वाराणसी। जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालय बच्चों के लिए खुल चुके है, वहीं प्राथमिक विद्यालय एक मार्च से खुल जाएंगे। विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ भौतिक परिवेश मिल सके। इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बृहस्पतिवार को पिंडरा ब्लॉक के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया।
खामियां मिलने पर बीएसए ने एक प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया, वहीं कई शिक्षकों को चेतावनी पत्र जारी किया है। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय बर्बिछा में गंदगी फैली हुई थी। इसके लिए शिक्षकों व शिक्षामित्रों को चेतावनी दी गई।
प्राथमिक विद्यालय बिंदाखास में गंदगी के साथ कायाकल्प के कार्य नहीं कराए गए है। विद्यालय की एमडीएम व छात्र पंजिका पूर्ण नहीं है। बच्चों को कोविड-19 के दौरान मिलने वाली कन्वर्जन कास्ट व खाद्यान्न का वितरण भी नहीं किया गया है। खामियों के चलते प्रभारी प्रधानाध्यापक जालिम सिंह करवल को निलंबित कर दिया। प्राथमिक विद्यालय थानारामपुर प्रथम में कार्यरत मायाशंकर द्वारा निर्देश के बाद भी ऑनलाइन अवकाश नहीं लेने के कारण चेतावनी दी गई।
कंपोजिट विद्यालय हिबरनपुर में प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा ऑपरेेशन कायाकल्प आदि का कार्य नहीं कराया गया है। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय सिंधोरा के निरीक्षण के दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक सहित सहायक अध्यापक अनुपस्थित पाए गए। इसके साथ ही प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा कई दिनों से फर्जी हस्ताक्षर बनाया जा रहा था। वहीं निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कई खामियां मिली है, जिसको देखते हुए प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक को निलंबित कर बीआरसी से संबंद्ध कर दिया गया। प्रकरण की जांच के लिए बीईओ सेवापुरी डीपी सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है।