्रीम कोर्ट के बाहर गवाह साथी संग आत्मदाह करने वाली युवती ने अतुल राय के खिलाफ एक मई 2019 को लंका थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद युवती ने एक और मुकदमा चार दिसंबर 2020 को लंका थाने में दर्ज कराया था कि अतुल राय के लोग उसे सोशल मीडिया पर से परेशान और बदनाम कर रहे हैं। इस मामले में साकेत नगर के रहने वाले सुधीर सिंह के खिलाफ भी पीड़िता ने मुकदमा दर्ज कराया था। इसी मुकदमे में पुलिस द्वारा दाखिल की गई चार्जशीट का संज्ञान लेते हुए अदालत ने अतुल राय के खिलाफ वारंट जारी किया। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि नैनी जेल में वारंट तामील कराने एक टीम भेजी गई है।