चौबेपुर थाना क्षेत्र के चंद्रावती-मोलनापुर के पास बृहस्पतिवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार कई बार पलट गई। हादसे में कार सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति को मामूली चोटें आईं। महिला दुबई से लौटे अपने पति को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर से लेकर घर लौट रही थीं। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका की पहचान पन्ना देवी (43) निवासी तिरछी, दुल्लहपुर, जिला गाजीपुर के रूप में हुई है। उनके पति रामजग चौहान दुबई से लौटे थे। उन्हें लेने के लिए पन्ना देवी बाबतपुर एयरपोर्ट गई थीं। देर रात दोनों कार चालक अमिताभ चौहान के साथ कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान चंद्रावती-मोलनापुर के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।