मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीते तीन दिनों में वाराणसी में 150 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। इसके साथ ही जिले में इस मानसून सीजन की सामान्य बारिश का लगभग 70 प्रतिशत कोटा पूरा हो चुका है। अच्छी बारिश से किसानों को राहत मिली है, वहीं कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी देखने को मिली।
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में मानसून की ट्रफ लाइन वाराणसी के ऊपर से गुजर रही है। इसी कारण अगले 48 घंटों तक जिले में रुक-रुककर अच्छी बारिश होने की संभावना है। उन्होंने लोगों से मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह भी दी है।