वाराणसी में लोलार्क कुंड स्नान को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया गया है। आज दोपहर 12 बजे से कल रात 12 बजे तक व्यवस्था लागू रहेगी। वहीं श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए शहर में 12 पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।
सूर्य षष्ठी पर लोलार्क कुंड में स्नान के लिए श्रद्धालुओं का रेला उमड़ेगा। भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए यातायात पुलिस ने कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया है।
विज्ञापन
रूट डायवर्जन प्लान के तहत बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहे से अस्सी चौराहा, पद्मश्री चौराहे से अस्सी, शिवाला से अस्सी और ब्रॉडवे तिराहे से सोनारपुरा तक नो-व्हीकल जोन रहेगा। सोनारपुरा से अस्सी चौराहा और नगवां से रविदास घाट की ओर भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, शव वाहन और बीमार एवं दिव्यांग लोगों को ले जाने वाले वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी।
एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि यह व्यवस्था 16 सितंबर की दोपहर 12 बजे से 17 सितंबर की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। यातायात पुलिस ने बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने और डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
विज्ञापन
लोलार्क कुंड जाने वाले इन रास्तों पर रूट डायवर्जन
बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहे से अस्सी जाने वाले वाहन पद्मश्री चौराहा और रविदास गेट की ओर भेजे जाएंगे।
नगवां चौराहे से रविदास पार्क और अस्सी घाट की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें ट्रॉमा सेंटर और रविदास गेट की ओर भेजा जाएगा।
पद्मश्री चौराहे से अस्सी की ओर जाने वाला यातायात ब्रॉडवे होटल और दुर्गाकुंड की ओर डायवर्ट होगा।
शिवाला मोड़ से अस्सी जाने वाले वाहन ब्रॉडवे तिराहा और पद्मश्री चौराहा की ओर जाएंगे।
ब्रॉडवे होटल तिराहे से सोनारपुरा की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यहां से यातायात को रवींद्रपुरी कॉलोनी रोड और विजया तिराहा की ओर मोड़ा जाएगा।
सोनारपुरा तिराहा से अस्सी चौराहा की तरफ वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। वाहन गोदौलिया या भेलूपुर चौराहा की ओर डायवर्ट किए जाएंगे।
मैदागिन की ओर से आने वाले वाहन : टाउन हॉल मैदागिन, हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के सामने खाली मैदान और नेशनल इंटर कॉलेज, पीलीकोठी।
बेनिया की ओर से आने वाले वाहन : राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज का मैदान, बेनिया पार्किंग, सनातन धर्म इंटर कॉलेज में दोपहिया वाहनों की पार्किंग और गोदौलिया पार्किंग।
लक्सा की ओर से आने वाले वाहन : मजदा पार्किंग और गोदौलिया पार्किंग।
भेलूपुर और बीएचयू की ओर से आने वाले वाहन : भेलूपुर थाने के पास सिनेमा हॉल का मैदान दोपहिया वाहनों के लिए तथा बाबा कीनाराम आश्रम से आचार्य रामचंद्र शुक्ल चौराहा, रवींद्रपुरी तक सड़क के दोनों ओर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।