फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विश्वनाथ मंदिर के तीन पुजारी लखनऊ तलब

Wed, 16 Sep 2015 02:14 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
विज्ञापन
दक्षिणा और चढ़ावे की हेराफेरी के नित नए खुलासों के बीच काशी विश्वनाथ मंदिर के चार पुजारी लखनऊ तलब कर लिए गए हैं। पुजारियों के हड़ताल पर जाने की सुगबुगाहट के बीच शासन ने उन्हें बुलाया है। मंगलवार की शाम सभी पुजारी रवाना हो गए। प्रमुख सचिव (धर्मार्थ कार्य) नवनीत सहगल के सामने उनकी बुधवार की सुबह पेशी होगी। निलंबन और तबादले की कार्रवाई के बाद पुजारियों ने जहां एकजुटता के लिए कई दौर की बैठकें की हैं, वहीं जानकारी मिली थी कि अर्चक किसी भी समय धरना-प्रदर्शन की राह पकड़ सकते हैं।
विज्ञापन


गर्भगृह में दक्षिणा लेने के आरोप में वरिष्ठ अर्चक डॉ. गणपति झा के निलंबन के बाद जहां पुजारी मंदिर प्रशासन के विरोध में मुखर होने लगे थे, वहीं हफ्ते भर बाद ही अर्चक डॉ. श्रीकांत मिश्र का महाकालेश्वर मंदिर सकलडीहा(चंदौली) और दक्षिणा लेने के आरोप में नीरज पांडेय का ब्रह्मेश्वर मंदिर के लिए तबादला किए जाने के बाद प्रशासन और पुजारियों के बीच टकराव बढ़ गया था। इस बीच पुजारियों ने तीन दौर की बैठकें कर मंदिर प्रशासन की कलई खोलने की रणनीति बनाई। कार्यपालक समिति की बैठक में मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण के सामने ही अर्चकों ने सीईओ पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। इस बीच पता चला था कि उत्पीड़न से नाराज पुजारी किसी भी समय धरने पर बैठ सकते हैं।

इसकी जानकारी मिलने के बाद विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने दूसरे मंदिरों, मठों से संपर्क कर पुजारियों का विकल्प तैयार करना शुरू कर दिया है, ताकि ऐसी नौबत आने पर बाबा के दरबार में पूजा-पाठ का काम प्रभावित न होने पाए। सोमवार को लखनऊ बुलाए गए सीईओ अजय कुमार अवस्थी ने इन घटनाक्रमों की जानकारी जब प्रमुख सचिव को दी तब उन्होंने इस मामले में हस्तक्षेप किया। प्रमुख सचिव ने कुछ अर्चकों से फोन पर बात भी की। इस मामले में निलंबित अर्चक गणपति झा, नीरज पांडेय और श्रीकांत मिश्र को लखनऊ तलब किया गया है। तीनों देर शाम लखनऊ के लिए रवाना हो गए। इनके साथ अर्चक ओम प्रकाश भी गए हैं। इससे पहले मंदिर में गड़बड़ियों की शिकायत की जांच कर रहे सीडीओ विशाख जी के समक्ष पुजारियों, भंडारियों और एक लिपिक का बयान दर्ज कराया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें