वाराणसी। करखियांव के फूड एग्रो पार्क में सितंबर तक दो ईकाइयां चालू हो जाएंगी। कोरोना के चलते बेरोजगार हुए लोगों को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2018 फरवरी में इन्वेस्टर्स समिट के जरिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए एमओयू किया था। उसका परिणाम अब देखने को मिलने लगा है।
करखियांव एग्रो पार्क के लिए 14 एमओयू हुए थे, जिनमें से चार इकाइयां क्रियाशील हैं। दो इकाइयां सितंबर तक चालू होंगी। इनमें एक फायर स्टेशन है और दूसरा बॉटलिंग प्लांट है। उपायुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार ने बताया कि करखियांव में दो उद्योग शुरू कराने के लिए काम चल रहा है। इन्वेस्टर्स समिट के बाद बेरोजगार नौजवानों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। इन दोनों इकाइयों के चालू होने के बाद भी लोगों को रोजगार मिलेंगे। उद्यमियों के अनुसार समिट का परिणाम उत्साहजनक है। इससे युवा वर्ग को लाभ मिल रहा है। कोरोना के चलते घर लौटे प्रवासियों को भी इसका भरपूर लाभ मिलेगा। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष राजेश भाटिया ने बताया कि इन्वेस्टर सम्मिट के बाद काफी तेजी से काम हुआ है।