Varanasi News: वाराणसी में वीवीआईपी मूवमेंट से पहले हो रही तैयारियों के बीच ट्रैफिक जाम से लोग बेहाल रहे। मंडुवाडीह से ककरमत्ता तक चल रहे निर्माण कार्य के कारण देर रात एक बजे भी भीषण जाम रहा।
वीवीआईपी मूवमेंट से पहले शहर के विभिन्न स्थानों पर डिवाइडर के रंगरोगन और पितृ पक्ष में बाहरी गाड़ियों के दबाव के चलते सोमवार की सुबह 10 बजे से लेकर देर शाम तक कई इलाकों में 3 घंटे जाम लगा रहा। वहीं, मंडुवाडीह से ककरमत्ता तक चल रहे निर्माण कार्य के कारण देर रात एक बजे भी भीषण जाम रहा।
विज्ञापन
उधर, रामनगर-नगवा मार्ग शाम 5 से रात 8 बजे तक जाम में रहा। 20 मिनट की दूरी तय करने में लोगों को एक घंटे लग गए। तीन एंबुलेंस भी जाम में फंसी रहीं। बनारस स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार से ककरमत्ता पुल मार्ग और सुंदरपुर नेवादा-भिखारीपुर तिराहे मार्ग तक गाड़ियों की रफ्तार थम गई। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक वाहन रेंगते रहे।
लंका, चितईपुर, अर्दली बाजार, भोजूबीर, पहड़िया और मैदागिन में जाम से लोग हांफते रहे। ई-रिक्शा, ऑटो और बाइक की वजह से सामनेघाट की गलियां दिन भर चोक रहीं। पितृ पक्ष शुरू होने के कारण बाहरी गाड़ियों का दबाव शहर में शुरू हो गया। 50 हजार बाहरी लोगों की आवाजाही हुई है। सुबह मंडुवाडीह में एफसीआई रेलवे क्रॉसिंग से मालगाड़ी गुजरने के दौरान 15 से 20 मिनट तक रास्ता ब्लॉक रहा।