नगर निगम ने रोडवेज, रेलवे और एयरपोर्ट प्रशासन से यात्री कर वसूलने का खाका तैयार किया है। इसका प्रस्ताव भी बनाकर शासन को भेजा है। नगर निगम प्रशासन के मुताबिक, परिवहन से जुड़े विभाग पहले से कर वसूलते हैं, लेकिन इसका भुगतान नहीं करते हैं। नगर निगम के मुताबिक वाराणसी में रोजाना 2.5 लाख से तीन लाख यात्री, पर्यटक व श्रद्धालु आते हैं। सब निगम की सुविधाओं का इस्तेमाल करते हैं। इस वजह से यात्री कर वसूलने का खाका तैयार किया। यह व्यवस्था प्रभावी हुई तो निगम की रोजाना की आय 1.25 लाख से 1.50 लाख रुपये बढ़ जाएगी। महीने में यह आय 37.5 लाख से 45 लाख रुपये तक होगी। प्रति व्यक्ति के हिसाब से 50 पैसे यात्री कर वसूलने की तैयारी है।
क्या कहते हैं अधिकारी
यात्री कर वसूलने के लिए शासन स्तर से पत्राचार किया गया है। मंजूरी मिल गई तो होने वाली आय से यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। -राकेश कुमार सोनकर, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी