दर्शक बढ़े तो बाहर लगानी पड़ी तीन नई एलईडी स्क्रीन, हर-हर महादेव का जयघोष
वाराणसी। वॉलीबॉल का फाइनल मैच देखने के लिए रविवार को सिगरा स्टेडियम में खेलप्रेमियों का हुजूम उमड़ पड़ा। मैच से पहले ही इनडोर हाल की दर्शक दीर्घा खचाखच भर गई। हर-हर महादेव का जयघोष होता रहा।
भीड़ का आलम यह था कि मैच कोर्ट के आसपास खड़े होकर लोग खिलाड़ियों की हौसला आफजाई करते रहे। बाद में आयोजन समिति ने इनडोर हाॅल की गैलरी में एक एलईडी स्क्रीन लगावाई। कुछ देर में वहां भी भीड़ जुट गई। हाॅल के बाहर ओपेन एरिया में दो नई एलईडी स्क्रीन को लगाकर अंदर चल रहे मैच का सजीव प्रसारण किया गया। खिली धूप में सैकड़ों खेल प्रेमियों ने बाहर लगी एलईडी स्क्रीन पर मैच का लुत्फ उठाया।
इनडोर हाॅल के दूसरे कोर्ट पर लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गईं थीं जो महिला वर्ग का फाइनल मैच शुरू होने के साथ ही भर गईं। खेल प्रेमियों ने प्रथम तल की गैलरी का रुख किया। देखते ही देखते कोर्ट के दोनों ओर की गैलरी भर गई। न केवल वाराणसी बल्कि आसपास के जिलों गाजीपुर, भदोही, चंदौली, मिर्जापुर, मऊ, आजमगढ़ आदि जिलों के वॉलीबॉल प्रेमी भी मैच देखने यहां पहुंचे थे।