वाराणसी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को परिवहन निगम की बहुप्रतीक्षित भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा का शुभारंभ करेंगे। रोडवेज की वातानुकूलित वोल्वो बस वाराणसी से काठमांडू तक जाएगी। बस सेवा के जरिए नेपाल के लोग काशी विश्वनाथ और बनारस के लोग पशुपतिनाथ मंदिर का दर्शन आसानी से कर सकेंगे।
बस किराया 1333 रुपये होगा। बुधवार को उद्घाटन के दिन यात्रियों को किराये में 25 प्रतिशत की छूट दी गई है। मार्च भर दस प्रतिशत की छूट मिलेगी। पहले दिन सफर करने वाले यात्रियों को रोडवेज की ओर से उपहार भी दिए जाएंगे। पुरुष यात्रियों को कुर्ता-पाजामा और महिला यात्रियों को साड़ी दी जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से बस में ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस) और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
बुधवार को पहले दिन वोल्वो बस दिन में 11 बजे काठमांडू के लिए रवाना की जाएगी। इसके बाद यह कैंट रोडवेज परिसर से रोजाना रात साढ़े दस बजे जाएगी। बस तकरीबन 13 घंटे में काठमांडू पहुंचेगी। आजमगढ़, गोरखपुर और सोनौली में इसका स्टापेज होगा।
काठमांडू से भी बस रोजाना रात साढ़े दस बजे काशी के लिए रवाना होगी। मनोरंजन के उद्देश्य से बस में टीवी भी लगाई गई है। राज्य परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पीके तिवारी ने बताया कि काफी समय से वाराणसी से काठमांडू तक बस चलाने की तैयारी की जा रही थी। बुधवार से इसकी शुरुआत हो जाएगी।
मंगलवार की शाम को ही बस की सभी 38 सीटें बुक हो चुकी थीं। उद्घाटन कार्यक्रम पुलिस लाइन में आयोजित होगा। वहां मुख्यमंत्री अखिलेश यादव हरी झंडी दिखाकर बस सेवा का शुभारंभ करेंगे। उम्मीद है कि मैत्री बस सेवा लोगों को पसंद आएगी।