सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही राज्य स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। खिताबी मुकाबले में वाराणसी मंडल ने आगरा मंडल को 37-36 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। विजेता वाराणसी मंडल की टीम को पांच हजार रुपये और उप विजेता आगरा मंडल की टीम को तीन हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।
खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ एवं उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन के समन्वय से 11 से 14 सितंबर तक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के 15 मंडलों की टीमों ने हिस्सा लिया। इससे पहले सेमीफाइनल में वाराणसी की टीम ने लखनऊ मंडल को 42-37 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में आगरा मंडल का मुकाबला मिर्जापुर मंडल से हुआ। आगरा ने 52-34 के बड़े अंतर से मिर्जापुर को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। प्रतियोगिता में अलीगढ़, कानपुर, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, चित्रकूटधाम, बस्ती, अयोध्या, वाराणसी, मिर्जापुर, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, आगरा और आजमगढ़ मंडल की टीमों ने प्रतिभाग किया।
क्रीड़ाधिकारी सिराजुद्दीन ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट किया। उप क्रीड़ाधिकारी जयप्रकाश यादव ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। निर्णायक मंडल में नूरुद्दीन, दीपक गोंड, दिलीप निषाद और उमेश साहू रहे। इस अवसर पर जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष विशाल यादव, सचिव नवल कुमार, जिला जिम्नास्टिक्स संघ के सचिव लक्ष्मण प्रसाद, जिला हैंडबाल संघ के सचिव केएम श्रीवास्तव, भोला त्रिपाठी, धीरेंद्र शर्मा, जईम, राजन यादव, चिकित्सक डॉ. शारिक, भूपेंद्र वीर सिंह आदि उपस्थित रहे।