काशी में अचानक बने लो प्रेशर और मानसून ट्रफ रेखा ने काशी में जोरदार 160 मिलीमीटर बारिश कराई। अगस्त के इतिहास में एक दिन में इतनी बारिश तीसरी बार देखी गई। इससे पहले 12 अगस्त 1987 को 165 मिमी और पिछले साल 23 अगस्त को 161.8 मिमी बरसात हुई थी। वहीं, इस साल की भी सबसे ज्यादा बारिश रही। मंगलवार को जिले में सबसे ज्यादा 160 मिलीमीटर बारिश राजातालाब में रिकॉर्ड हुई।
वहीं, पूरे जिले में औसतन 150 मिलीमीटर और बीएचयू में 145 मिलीमीटर पानी बरसा। ये सिर्फ 12 घंटे का ही डेटा है। सोमवार की रात से मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 123 मिलीमीटर तो उसके बाद दिन में उत्तरी बनारस में 42.5 मिमी बारिश हुई।
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बारिश का ये दौर बुधवार और बृहस्पतिवार तक जारी रह सकता है। दरअसल मानसून की ट्रफ लाइन बनारस के ऊपर से ही होकर गुजर रही है और झारखंड व आसपास के इलाकों में ही लो प्रेशर की स्थिति बनी हुई है। मानसून ट्रफ लाइन कम वायुदाब की एक लंबी और काल्पनिक रेखा है जो भारत में मानसूनी बारिश का मुख्य मार्ग तय करती है।