फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी की टॉप खबरें: सलमान अली ने सुरों से सजाई लोहड़ी की शाम, घर से गुरुद्वारे तक छाया उल्लास

Tue, 14 Jan 2025 12:25 AM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi Top News Today : वाराणसी में पिछले 24 घंटे में कई खबरें सुर्खियों में बनी रहीं। इनमें से क्राइम समेत कई खबरें चर्चा में रहीं। संक्षिप्त में पढ़ें- दिनभर की प्रमुख खबरें...
विज्ञापन
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सलमान अली ने सुरों से सजाई लोहड़ी की शाम

विज्ञापन

लोहड़ी पर गुरुबाग स्थित श्रीनगर कॉलोनी में जब बॉलीवुड के स्टार गायक सलमान अली के सुरों का जादू चला तो हर कोई मुरीद हो गया। देर रात तक लोग झूमते और थिरकते रहे। भांगड़े और गिद्दे पर जमकर झूमे।

श्रीनगर क्षेत्र विकास समिति की ओर से नववर्ष और लोहड़ी उत्सव में मुंबई से आए इंडियन आइडल-10 के विजेता और अपनी सूफी आवाज के लिए प्रख्यात सलमान अली ने जैसे ही मंच संभाला, श्रोताओं ने हर हर महादेव... के उदघोष से उनका स्वागत किया। उन्होंने गणेश वंदना के बाद एक से बढ़कर एक गीतों से लोहड़ी की शाम सजाई। उन्होंने तुम्हें दिल्लगी भूल जानी पड़ेगी..., गुलाबी आंखें..., ओ री पिया... आदि गीत सुनाए। फिर सूफी गीत- दमादम मस्त कलंदर... सुनाया तो समूचा पार्क मस्ती में झूमने लगा। दबंग 3 में खुद का गाया गीत आवारा... सुनाकर मस्त कर दिया। इसके अलावा माईं तेरी चुनर लहराई..., मैं जहां रहूं..., आजा आजा मैं हूं प्यार तेरा... आदि गीतों से लोहड़ी उत्सव में चार चांद लगा दिया।
विज्ञापन


इसके पहले गायिका स्मिता बरनवाल की प्रस्तुति हुई। उन्होंने नहीं लगदा दिल मेरा ढोलना..., आज की रात... आदि गीत सुनाए। समिति के अध्यक्ष अमित सेवारामनी, मंत्री योगेश रूपानी, कोषाध्यक्ष आनंद खंडेलवाल ने सलमान अली सहित अन्य कलाकारों का स्वागत किया। संयोजन विजय मोदी और रविशंकर का रहा। इस मौके पर रोहित केजरीवाल, मनीष कपूर, डॉ. गौरव गुप्ता, मोतीलाल खट्टर, श्याम खेमानी आदि रहे।

धर्म की सीमा से परे है कला : सलमान अली
गायक सलमान अली ने कहा कि काशी आने पर चार्ज हो जाता हूं। यहां आने पर पवित्रता का एहसास होता है। काशी वाले बेमिसाल हैं, उनकी ऊर्जा देख मन खुदब-खुद ऊर्जा से भर जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि कलाकार धर्म मजहब की सीमा से परे होता है। हम सिर्फ प्यार देना और लेना जानते हैं।
 
घर से गुरुद्वारे तक छाया लोहड़ी का उल्लास
पौष पूर्णिमा पर सोमवार को लोहड़ी का उल्लास खत्री और पंजाबी परिवारों में छाया रहा। घर से लेकर गुरुद्वारे तक लोहड़ी जलाई गई और आग में तिल, गुड़ और गेहूं की बालियां अर्पित कर परिक्रमा की। पंजाबी गीतों पर जमकर थिरके। जिन घरों में नवविवाहित जोड़ों की पहली लोहड़ी थी, उनके घर अलग ही उत्साह था।

लोहड़ी पर्व को लेकर खत्री व पंजाबी समाज के परिवारों में सुबह से ही उत्साह का माहौल था। शाम होते ही कॉलोनियों में जगह-जगह लोहड़ी सजाई गई और सामूहिक रूप से लोगों ने लोहड़ी मनाई। अग्निदेव की पूजा की। तिल, गुड़, रेवड़ी, खील, गेहूं की बालियां, मूंगफली और मक्का आदि को भोग स्वरूप चढ़ाया गया। दुल्ला गीत गाते हुए नृत्य के साथ परिक्रमा की। घर में सुख-समृद्धि और धन-धान्य की कामना की। उधर, गुरुद्वारा गुरुबाग के पास खालसा बालिका इंटर कॉलेज परिसर में और नीचीबाग गुरुद्वारे में भी लोहड़ी का पर्व उत्साह से मनाया गया। संगत ने गुरुग्रंथ साहिब पर मत्था टेका।





जान देने की नीयत से पुल से कूदा, ट्रक पर गिरने से बची जान
विश्व सुंदरी पुल से जान देने की नीयत से एक युवक ने सोमवार को छलांग लगाई। मगर, वह जमीन पर गिरने के बजाय नीचे से गुजर रहे एक ट्रक पर जा गिरा। सूचना पाकर पहुंची रामनगर थाने की पुलिस ने युवक का प्राथमिक उपचार कराया और सामने घाट स्थित अपना घर आश्रम में रखवाया। युवक की पहचान झारखंड के कोनवाय पलामू के रहने वाले अजय कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पुत्र को सूचना दी है। अजय ने पुलिस को बताया कि दिमाग सही से काम नहीं करने की वजह से वह पुल से कूदा था। तीन दिन पूर्व वह घर से निकला था। सोमवार की सुबह वह रामनगर थाने के टेंगरा मोड़ पहुंचा।  

बटुकों ने निकाली टीबी जन जागरूकता रैली
वेदपाठी बटुकों ने सोमवार को रविदास पार्क के पास जागरूकता रैली निकालकर लोगों को टीबी से बचाव के प्रति जागरूक किया। रामेश्वर मठ में संचालित स्वामीनारायणानंद तीर्थ वेद विद्यालय के संयोजन में यह रैली निकाली गई। टीबी की जांच करवाने के बाद नियमित दवा लेते रहने की सलाह दी। आईएमएस बीएचयू न्यूरोलॉजी विभाग के प्रो. विजयनाथ मिश्र ने कहा कि टीबी को छुपाए नहीं बल्कि रोग होने पर इसकी जानकारी परिवार को दें और चिकित्सक को दिखाएं। सही ढंग से इसका इलाज कराएं। केंद्र और राज्य सरकार ने इसके लिये निशुल्क इलाज की व्यवस्था है। इस दौरान जागृति फाउंडेशन के महासचिव रामयश मिश्र को टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में स्वामी लखन स्वरूप ब्रह्मचारी, रितेश आचार्य, वरुणेश चंद्र दीक्षित मौजूद रहे। 

गाय बांधने को लेकर मारपीट, पांच लोगों पर मुकदमा
पंचक्रोशी रोड, पांडेयपुर नई बस्ती में गाय की रस्सी बढ़ा कर रास्ते में बांधने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान एक युवक और उसकी मां-बहन को मारपीट कर घायल कर दिया गया। मामले को लेकर लालपुर पांडेयपुर थाने में एक परिवार के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

दिवाकर कुमार उर्फ मोनू ने पुलिस को बताया कि गत 12 जनवरी को पड़ोस के पारसनाथ की गाय बीच रास्ते में बांधी हुई थी। गाय की रस्सी काफी बढ़ाकर उसे बांधा गया था। इसका विरोध करते हुए उनसे कहा गया कि गाय की रस्सी को छोटा कर लीजिए या हटा लीजिए। इस पर गालीगलौज करते हुए पारसनाथ, शुभम, उर्मिला देवी, प्रतिभा देवी और उषा देवी उन्हें पीटने लगे। उन्हें पिटता देख बचाने आई उनकी मां और बहन को भी पीटा गया। 

निगम ने कई इलाकों से हटवाए अतिक्रमण
नगर निगम ने सोमवार को जिले के कई इलाकों से अतिक्रमण हटाए जाने की कार्रवाई की। कर्नल संदीप शर्मा की ओर से गोदौलिया, नई सड़क, बेनियाबाग, लक्सा, रथयात्रा आदि इलाकों से अतिक्रमण हटवाए। घाटों से भी अस्थायी दुकानों को हटवाया गया। साथ ही हिदायत दी गई कि किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें। अन्यथा सामान जब्त कर जुर्माना भी लगाया जाएगा।  

बीएचयू की शुभांगी ने पीएम के सामने दिया भाषण, तस्वीरें भी खिंचवाईं
बीएचयू की स्नातक की छात्रा शुभांगी क्षितिजा सौरव ने नई दिल्ली के विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने भाषण दिया। भारत मंडपम में शुभांगी ने पीएम के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। चर्चा और लंच के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने प्रतिभागियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। नरेंद्र मोदी ने शुभांगी समेत सभी युवाओं को विकसित भारत का अग्रदूत बताया। कहा कि उनके पास नवाचार, जुनून और राष्ट्र की प्रगति के प्रति गहरी प्रतिबद्धता है। हमने सामूहिक तौर पर आर्थिक विकास, प्रौद्योगिकी, स्थिरता, संस्कृति और सामाजिक कल्याण पर विचार साझा किए।
विज्ञापन

खिलाड़ियों के स्टैच्यू का चबूतरा जर्जर
हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर खिलाड़ियों के स्टैच्यू का चबूतरा जर्जर हो चुका है। यह गंजारी स्टेडियम से 10 किलोमीटर दूर है। क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक एक वर्ष पूर्व चौराहे पर स्टैच्यू का निर्माण कराया गया था। गत दिसंबर में गोरखपुर की ओर से तमिलनाडु जा रहा लोहे से लदा ट्रेलर टकरा जाने से चबूतरा क्षतिग्रस्त हो गया। अगर इसकी जल्द मरम्मत नहीं हुई तो यह स्टैच्यू गिर भी सकते हैं। 

प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए परीक्षकों की सूची जारी
माध्यमिक शिक्षा परिषद क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से सोमवार को 23 जनवरी से शुरू होने वाली इंटरमीडिएट के पहले चरण की प्रयोगात्मक परीक्षक की सूची 15 जिलों को जारी कर दी गई। बुधवार को नामावली सूची भी जारी की जाएगी। उप सचिव साहब सिंह यादव ने बताया कि विद्यार्थियों के नाम और रोल नंबर की सूची बुधवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से सभी 15 जिलों को भेजे जाएंगे। पहले चरण के तहत 23 से शुरू होने वाली इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा के परीक्षकों की सूची जिला विद्यालय निरीक्षक के कार्यालय में भेज दी गई है। जिसे प्रधानाचार्य जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। 

न्यायिक कार्य से विरत रहे अधिवक्ता
पौष पूर्णिमा के स्नान और शहर में लागू डायवर्जन प्लान को देखते हुए सोमवार को दीवानी कचहरी के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। इस संबंध में बनारस और सेंट्रल बार एसोसिएशन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसके बाद यह निर्णय लिया गया।  

पतंगबाजी में हर्ष अग्रवाल विजेता
रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी नॉर्थ के सदस्यों ने पतंगबाजी का आनंद लिया। इस अवसर पर सदस्यों के बीच हुई प्रतियोगिता में हर्ष अग्रवाल प्रथम और नंदकिशोर अग्रवाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। क्लब के अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने चीनी मांझा जलाकर सभी सदस्यों को इसका बहिष्कार करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर क्लब के पूर्व अध्यक्ष सुरेश खंडेलवाल व सीए सतीश जैन ने जरूरतमंद परिवार को सिलाई मशीन दी। इस दौरान आतिश अग्रवाल, नरेंद्र अग्रवाल, रुचि भार्गव, अरुणेश अग्रवाल, अरविंद जायसवाल उपस्थित रहे।  

यूएन के जियोडेटिक सेंटर में पहला भारतीय पार्टनर बना आईआईटी
ग्लोबल मैपिंग और सतत विकास के लक्ष्य को पूरा करने को लेकर आईआईटी बीएचयू को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त राष्ट्र ग्लोबल जियोडेटिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने आईआईटी बीएचयू को अपना रिसर्च पार्टनर घोषित किया है। सेंटर ने भारत में पहली बार किसी संस्थान से तकनीकी मदद के लिए करार किया है। अब आईआईटी बीएचयू का सिविल इंजीनियरिंग विभाग जियो और ग्लोबल मैपिंग के रिसर्च में यूएन को तकनीकी मदद देगा। समुद्री जल स्तर, पहाड़ों, ग्लेशियर, जंगलों, वीरान स्थलों और नदियों की मैपिंग का डेटा तैयार किया जाएगा। सैटेलाइट नैविगेशन, जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन और भौगोलिक नीतियां बनाने में आसानी होगी। आईआईटी बीएचयू की ओर से एक्स पर कहा गया है कि संस्थान अब जियो स्पेशियल विज्ञान के इनोवेशन में तेजी से काम करेगा। यानी कि किसी निश्चित भू भाग का वैज्ञानिक ढंग से अध्ययन कर डेटा तैयार किया जाएगा। गर्व है कि हम भारत के एकमात्र संस्थान हैं, जिसने ये प्रतिष्ठित समझौता किया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें