महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की वार्षिक परीक्षाएं ऑफलाइन मोड में ही आयोजित कराई जाएंगी। कोरोना संक्रमण की स्थितियों के अनुसार 30 अप्रैल को परीक्षा की तिथियों पर विचार किया जाएगा। यह निर्णय बृहस्पतिवार को परीक्षा समिति की बैठक में लिया गया।
कुलपति प्रो. टीएन सिंह की अध्यक्षता में परीक्षा समिति की बैठक बृहस्पतिवार को आयोजित की गई। कुलसचिव डॉ. एसएल मौर्य ने बताया कि परीक्षा समिति ने ऑफलाइन मोड में परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों की वार्षिक परीक्षाओं की तिथियों पर कोरोना संक्रमण की स्थितियों को देखते हुए 30 अप्रैल तक विचार विमर्श किया जाएगा।
काशी विद्यापीठ के छात्र बीएचयू की तर्ज पर विश्वविद्यालय में ऑनलाइन परीक्षा की मांग कर रहे थे। छात्रों का कहना था कि संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए विश्वविद्यालय को ऑनलाइन परीक्षा कराने पर विचार करना चाहिए। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि काशी विद्यापीठ और संबद्ध महाविद्यालयों में ऑनलाइन परीक्षा करा पाना संभव नहीं है।
विद्यापीठ में 24 कोरोना संक्रमित, विश्वविद्यालय बंद
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 24 से अधिक अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित होने के कारण विश्वविद्यालय को बंद कर दिया गया है। कुलसचिव डॉ. एसएल मौर्य ने बताया कि कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए विश्वविद्यालय को 16 से 23 अप्रैल तक बंद कर दिया गया है। इस दौरान पूरे परिसर को रोजाना सैनिटाइज कराया जाएगा।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में 17 अप्रैल तक अवकाश
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। विश्वविद्यालय 16 से 17 अप्रैल तक बंद रहेगा। कुलसचिव राजबहादुर ने बताया कि कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए यह निर्णय लिया गया गया है। इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर में रहने वाले कर्मचारियों और छात्रों से निवेदन किया गया है कि वह बिना किसी आवश्यक कार्य से बाहर ना निकलें।
अग्रसेन महाविद्यालय की परीक्षाएं स्थगित
कोरोना संक्रमण के कारण अग्रसेन महिला महाविद्यालय की विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय की 16 अप्रैल से शुरू होने वाली बैक व श्रेणी सुधार की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। प्राचार्य डॉ. कुमकुम मालवीय ने बताया कि परीक्षाओं की सूचना बाद में दी जाएगी।