दान में मिले करीब पांच करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले पांच मंजिले भवन की चाभी गुरुवार को विश्वनाथ मंदिर प्रशासन को सौंप दी गई। भवन को दान देने वाले उद्यमी गणेश गुप्ता और उनके परिवार के सदस्यों ने मंदिर प्रशासन को चाभी दी। शुक्रवार से भवन में नई धर्मशाला का संचालन शुरू होगा।
दशाश्वमेध स्थित मकान का नंबर डी. 17/76 और डी. 17/76 ए में अब शुक्रवार से काशी विश्वनाथ मंदिर की धर्मशाला चलेगी। पांच मंजिले इस भवन की कीमत करीब 4.95 करोड़ रुपये आंकी गई है। दिन के 12:30 बजे रियल इस्टेट कारोबार से जुड़े गणेश गुप्ता परिवार के सदस्यों चंद्रकुमार गुप्ता, आभा गुप्ता और मृगांक गुप्ता के साथ दशाश्वमेध पहुंचे। वहां उन्होंने मंदिर प्रशासन को भवन और मंदिर की चाभी सौंप दी। इस दौरान मंदिर के पुजारी टेकनारायण उपाध्याय, वंशनारायण चौबे वअन्य लोगों ने भवन की पूजा कराई। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी पीएन द्विवेदी ने बताया कि सेवादार नटराज तन्वी को देखरेख के लिए तैनात किया गया है। शुक्रवार को वहां गार्ड लगा दिए जाएंगे। इस भवन में धर्मशाला और अन्नक्षेत्र का संचालन होगा। इस भवन का क्षेत्रफल 357.8 स्क्वायर मीटर है जबकि निर्माण क्षेत्र 1402.32 स्क्वायर मीटर में है।