वाहिद के मकान का बंद दरवाजा।
- फोटो : संवाद
वर्ष 2016-17 के आसपास पलहना में मोबाइल की दुकान में लूट की वारदात में उसका नाम पहली बार सामने आया। यहीं से उसने अपराध जगत में इंट्री की। इसके बाद सादात थाना क्षेत्र में मिठाई कारोबारी हरिवंश यादव की हत्या में उसका नाम पहली बार प्रकाश में आया। उसके बाद वाहिद के अपराधों का दायरा लगातार बढ़ता गया। पुलिस रिकॉर्ड में बहरियाबाद, सादात, सैदपुर, करीमुद्दीनपुर और जंगीपुर थानों में उसके खिलाफ मुकदमों का उल्लेख है।
आजमगढ़ के जहानागंज, गंभीरपुर और रानी की सराय तथा वाराणसी के सारनाथ थाने में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज थे। जबकि गोरखपुर के कैंट थाने में भी वह वांछित हो गया। इनमें हत्या के प्रयास, लूट, आपराधिक साजिश, डकैती और अवैध हथियारों से जुड़े मुकदमे शामिल थे।
23 दिसंबर 2017 को पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट खोली गई।
- फोटो : संवाद
चार बार जेल व छह बार हुआ था गिरफ्तार
अंबेडकरनगर में मंगलवार देर रात पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा वाहिद अंसारी पुलिस रिकार्ड के अनुसार छह बार पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था और चार बार जेल गया था। इस दौरान वह दो बार बलिया जेल में भी रहा था। पुलिस दस्तावेजों के मुताबिक, वर्ष 2026 में आजमगढ़ के जहानागंज क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान अवैध शस्त्र और लूट के गहनों के साथ उसकी गिरफ्तारी हुई थी। जेल से छूटने के बाद भी वह घर से बाहर रहा। करीब डेढ़ वर्ष पहले पुलिस ने उसके घर पर कुर्की की कार्रवाई कर उसे सीज किया था।
वाहिद के मकान के बाहर पुलिस।
- फोटो : संवाद
हथियारों का सप्लायर व कांट्रैक्ट किलर के तौर पर थी पहचान
पुलिस के मुताबिक, वाहिद पूर्वांचल में हथियारों की सप्लाई करता था और सुपारी लेकर हत्या करने वाले गिरोहों से जुड़ा था। इसलिए उसकी पहचान हथियारों का सप्लायर व कांट्रैक्ट किलर के तौर पर थी। ग्रामीणों ने बहरियाबाद बाजार में उसके नाम से वसूली होने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उसके डर से लोग शिकायत करने से कतराते थे।
दर्ज होते गए गाजीपुर से गोरखपुर तक केस।
- फोटो : संवाद
सात साल से दूर था बेटा, मौत की खबर लेकर पहुंचे पुलिसकर्मी तो छलका मां का दर्द
जिस बेटे को मां ने बचपन में अच्छे व्यवहार के साथ बड़ा होते देखा, उसी के अपराध की दुनिया में चले जाने का मलाल उसे जिंदगी भर रहेगा। बहरियाबाद निवासी वाहिद अंसारी पिछले करीब सात वर्षों से घर से दूर था। परिवार से उसका संपर्क भी लगभग टूट चुका था। मंगलवार देर रात अंबेडकरनगर में पुलिस मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई। बुधवार सुबह जब बहरियाबाद पुलिस के दो जवान घर पहुंचे और परिजनों को इसकी जानकारी दी तो परिवार को उसके आखिरी अंजाम का पता चला। मां खुर्शिदा बेगम ने बेटे के जीवन में आए बदलाव के पीछे गलत संगत को वजह बताया।
कार्रवाई के दाैरान माैजूद भीड़।
- फोटो : संवाद
मां के मुताबिक, बचपन में वाहिद का व्यवहार अच्छा था। उसने हाईस्कूल तक पढ़ाई की थी। रोजी-रोटी की तलाश में वह विदेश गया था और वहां सिलाई का काम करता था। करीब ढाई साल मस्कट में रहने के बाद वापस लौटा। इसके बाद पुराने साथियों के संपर्क में आया और उसकी संगत बदलती चली गई। मां ने बताया कि वाहिद अपनी ससुराल की तरफ ही रहता था। उसकी शादी की जानकारी परिवार को थी और घर के लोग शादी में शामिल भी हुए थे। पत्नी कभी-कभार एक-दो दिन के लिए घर आती थी।
वाहिद के घर के बाद भीड़।
- फोटो : संवाद
भाई ने कहा- साढ़े चार-पांच साल से पत्नी और परिवार से भी नहीं था संपर्क
बड़े भाई इकबाल अहमद के मुताबिक, वाहिद करीब आठ-दस साल पहले अपराध की दुनिया में उतर गया था। पिछले सात-आठ वर्षों से घर छोड़कर बाहर रह रहा था। परिवार से उसका कोई संपर्क नहीं था। उसकी पत्नी या परिवार के किसी सदस्य से भी पिछले साढ़े चार से पांच वर्षों से उसकी बातचीत नहीं हुई थी। न ही उसका घर आना-जाना था। परिवार को उसकी मौत की जानकारी भी पुलिस के जरिए ही मिली।
वाहिद के खिलाफ दर्ज केस।
- फोटो : संवाद
2022 में हुई थी शादी
वाहिद की शादी वर्ष 2022 में सुल्तानपुर निवासी अजरा बानो से हुई थी। उसकी दो बेटियां आयजा(3) और अमीरा(1.5) हैं। बड़े भाई इकबाल के मुताबिक, वाहिद आखिरी बार वर्ष 2016 में गांव आया था। इसके बाद वह परिवार से दूर होता चला गया। पुलिस उसकी तलाश में घर भी पहुंचती रही। करीब डेढ़ वर्ष पहले उसके घर पर कुर्की की कार्रवाई कर उसे सीज किया गया था।
पिता और भाई गए अंबेडकर नगर: बुधवार सुबह करीब आठ बजे बहरियाबाद थाने की पुलिस ने वाहिद की मौत की सूचना परिजनों को दी। इसके बाद पिता अबूबकर अंसारी और भाई जमशेद अंसारी अंबेडकरनगर के लिए रवाना हुए।