वाराणसी में सप्ताह भर से लॉकडाउन बाजार बंदी का असर है कि शहर के सब्जी मंडियों में सब्जियों का भाव गिर गया है। किसानों औने पौने दाम में सब्जियां बेचकर मंडी से निकल जा रहे हैं। नेनुआ, भिंडी, करेला व टमाटर की कीमत आधी हो गई है। वहीं गली, मोहल्ले व कालोनियों में ठेले पर सब्जी बिक्री करने वालों का मनमाना दाम है।
मंडी में करेला 20, भिंडी 10 रुपये किलो है तो ठेले पर महंगी मिल रही है। टमाटर मंडी में 8 से 10 रुपये का डेढ़ किलो है तो ठेले वाले 15 रुपये किलो में बिक्री कर रहे हैं। नेनुआ, शिमला मिर्च, परवल का दाम सप्ताह भर में आधा हो गया है। मंडी में नेनुआ 15 रुपये किलो है। सुंदरपुर सब्जी मंडी के विक्रेता आयुष ने बताया कि मंडी में सब्जी सस्ती हो गई है। फुटकर ग्राहक अब नहीं आ रहे हैं।
टमाटर दस रुपये किलो है। शिमला मिर्च 30 रुपये किलो, कोहड़ा 15 रुपये, कटहल 40 रुपये किलो, प्याज 20 से 25 रुपये किलो, आलू 12 से 14 रुपये किलो, कच्चा आम 20 से 25 रुपये किलो में बिक रहा है। लौकी 20, बैगन 30, परवल 20 रुपये किलो है। साकेत नगर के रहने वाले पीयूष मिश्र ने बताया कि मंडी में सब्जी सस्ती है लेकिन ठेले वाले मनमाना दाम ले रहे हैं।