वाराणसी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर में तैनात स्वास्थ्य कर्मी की दो बेटियों समेत छह लोगों में बृहस्पतिवार को कोरोना की पुष्टि हुई है। इसमें तीन प्रवासी और एक फल विक्रेता की पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके अलावा 17 लोगों को डिस्चार्ज भी किया गया है।
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर में तैनात सफाई कर्मी की 19 और 14 वर्षीय दो बेटियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा बृहस्पतिवार को जिन चार लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है, उसमें सूरत से ट्रेन से वाराणसी आए 30 वर्षीय युवक संक्रमित हुआ है। यह पूर्व में छीतमपुर हॉट स्पॉट से संक्रमित मरीज का बेटा है। इसके अलावा मुंबई से ट्रेन से आए बड़ागांव के अमिलो निवासी 20 वर्षीय युवक और दिल्ली से निजी कार से आए चौबेपुर के अईली गांव के 23 वर्षीय युवक के साथ ही आदमपुर के कोनिया में फल विक्रेता की 28 वर्षीय पत्नी में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। सीएमओ ने बताया कि सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। इसके अलावा आइसोलेशन वार्ड में भर्ती 17 मरीजों (ईएसआई में 8, दीनदयाल में 5 और आयुर्वेद कालेज के 4) की लगातार दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज भी किया गया है। बताया कि जिले में अब तक कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 252 पहुंच गया है। इसके अलावा बृहस्पतिवार को दो नए हॉट स्पॉट बने हैं, जिसके बाद हॉट स्पॉट की संख्या भी 127 हो गई है।