वीडीए की ओर से बाबतपुर हवाई अड्डे से करीब 15 किलोमीटर दूर मोहनसराय में एक ट्रांसपोर्ट नगर के साथ ही वेयरहाउस सुविधा का भी विस्तार करने की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में भारतीय डाक विभाग अपने लॉजिस्टिक्स सेवा के तहत वाराणसी और आसपास के जिलों में विभिन्न उत्पादनकर्ताओं के तैयार माल को अन्य राज्यों के क्षेत्रों में पहुंचाने की व्यवस्था की तैयारी कर रहा है।
जिले में डाक विभाग अब वीडीए के साथ मिलकर काम करेगा। इस संबंध में डाक विभाग के पीएमजी कर्नल विनोद कुमार ने वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने इंडिया पोस्ट के लॉजिस्टिक हब के लिए स्थान निर्धारित करने के विषय पर विस्तार से चर्चा की।
कर्नल विनोद ने कहा कि ई कॉमर्स और ऑनलाइन माध्यम से खरीदारी की सुविधा बढ़ने से इंडिया पोस्ट का पार्सल डिलीवरी का कार्य तेजी से बढ़ रहा है। वाराणसी तथा आसपास के जिलों के वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट जैसे लकड़ी के खिलौने, गुलाबी मीनाकारी, भदोही तथा औराई के कालीन, गाजीपुर के जूट की वाल हैंगिंग, बलिया की बिंदी तथा जौनपुर की ऊनी दरी आदि के उत्पादकों को सहूलियत होगी, साथ ही दूसरे राज्यों से आने वाले उत्पादों को भी आसानी से बनारस में उपलब्ध कराया जाएगा।
इसे भी पढ़ें; पहाड़ों पर हो रही बारिश का असर: काशी में 24 घंटे में 81 सेमी बढ़ गया गंगा का जलस्तर, 10 सेमी प्रतिघंटे बढ़ रहा
कर्नल विनोद ने वीडीए उपाध्यक्ष को इंडिया पोस्ट की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक विशेष सुविधा कैंप लगाया जाएगा।