काशी विश्वनाथ मंदिर में सावन भर श्रद्धालुओं, कांवरियों की सुविधा के लिए वीआईपी दर्शन बंद रहेगा। यह बात नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद कहा। वो शनिवार को वाराणसी में थे।
वो सावन मेले की तैयारियों का जायजा लेने काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में आए थे। आम श्रद्धालुओं के अलावा कांवरियों को किसी भी तरह की दिक्कत न होने पाए, इसके लिए मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और एसएसपी को खुद मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
सावन के सोमवार को बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज
सावन महीने में पड़ने वाले हर सोमवार को श्रद्धालुओं, कांवरियों की शहर में भारी भीड़ को देखते हुए शहरी क्षेत्र के सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. ओपी राय ने बताया कि यह आदेश प्राथमिक, माध्यमिक, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड द्वारा संचालित विद्यालयों/कॉलेजों पर प्रभावी रहेगा। इसका अनुपालन न करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बताया कि ऐसे संस्थान जो जीटी रोड के आसपास है और उन्हें रोड बंद होने से आने जाने में परेशानी होती है तो वह भी स्कूल-कॉलेज बंदी पर विचार कर सकते हैं। इसके अलावा मिर्जामुराद, कैथी, बावनबीघा आदि विद्यालयों के प्रधानाचार्य देख लें कि यदि उनके विद्यालय का संचालन सोमवार को संभव न हीं है तो क्षतिपूर्ति स्वरुप रविवार को खोलने का विकल्प प्रस्तुत है। अनावश्यक रुप से विद्यालय बंद नहीं करना होगा, अन्यथा प्रधानाचार्य उत्तरदायित्व होंगे।