वाराणसी। गंगा का जलस्तर गुरुवार को भी बढ़ता रहा और यह 71.52 मीटर पर पहुंच गया। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, यह खतरे के निशान 71.26 मीटर से 26 सेमी ज्यादा है। इससे शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। दर्जनों गांव भी प्रभावित हुए हैं। बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
उत्तराखंड और मध्य प्रदेश की नदियों से पानी आने के कारण काशी में गंगा का जलस्तर दो घंटे में एक सेंटीमीटर बढ़ रहा है। बाढ़ से पांच हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। शहर में भी तीन दर्जन से अधिक कालोनियों में पानी प्रवेश कर गया है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, गंगा का जलस्तर एक-दो दिन और बढ़ने की आशंका है।