बनारस के रोहनिया थाना क्षेत्र के हरदत्तपुर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर के बीकापुर गांव के पास गेट संख्या नौ के बंद करने की सूचना पर बुधवार को ग्रामीण लामबंद होकर रेलवे ट्रैक जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान मंडुआडीह-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस नौ मिनट रुकी रही। समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और ट्रेन आगे जा सकी।
थाना क्षेत्र हरदत्तपुर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर के बीकापुर गांव के समपार (गेट) संख्या नौ पर बुधवार को मरम्मत का काम चल रहा था। इसी बीच ग्रामीणों को जानकारी हुई की यह गेट हमेशा के लिए बंद हो जाएगा। इस पर सैकड़ों महिला-पुरुष काम बंद करवा धरना-प्रदर्शन करने लगे।
इस दौरान अफरातफरी का माहौल रहा। उनकी मांग थी यह गेट बंद न किया जाए। प्रदर्शन के दौरान मंडुआडीह-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस को ग्रामीणों ने लाल कपड़ा दिखा कर रोकवा दिया। इस दौरान नौ मिनट तक ट्रेन रुकी रही।
जानकारी होने पर मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ रेलवे पुलिस पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इधर ट्रैक पर धरना-प्रदर्शन की जानकारी होते ही स्टेशन मास्टर ने मंडुआडीह पैसेंजर को स्टेशन पर ही रोके रखा।
स्टेशन अधीक्षक विनोद राम ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर ग्रामीणों को देखकर हमने वाकी टाकी से चालक को सूचना देकर ट्रेन रोकवा दी थी।