सत्तर-अस्सी के दशक के बाद पहली बार के अंतरराष्ट्रीय सुब्रतो कप में कल से नई दिल्ली में काशी की फुटबाॅल टेक्निक दिखेगी। 65वें सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश की टीम काशी के विकास इंटर काॅलेज की ही होगी। वहीं, 1977 और 1989 में काशी के आदर्श सेवा विद्यालय की टीम ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर खिताब जीता था। इस टीम के सामने उस विरासत को बनाए रखने की चुनाैती भी होगी। यूपी की टीम बुधवार को मेघालय की टीम से भिड़ेगी।
इस प्रतियोगिता में काशी के ही ग्रुप में दिल्ली, अंडमान एवं निकोबार और सीबीएसई की टीमें शामिल हैं। यानी पहले चरण में इन टीमों से कोई मैच नहीं होगा। अंडर-17 बालक वर्ग में उत्तर प्रदेश की टीम बुधवार को यानी कि कल अपने अभियान का आगाज करेगी। नई दिल्ली के सुब्रतो पार्क फुटबॉल ग्राउंड पर होने वाले मुकाबले में उत्तर प्रदेश का सामना मेघालय से होगा।
ग्रुप-ए में चार मुकाबले
इस बार सुब्रतो कप में देश-विदेश की 40 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टीमों को आठ ग्रुप में बांटा गया है। उत्तर प्रदेश को ग्रुप-ए में रखा गया है। इस ग्रुप में दिल्ली, अंडमान एवं निकोबार और सीबीएसई की टीमें भी शामिल हैं। ग्रुप चरण में हर एक टीम को चार मुकाबले खेलने होंगे। अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली टीम क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करेगी।
- तैयारी पूरी, जीत से शुरुआत का लक्ष्य
उत्तर प्रदेश की टीम टूर्नामेंट के लिए पूरी तैयारी के साथ दिल्ली पहुंची है। टीम प्रबंधन को खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। विकास एजुकेशनल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. एके सिंह ने कहा कि टीम ने प्रतियोगिता के लिए अच्छी तैयारी की है और खिलाड़ी पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेंगे। उनका लक्ष्य टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करना है। अब सबकी निगाहें सुब्रतो पार्क के मैदान पर होंगी, जहां वाराणसी के युवा फुटबॉलर 37 साल बाद शहर की फुटबॉल विरासत को आगे बढ़ाने के इरादे से मेघालय के खिलाफ पहला कदम बढ़ाएंगे।