कुपोषण, आंखों की बीमारियों सहित रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने के उद्देश्य से जिले में 9 महीने से 5 साल तक के बच्चों को विशेष अभियान चलाकर विटामिन ए की खुराक दी जाएगी। इसके लिए शहरी और ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से टीम घर-घर जाकर खुराक देगी। इसमें जिन बच्चों को मिजिल्स रूबेला (एमआर) का टीका नहीं लगा होगा, उन्हें एमआर का टीका लगाने के बाद खुराक दी जाएगी। इसके लिए 10 जून से विशेष अभियान चलाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बच्चों को बीमारियों से बचाने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने के लिए समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। इस बार 10 से 30 जून तक विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसएस कन्नौजिया का कहना है कि अलग-अलग आयोजनों के माध्यम से बच्चों का टीकाकरण किया जाता है। 10 जून से चलने वाले अभियान में 9 माह से पांच साल तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। इसमें 9 से 12 माह और 16 से 24 महीने तक एमआर के टीके साथ विटामिन ए की खुराक दी जाती है। अगर किसी बच्चे को विटामिन ए की खुराक शुरू से नहीं मिली है तो उसको भी एमआर का टीका लगाने के बाद ही विटामिन ए की खुराक लगेगी। कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ही आशा, एएनएम और अन्य कर्मचारियों के माध्यम से विटामिन ए की खुराक लेने वाले बच्चों की सूची तैयार करवाई जा रही है।