वाराणसी। हाईकोर्ट के आदेश के बाद गंगा किनारे 200 मीटर दायरे में हो रहे अवैध निर्माणों पर वीडीए की टीम ने गुरुवार को फिर से धावा बोला और दो वार्डों में कार्रवाई करते हुए छह अवैध निर्माणों को ढहा दिया।
वीडीए वीसी के निर्देश पर संयुक्त सचिव परमानंद यादव 12 टीम के साथ दशाश्वमेध, भेलूपुर और नगवां वार्ड में अवैध निर्माणों को चेक कराए तो नगवां और भेलूपुर में तीन-तीन अवैध निर्माण होते दिखे। इन सभी निर्माणों को वीडीए की टीम ने ढहा दिया। नगवां वार्ड के गंगोत्री विहार कालोनी, मदरवां न्यू किसान नर्सरी और संत कबीर मठ के पास निर्माणाधीन मकानों को तोड़ा गया। वहीं भेलूपुर वार्ड में अस्सी घाट के सती बाड़ा, भदैनी व शिवाला में अवैध निर्माण होता दिखा जिसे वीडीए की टीम ने ध्वस्त करा दिया। सुबह नौ बजे से शाम तीन बजे तक गंगा किनारे चले इस अभियान से हड़कम्प मचा रहा। अभियान के दौरान जोनल अधिकारी वीपी मिश्रा, चंद्रभानू, अवर अभियंता रामबली मिश्रा, चंद्रभानू दीक्षित, रामचंद्र, हीरालाल गुप्ता, धन्नीराम, प्रमोद तिवारी, सुरेंद्र सिंह यादव व परमानंद यादव मौजूद रहे।