वाराणसी। मानमहल से शीतला घाट तक के क्षेत्र की रिमाडलिंग होगी। छोटे-छोटे दुकानदारों को एक भवन में शिफ्ट किया जाएगा। साथ ही चितरंजन पार्क के दायरे को और बढ़ाया जाएगा। यह निर्णय वीडीए बोर्ड की 118वीं बैठक में लिया गया।
गुरुवार को कमिश्नरी में कमिश्नर दीपक अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में कुल 18 प्रस्ताव रखे गए। इन प्रस्तावों में पद्यमश्री गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में हॉट निर्माण, डेडिकेटेड ई-रिक्शा कॉरिडोर के लिए दो स्थानों पर रैंप निर्माण, दशाश्वमेध घाट पर प्लाजा निर्माण और कमिश्नरी कंपाउंड में 12 मंडलीय कार्यालयों का निर्माण के प्रस्ताव प्रमुख रहे, जिन पर कुल 216 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
पद्यमश्री गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में हॉट निर्माण पर 18 करोड़, डेडिकेटेड ई-रिक्शा कॉरिडोर के लिए दो स्थानों पर रैंप निर्माण पर एक करोड़, दशाश्वमेध घाट पर प्लाजा निर्माण पर 22 करोड़ और कमिश्नरी कंपाउंड में 12 मंडलीय कार्यालयों का निर्माण पर कुल 175 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वीडीए वीसी राहुल पांडेय ने बताया कि इन चारों प्रस्तावों पर कमिश्नर ने सहमति जताई है। सभी का कार्यवृत्त बनाकर उसे प्राथमिकता पर तेजी से पूरा कराने का निर्देश दिया गया है। जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा कॉरिडोर के लिए शास्त्रीघाट पुल व पुराना पुल के पास करीब 80 मीटर के दो रैंप बनेंगे, ताकि दस मीटर ऊंचे कॉरिडोर में लोगों के साथ ही ई-रिक्शा को आसानी से उतारा जा सके।
वीडीए वीसी राहुल पांडेय ने गुरुवार को लालपुर आवासीय योजना फेज-टू के पांच व डीआईजी कालोनी के तीन पार्कों का निरीक्षण किया। डीआईजी कालोनी के प्रशांतपुरी कालोनी, इंद्रानगर में हाल ही में सिविल कार्य हुए हैं। वहीं लोगों को टहलने के लिए ट्रैक बनाने के साथ ही वाल पेंटिंग, बच्चों को खेलने के लिए झूले आदि लगाए गए हैं। कुछ पार्कों में कमियां मिली जिस पर उपाध्यक्ष ने नाराजगी जताई। तत्काल पार्कों की साफ-सफाई के साथ ही टूटी दीवारों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। वीसी ने बताया कि गांधी जयंती दो अक्टूबर तक सेवा सफाई सप्ताह के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है, इसके तहत सभी पार्कों को चमकाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान प्रभारी अधिकारी उद्यान देवचंद्र राम, रामधनी समेत अन्य वीडीए मौजूद रहे।