Varanasi News: जिलास्तरीय डॉ. भीमराव आंबेडकर सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता में विकास क्लब ने वीनस क्लब को 2-1 से हरा दिया। यह संभव हुआ राष्ट्रीय खिलाड़ी सोनल के निर्णायक गोल से।
हॉकी वाराणसी की ओर से जिलास्तरीय डॉ. भीमराव आंबेडकर सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता सोमवार को खत्म हुई। फाइनल में विकास क्लब की राष्ट्रीय खिलाड़ी सोनल के निर्णायक गोल से वीनस क्लब को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। प्रतियोगिता में सर्वाधिक 11 गोल करने वाली मोनिका सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुनी गईं। बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परमानंदपुर में खिताबी मुकाबले में दोनों टीम ने शुरू से ही तेज खेल दिखाया।
विज्ञापन
आक्रमण की शुरुआत विकास क्लब की राष्ट्रीय खिलाड़ी तनु यादव ने किया। वीनस क्लब की तरफ से अंजली ने काउंटर अटैक किया। हाफ टाइम तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे हाफ में दोनों टीम ने अपनी-अपनी रणनीति में बदलाव किया।
32वें मिनट में सोनल ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर विकास क्लब को 1-0 की बढ़त दिला दी। दो मिनट बाद वीनस क्लब की अंजली ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। मैच समाप्त होने से एक मिनट पहले विकास क्लब की सोनल ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया।
विज्ञापन
निर्णायक की भूमिका जावेद खान और इदरीस ने निभाई। समापन समारोह के मुख्य अतिथि हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ एके सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। संचालन केबी रावत ने किया।