वाराणसी। चांदपुर औद्योगिक आस्थान को माडल इंडस्ट्रियल इस्टेट के रूप में विकसित किया जाएगा। नाली, सड़क, सीवर सहित मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित औद्योगिक आस्थान में उद्यमियों को उच्चस्तरीय सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
वॉल पेंटिंग, आकर्षक स्ट्रीट लाइट, पेड़ पौधे और पार्क में फाउंटेन लगाकर आस्थान का सुंदरीकरण किया जाएगा। इसके लिए उद्योग विभाग काम कर रहा है। शुक्रवार को जिला उद्योग बंधु की हुई वर्चुअल बैठक में अधिकारियों ने उद्यमियों को इसकी जानकारी दी। वहीं आस्थान में अतिक्रमण करने वालों को भी चेतावनी दी गई।
निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदनों को 28 फरवरी तक पूरा करने का जिलाधिकारी ने निर्देश दिया। जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने कहा कि दस करोड़ की लागत से चांदपुर औद्योगिक आस्थान का सुंदरीकरण किया जा रहा है। इसके बाद अन्य और सुविधाओं की बढ़ोतरी की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर काम करने को निर्देशित किया। बैठक में प्रदूषण, बिजली, कृषि, जिला पंचायत सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपनी योजनाओं से उद्यमियों को अवगत कराया। बैठक में उपायुक्त वीरेंद्र कुमार, राजेश भाटिया, नीरज पारीख, विपिन अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल, राजेश कुमार सिंह आदि रहे।