उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और सीएम योगी वाराणसी दौरे पर आ रहे हैं। वे काशी-तमिल संगमम और बनारस बिएनाले का उद्घाटन करेंगे। यहां 1750 मेहमानों के साथ काशी-तमिल संगमम सजेगा। 3000 विद्यार्थी तिरुक्कुरल की शिक्षा से जुड़ेंगे।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
काशी में आज यानी शनिवार को उत्तर और दक्षिण भारत की संस्कृति, साहित्य और ज्ञान परंपरा का संगम सजेगा। काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का नमो घाट पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उद्घाटन करेंगे। 12 दिसंबर तक चलने वाले आयोजन में तमिलनाडु से सात समूहों में 1750 प्रतिनिधि आएंगे। वहीं, मुख्यमंत्री बीएचयू के भारत कला भवन में सीआईआई बनारस बिनाले-2026 का भी उद्घाटन करेंगे। इस बार संगमम की थीम तमिल के महान ग्रंथ तिरुक्कुरल की शिक्षाओं पर केंद्रित है।
विज्ञापन
बीएचयू में सात समूहों के लिए होंगे शैक्षणिक सत्र
बीएचयू और आईआईटी बीएचयू आयोजन के प्रमुख शैक्षणिक साझेदार हैं। तमिलनाडु से आने वाले सात समूहों के लिए 29 नवंबर से 11 दिसंबर तक बीएचयू परिसर के विभिन्न स्थलों पर विशेष शैक्षणिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। हर समूह में 250 सदस्य होंगे। इस तरह 1750 प्रतिनिधि संवाद, चर्चा और ज्ञान साझा करने की गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।
Trending Videos
1500 से अधिक विद्यार्थी बनेंगे स्वयंसेवक
संगमम को युवाओं और आमजन तक पहुंचाने के लिए बीएचयू परिसर में सांस्कृतिक गतिविधियां भी होंगी। इनमें संध्या भजन, नुक्कड़ नाटक, लोक एवं शास्त्रीय संगीत, रंगोली, पोस्टर डिजाइन, कला इंस्टॉलेशन, मेहंदी, फोटोग्राफी, कैलीग्राफी और डिजिटल आर्ट शामिल हैं। कार्यक्रमों के संचालन और अतिथियों की सहायता के लिए 1500 से अधिक छात्र स्वयंसेवकों का चयन किया गया है।
वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में पढ़ाएंगे 50 शिक्षक
तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए तमिलनाडु से हिंदी जानने वाले 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश आएंगे। ये वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के विद्यार्थियों को तमिल के इस प्राचीन ग्रंथ की शिक्षाओं से परिचित कराएंगे। बीएचयू के कला संकाय के भारतीय भाषा विभाग के डॉ. जगदीशन इसके संचालन में सहयोग करेंगे। संगमम के तहत देशभर के एक हजार शैक्षणिक संस्थानों के एक-एक विद्यार्थी अपनी-अपनी भाषा में तिरुक्कुरल का अध्ययन करेंगे और इसकी शिक्षाओं को अपने परिसर तक पहुंचाएंगे।
वाराणसी के बाद प्रयागराज और अयोध्या जाएंगे मेहमान
काशी-तमिल संगमम में शामिल होने वाले प्रतिनिधि वाराणसी के बाद प्रयागराज और अयोध्या भी जाएंगे। यात्रा कार्यक्रम में चार दिन आवागमन और चार दिन भ्रमण एवं निर्धारित गतिविधियों के लिए रखे गए हैं। संगमम के नोडल अधिकारी प्रो. अंचल श्रीवास्तव और समन्वयक डॉ. उमेश सिंह के अनुसार, आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक समझ प्रदर्शित करने का अवसर देगा।
बनारस बिनाले का भी होगा उद्घाटन
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बीएचयू के भारत कला भवन में सीआईआई बनारस बिनाले-2026 का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वह बीएचयू के राधाकृष्णन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस तरह काशी में एक ही दिन सांस्कृतिक विरासत, कला और साहित्य से जुड़े दो बड़े आयोजनों की शुरुआत होगी।