चोलापुर थाने में गिरफ्त में आया आरोपी युवक
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के दानगंज क्षेत्र के एक सब्जी व्यवसायी को सोशल मीडिया पर 'दंबगई' दिखाना भारी पड़ गया। सब्जी व्यवसायी ने दोस्तों के संग तमंचे के साथ फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर डाला था। मामला चोलापुर थाने की पुलिस के संज्ञान में आया। जिसके बाद आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। युवक के कब्जे से अवैध असलहा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
युवक को आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया। चोलापुर थाना क्षेत्र के कपिसा गांव निवासी सब्जी व्यवसायी धर्मेंद्र राजभर ने साथियों के साथ मिलकर एक अवैध तमंचे के साथ तस्वीर खिंचवाई और सोशल मीडिया पर डाल दिया।
मामले की जानकारी होने पर चोलापुर पुलिस ने उक्त युवक को हिरात में लेकर पूछताछ की। जिसके बाद जांच में अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। गुरुवार को मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया। सब्जी व्यवसायी की गिरफ्तारी को लेकर दानगंज क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं रहीं।