कोहरे के कारण बुधवार को स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस सर्वाधिक 15 घंटे, शिवगंगा एक्सप्रेस 14 घंटे रही। वहीं, चौरीचौरा एक्सप्रेस 13.20 घंटे, पूर्वा एक्सप्रेस 13 घंटे तक लेट रहीं। नई दिल्ली से कैंट आने वाली 22435 वंदेभारत भी 6 घंटे लेट रात आठ बजे पहुंची। इसे रीशेड्यूल कर रात लगभग नौ बजे चलाया गया। इन ट्रेनों के अलावा नई दिल्ली-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस 9 घंटे, मालदा टाउन-बठिंडा फरक्का एक्सप्रेस 7 घंटे व एलटीटी-जयनगर पवन एक्सप्रेस 6.15 घंटे लेट रही। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
परेड समारोह खत्म होने पर तिलक ब्रिज से गुजरेगी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस
गणतंत्र दिवस परेड समारोह के दौरान शुक्रवार को नई दिल्ली के तिलक ब्रिज पर रेल यातायात डेढ़ घंटे के लिए बाधित रहेगा। अस्थायी रूप से निलंबित होगा। इस दौरान ट्रेनें डायवर्ट, शार्ट टर्मिनेट और रोक कर चलाई जाएंगी। इसमें 15128 नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को जरूरत पड़ने पर परेड समाप्त होने तक नई दिल्ली में रोका जाएगा। सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक अस्थाई रूप से यातायात निलंबित रहेगा।
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार की सुबह दृश्यता कम होने के कारण दोपहर बाद विमान उतर सके। एयरपोर्ट परिक्षेत्र में हवा में चक्कर काटने के बाद तीन विमान लखनऊ एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट हो गए। वहीं, छह उड़ानें रद्द हो गईं।
हवा में चक्कर लगाने के बाद तीन विमान लखनऊ डायवर्ट
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार अकासा बंगलूरू का विमान 3 घंटे 30 मिनट की देर से दोपहर 12.40 बजे एयरपोर्ट परिक्षेत्र में पहुंचा और छह चक्कर लगाने के बाद लखनऊ एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस बंगलूरू का विमान आईएक्स और मुंबई से पहुंचा एयर इंडिया का विमान एआई 695 भी हवा में चक्कर लगाने के बाद लखनऊ डायवर्ट हो गया। हालांकि मौसम ठीक होने के बाद शाम 4 बजे के बाद तीनों विमान वाराणसी पहुंचे और 6-7 घंटे की देरी से अपने गंतव्य को रवाना हुए।
इंडिगो दिल्ली का विमान छह घंटे, एयर इंडिया दिल्ली का विमान चार घंटे, एयर इंडिया एक्सप्रेस बंगलूरू का विमान साढ़े पांच घंटे, इंडिगो कोलकाता का विमान साढ़े तीन घंटे, इंडिगो हैदराबाद का विमान दो घंटे, एयर इंडिया मुंबई का विमान छह घंटे, इंडिगो दिल्ली का विमान डेढ़ घंटे की देरी और स्पाइस जेट जयपुर का विमान तीन घंटे, एयर इंडिया एक्सप्रेस बंगलूरू का विमान दो घंटे की देरी से पहुंचा। इसके अलावा इंडिगो के पांच और स्पाइस जेट की एक उड़ान निरस्त कर दी गई। इंडिगो की लखनऊ, बंगलूरू, दिल्ली, हैदराबाद, भुनेश्वर और स्पाइस जेट की दिल्ली की उड़ान निरस्त रही।