Varanasi Weather: वाराणसी में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री ऊपर रहा। उधर, मौसम विभाग ने अगले पांच दिन काशी में लू, तेज हवा, बारिश, बिजली और बादल का अलर्ट जारी किया है।
काशी एक बार फिर से तीखी धूप और तपिश की चपेट में है। सोमवार को यूपी के 43 मौसम केंद्रों और गर्म स्थानों से भी ज्यादा तपी। ये जून के साथ ही प्रदेश का भी सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री ज्यादा 43.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्म हवा भी 22 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से बही।
विज्ञापन
हवा में नमी 32 से 57 फीसदी तक रही। फिलहाल इस गर्मी से राहत मिलना दूर है। मानसून पूर्वोत्तर तक पहुंच गया, लेकिन अभी भी काशी तक आने में 15 दिन तक लग सकते हैं।
अगले पांच दिनों तक काशी में लू, तेज हवा, बारिश, बिजली और बादल हर तरह की मौसमी स्थितियों की चेतावनी जारी कर दी गई है। 9 और 10 जून को लू, 12 जून को तेज हवा बिजली चमकने के साथ बारिश, वहीं 13 जून को बादल, बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट है।
विज्ञापन
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पूर्वी यूपी के ऊपर चक्रवाती हवा जैसी स्थिति बनी हुई है। वहीं 11 जून से नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालय तक पहुंच सकता है। जबकि काशी का तापमान अगले एक से दो दिन में 2-3 डिग्री तक ऊपर जा सकता है।