साल 2023 में हैंडबॉल में यहां की बालिकाओं ने प्रदेश में अपना नाम कमाया। जौनपुर में आयोजित प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की टीम अयोध्या मंडल को पराजित कर प्रदेश में चैंपियन बनी, इसमें परमानंदपुर की बेटियों का अहम स्थान रहा। इसी साल हरियाणा में आयोजित खेलो इंडिया में यहां की दो बालिकाओं का चयन उत्तर प्रदेश की टीम में हुआ। इसी प्रकार फरवरी 2024 में लखनऊ में आयोजित प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल ने लखनऊ को मात देकर सब जूनियर वर्ग में खिताब जीता। मार्च 2024 में मुरादाबाद में गोरखपुर को पराजित कर खिताब जीता। दोनों में परमानंदपुर की बेटियों की धमक बरकरार रही।
- पहले खेलने पर डांट सुननी पड़ती थी। अब पदक जीतने के बाद पापा भी खेल पर ध्यान देने के लिए कहते हैं। कोच अच्छा सिखा रहे हैं। -नैना यादव, हैंडबॉल खिलाड़ी।
- मेरे परिवार से पहले खेल के क्षेत्र में कोई नहीं था। घर वालों ने सपोर्ट किया तो अब उपलब्धि मिली। आगे भी बेहतर करूंगी। -सुमन यादव, हैंडबाॅल खिलाड़ी।
- हैंडबॉल में बेहतर प्रदर्शन के लिए मुझे प्रदेश सरकार ने एकलव्य पुरस्कार दिया है। इसमें 90 हजार रुपये और प्रमाणपत्र शामिल है। आगे भारतीय टीम में शामिल होने का प्रयास करूंगी। -रेशमा यादव, हैंडबॉल खिलाड़ी।
- शुरू में काफी मेहनत करनी पड़ी। टीम से तालमेल बनने के बाद कई कामयाबियां मिलीं। आगे भारतीय टीम का हिस्सा बनने की कोशिश करूंगी। -प्रीति, हैंडबॉल खिलाड़ी।
अधिकारी बोले
परमानंदपुर गांव की बालिकाओं में बेहतर करने की ललक है। कई सफलता हासिल कर चुकी हैं। आगे भी बेहतर करेंगी। उन्हें जरूरत की सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।
-डॉ एके सिंह, उपाध्यक्ष, यूपी हैंडबॉल संघ