वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित वीआईपी लाउंज को अमली जामा आईआरसीटीसी पहनाएगा। महाप्रबंधक स्पेशल ट्रेन से वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एके पुठिया ने स्टेशन के विकास की प्रस्तावित व चल रही योजनाओं के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि आरएमएस भवन को जल्द से जल्द आईआरसीटीसी को सौंपा जाए।
इस दौरान पार्सल घर को स्थानांतरित किए जाने संबंधी विकल्पों को भी देखा।
महाप्रबंधक ने अंधरापुल के चौड़ीकरण के कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर अंधरापुल को व्यवस्थित कर शुरू करने का निर्देश दिया।
इस दौरान उन्होंने द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय का विस्तार किए जाने संबंधी योजना पर भी चर्चा की। इसी के साथ ही आरपीएफ कार्यालय को तोड़कर टी-2 गेट के समीप बनने वाले वातानुकूलित प्रतीक्षालय योजना पर भी विस्तार से मंथन किया।
इसके साथ ही विकल्प के तौर पर डॉरमेट्री के समीप तैयार हो रहे वातानुकूलित प्रतीक्षालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में जेटीबीएस (जनसाधारण टिकट बुकिंग सेवा) केंद्र की संख्या बढ़ाई जाए।
बाद में वह प्रयाग निकल गए। उनके साथ डीआरएम एके लाहोटी, सीनियर डीसीएम अश्विनी कुमार श्रीवास्तव, सीटीएम रवि प्रकाश चतुर्वेदी, सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ सुकुमार पॉल, सीनियर स्टेशन मैनेजर एके पांडे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।