शिक्षिका के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए निकाला कैंडल मार्च
- परिजनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा, दिव्यांग बच्ची को न्याय दिलाए पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। नरोत्तमपुर नैपुरा कला की शिक्षिका निवेदिता सिंह की हत्या में नामजद पति शैलेंद्र सहित अन्य की गिरफ्तारी के लिए मंगलवार की देर शाम परिजनों ने लंका स्थित मालवीय चौराहा से अस्सी घाट तक कैंडल मार्च निकाला। अस्सी घाट पर निवेदिता को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान सभी ने मांग की कि आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस हीलाहवाली न करे। पुलिस निवेदिता के परिजनों और उसकी दिव्यांग बच्ची के साथ न्याय करे।
मालवीय चौराहा से शुरू हुए कैंडल मार्च में निवेदिता की दिव्यांग बच्ची खुशी को लेकर उनके पिता सुबोध ठाकुर चल रहे थे। मार्च में शामिल सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि आरोपी जल्द नहीं गिरफ्तार किए गए तो बड़े पैमाने पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान निवेदिता के साथ पढ़ाने वाली शिक्षिका रानी सिंह व मधुमाला सिंह, समाजसेवी मनीष सिंह, अधिवक्ता नमिता झा, दीपक अग्रवाल, प्रदीप, प्रियंका सिंह, रंजना आदि मौजूद रहीं। बता दें कि 11 अगस्त की रात निवेदिता के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई थी। प्रकरण को लेकर निवेदिता के पति सहित ससुराल के आठ लोगों के खिलाफ लंका थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।