ड्रोन से जंगली जानवर की तलाश करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला।
जौनपुर जिले के सिकरारा क्षेत्र में तेंदुए का खौफ बना हुआ है। चार लोगों पर हमले के बाद से ग्रामीण सहमे हुए हैं। लाठी-डंडा लेकर जंगली जानवर की तलाश कर रहे हैं। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि हमला करने वाला जानवर तेंदुआ ही है या कोई और जानवर।
ग्रामीणों की सूचना के आधार पर सोमवार को वन विभाग की टीम ने कई घंटे तक ड्रोन कैमरे के माध्यम से आसपास के क्षेत्र में निगरानी कराई, लेकिन जानवर के बारे में कुछ जानकारी नहीं मिल पाई।
सिकरारा थाना क्षेत्र के सोनपुरा गांव में रविवार की सुबह जंगली जानवर ने गांव के 50 वर्षीय महेंद्र यादव, 14वर्षीय नितिन, 40 वर्षीय रामसेवक, 16 वर्षीय नमन के ऊपर हमला कर दिया।
घायलों के मुताबिक हमला करने वाला जानवर देखने मे तेंदुए जैसा ही था। उसके शरीर पर भी वैसे ही निशान थे, जैसे तेंदुए पर होते हैं। हमले के बाद वह फिर से पास में मौजूद नाले की तरफ भाग गया। सूचना के बाद रात में भी वन विभाग और पुलिस की टीम ने तलाश की, लेकिन अंधेरा होने से सफलता नहीं मिली।