जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, सात जुआरी गिरफ्तार
लालपुर-पांडेयपुर थाना पुलिस ने हुकुलगंज में जुए के अड्डे पर छापा मारकर सात लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने फड़ से 79,500 और आरोपियों की तलाशी से 20,850 सहित कुल 1,00,350 नकद बरामद किए। 9 मोबाइल फोन, 49 ताश के पत्ते और एक गड्डी ताश भी जब्त की गई। हुकुलगंज में संचालित जुए के अड्डे पर दबिश दी गई। पुलिस टीम को देख अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी कर सात आरोपियों को पकड़ लिया गया। आरोपियों की पहचान राजू यादव निवासी प्रचंड कॉलोनी (लालपुर-पांडेयपुर), रोहित पाल निवासी पियरिया पोखरी, चौकाघाट (चेतगंज), विशाल भारती निवासी चित्तूपुर (सिगरा), अजय जायसवाल निवासी छोटालालपुर, पंकज कुमार जैसवाल निवासी प्रचंड कॉलोनी, शशि शेखर निवासी आजमगढ़ रोड (लालपुर-पांडेयपुर) और राजेश यादव निवासी कोटवा सरायमोहन (सारनाथ) के रूप में हुई है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
आधे घंटे में मौत के मुहाने से युवक को खींच लाई लंका पुलिस
लंका पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक 28 वर्षीय युवक की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की। बिहार के कैमूर जिले का रहने वाला युवक दो दिन पहले वाराणसी घूमने आया था। इस दौरान परिजनों ने उससे कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसी बीच युवक ने अपने भाई के मोबाइल पर एक संदेश भेजा, जिसमें उसने आत्महत्या करने की बात लिखी थी। संदेश पढ़ते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल लंका थाने से संपर्क किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाने पर तैनात उपनिरीक्षक ने तत्काल थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा को सूचना दी। थाना प्रभारी के निर्देश पर लंका थाना की क्राइम ब्रांच टीम ने बिना समय गंवाए सर्विलांस की मदद से युवक की लोकेशन ट्रेस की। महज आधे घंटे के भीतर पुलिस ने युवक को सुरक्षित खोजकर थाने ले आई। थाने में पुलिस अधिकारियों ने युवक की काउंसिलिंग की, उसे समझाया-बुझाया और मानसिक रूप से संभाला।
समझौते के बहाने बुलाकर मारपीट, लूट और धमकी, प्राथमिकी दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र में पंचकोशी चौराहे के पास समझौते के बहाने बुलाकर एक व्यक्ति से मारपीट, लूट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिवपुर थाना क्षेत्र के शांति विहार कॉलोनी के निवासी प्रवीण मिश्रा ने आनंद कुमार मिश्रा, कुशाग्र पांडेय समेत 20-25 अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। प्रवीण मिश्रा ने आरोप लगाया है कि उन्हें एक विचाराधीन मुकदमे में समझौते और रुपये वापस करने की बात कहकर बुलाया गया था। हरहुआ रिंग रोड के एक घर पर बुलाया गया था। वहां कहासुनी हुई। इसके बाद वह वापस लौट आए थे।
इसे भी पढ़ें; कोर्ट का सख्त फैसला: मूक-बधिर किशोरी से दुष्कर्म मामले में दोषी को उम्रकैद, 50 हजार रुपये लगा जुर्माना
आरोप है कि शाम 4:30 बजे आरोपी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। वे दो स्कॉर्पियो, एक स्विफ्ट और अन्य वाहनों में थे। उन्होंने प्रवीण मिश्रा और साथ मौजूद विवेक पांडेय पर लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में प्रवीण मिश्रा के सिर पर रॉड से वार किया गया। विवेक पांडेय की पिटाई कर उनकी जेब से आठ हजार रुपये छीन लिए गए। जान से मारने की धमकी भी दी गई। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।
कोर्ट में शादी का दावा, पति पर शोषण और 10 लाख ठगने का आरोप
भेलूपुर थाना निवासी महिला ने शारीरिक शोषण करने, जबरन गर्भपात और लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, 2022 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से उसकी पहचान वरुण लालवानी से हुई थी। दोनों ने कोर्ट में शादी की। पीड़िता मुंबई की एक कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थी, जबकि वरुण दूसरी कंपनी में काम करता था। बाद में वरुण जिस कंपनी में सीनियर मैनेजर बना, पीड़िता भी उसी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के तौर पर काम करने लगी। महिला का आरोप है कि पुरानी जान-पहचान और अपने सीनियर पद का फायदा उठाकर वरुण ने पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए। गर्भपात कराया। आरोपी वरुण ने उससे अलग-अलग बहाने से 10 लाख रुपये भी ऐंठ लिए। मंगलवार को आरोपी पीड़िता को मुंबई से वाराणसी लाकर उसके मायके छोड़ गया और वापस चला गया। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर और पुलिस आयुक्त के निर्देश पर जांच शुरू कर दी है।
शराब के लिए पैसे न देने पर युवक की पिटाई, शिकायत
कादीपुर गांव में शराब पीने के लिए रुपये न देने पर विजय को दो लोगों ने मिलकर पीट दिया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर में विजय ने बताया कि 17 जुलाई की शाम 7:30 बजे वह घर लौट रहा था। शंकर जी मंदिर के पास गांव के बुध नारायण और पांचू ने उसे रोककर शराब के लिए पैसे मांगे। इन्कार करने पर दोनों ने गालियां दीं। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी से पीटा। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
नाबालिग को भगाने और दुष्कर्म के मामले में युवक गिरफ्तार
जैतपुरा पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में आरोपी आशीष कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। किशोरी की मां ने 29 मई को जैतपुरा थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी 24 मई से घर से लापता है। आरोप लगाया कि पैगंबरपुर अहरौरा (मिर्जापुर) निवासी आशीष कुमार (20) उनकी बेटी को अपने साथ ले गया है। थाना प्रभारी जैतपुरा उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आशीष को गोलगड्डा के पास से गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद कर लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
निर्माण कार्य अधूरा छोड़ने पर ठेकेदार समेत अन्य पर प्राथमिकी
रोहनिया थाना क्षेत्र के गोविंद राव ने शांति आश्रम, माधोपुर कुरहुआ में निर्माण कार्य अधूरा छोड़ने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। गोविंद ने तहरीर में आरोप लगाया कि शांति आश्रम परिसर में आठ कमरों के निर्माण का कार्य ठेकेदार को सौंपा गया था। समझौते के अनुसार, यह कार्य 17 सितंबर 2025 से शुरू होकर मई 2026 तक पूरा किया जाना था। निर्माण कार्य की लागत 47 लाख रुपये तय थी, जिसमें से अब तक 42,29,859 रुपये का भुगतान चेक से किया जा चुका है। आरोप है कि भुगतान प्राप्त करने के बावजूद ठेकेदार ने केवल दीवारें खड़ी कर निर्माण कार्य बंद कर दिया और शेष कार्य पूरा नहीं किया। जानकारी लेने पर ठेकेदार ने धमकी दी। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
फोन पर गाली और जान से मारने की धमकी में प्राथमिकी दर्ज
चौबेपुर। थाना क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने फोन कर गाली देने और जान से मारने की धमकी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री से जुड़े एक मामले में आरोपी के विरुद्ध 2025 में प्राथमिकी दर्ज है। पुत्री रामनगर सुधार गृह में है। आरोप है कि दर्ज प्राथमिकी को लेकर आरोपी परिजनों को फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुरानी रंजिश में युवक पर लाठी से हमला, तीन पर मुकदमा दर्ज
चौबेपुर क्षेत्र के नरपतपुर गांव में रंजिश के चलते पिंटू गुप्ता ने हमले का आरोप लगाकर तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। नरपतपुर निवासी पिंटू गुप्ता ने तहरीर में बताया कि 15 जुलाई की रात 10 बजे वह मजदूरी कर घर लौट रहा था। गांव के पास अक्षय कुमार, राहुल और अज्ञात व्यक्ति ने उसे रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने रंजिश को लेकर गालियां दीं। विरोध करने पर पीटा। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
दवा लेने निकली किशोरी लापता
बड़ागांव थाना क्षेत्र निवासी किशोरी 16 जुलाई की शाम 5 बजे दवा लेने घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक नहीं लौटी। परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बड़ागांव थाने में तहरीर दी। आरोप लगाया कि किशोरी की बातचीत अकसर दो युवकों से होती थी। आशंका गई है कि दोनों युवक उसे बहलाकर साथ ले गए हैं। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश की जा रही है।
शराब के लिए रुपये न देने पर युवक से मारपीट
चौबेपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव में शराब के लिए रुपये न देने पर एक युवक से मारपीट की गई। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। कादीपुर निवासी विजय ने बताया कि घटना 17 जुलाई की शाम को हुई। वह अपने काम से घर लौट रहा था। गांव के शंकर जी मंदिर के पास बुध नारायण और पांचू ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उससे शराब पीने के लिए रुपये मांगे। इन्कार करने पर गाली-गलौज की और लाठी-डंडों व ईंट से हमला कर दिया। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बाइक सवार बदमाश ने मंदिर के बाहर महिला से सोने की चेन झपटी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। पीड़िता महिला के बेटे हिमांशु सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जांच की। रमरेपुर-पहड़िया निवासी अधिवक्ता हिमांशु सिंह ने बताया कि उनकी मां शुक्रवार रात घर के बाहर शिव मंदिर के पास बैठी थीं। बाइक सवार दो युवक पहुंचे। पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन खींच ली और भाग निकले। लोगों के अनुसार, दोनों संदिग्ध युवक घटना से पहले काफी देर तक इलाके में बाइक से चक्कर लगाते देखे गए थे। आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने पहले से रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
किशोरी के मामले में सह आरोपी की तलाश में सिंधोरा पुलिस ने दी दबिश
सिंधोरा थाना पुलिस ने शनिवार दोपहर किशोरी को ले जाने के मामले में सह आरोपी की तलाश में सिधोरा पुलिस ने मिर्जामुराद क्षेत्र में छापा मारा। हालांकि आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सका। युवक सिंधोरा थाना क्षेत्र के सहमल गांव का निवासी है। उसकी तलाश में पहुंची पुलिस टीम ने मिर्जामुराद में रिश्तेदार के घर पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि टीम आई थी।
दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप, पति समेत छह पर प्राथमिकी दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र निवासी पुष्पा कुमारी ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाकर पति समेत छह लोगों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर में पीड़िता पुष्पा कुमारी ने आरोप लगाया कि विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज के रूप में पांच लाख की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ लगातार मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। सितंबर 2025 में उसका देवर कमरे में घुस आया और उसके साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने का प्रयास किया गया। शोर सुनकर अन्य परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय उसे ही धमकाया गया। महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि बाद में उसके पति ने सात लाख रुपये दहेज लेकर दूसरी शादी कर ली। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।