बैंक ऑफ इंडिया ग्राहक सेवा केंद्र से 20 हजार रुपये चोरी
खजूरी में एनएच-19 पर बैंक ऑफ इंडिया के एक ग्राहक सेवा केंद्र से 20 हजार रुपये की री हो गई है। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। खजूरी गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद बिंद उर्फ लोटू राम बिंद कृषि विज्ञान केंद्र मार्ग के पास ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। पुलिस को बताया कि 17 जुलाई को अज्ञात दुकान में घुसा और कैश काउंटर का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये चुरा ले गया। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी ताला तोड़कर रुपये चोरी करता दिखाई दिया। आरोपी किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करता भी नजर आ रहा है। पीड़ित ने घटना की सूचना तत्काल 112 और खजूरी चौकी पुलिस को दी थी। इंस्पेक्टर गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि आरोपी की पहचान करने में पुलिस जुटी है।
चोरी करते पकड़े गए तीन युवकों ने युवक को पीटा, 40 हजार रुपये लूटे
सालिवाहनपुर गांव में रविवार शाम घर में चोरी करने पहुंचे तीन युवकों को पकड़ना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि पकड़े जाने पर तीनों ने युवक पर लाठी और धारदार हथियार से घायल कर दिया। चोरी किए गए 40 हजार रुपये लेकर भाग गए। गांव निवासी संदीप बिंद ने पुलिस को बताया कि विनय बिंद, नितेश बिंद और मोहित बिंद उसके घर में घुसकर अलमारी में रखे 40 हजार रुपये चोरी कर ले जा रहे थे। इसी दौरान उसने उन्हें पकड़ लिया, जिसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। संदीप के अनुसार, चोरी हुए रुपये उसकी मां शीला देवी ने भैंस बेचकर रखे थे। घायल संदीप का मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में उपचार कराया गया है। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
युवक ने ब्लेड से काटी गर्दन, पुलिस पर पिटाई का आरोप
कचहरी के पास राजेश कुमार पांडेय ने रविवार को ब्लेड से अपनी गर्दन काट ली। उसे तत्काल दीनदयाल अस्पताल के ट्राॅमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भर्ती किया है। जौनपुर के केराकत अइलीपुर निवासी राजेश वर्तमान में जलालीपुरा तेलियाना फाटक पर रहता है और रिक्शा चलाता है। शनिवार को घर में चोरी करने के आरोप में चौक पुलिस थाने ले जाया गया था। वहां पुलिस ने उसकी कथित तौर पर पिटाई की थी। इसी कारण उसने आत्महत्या के इरादे से ब्लेड से गर्दन काट ली। कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। चिकित्सकों की टीम उसकी हालत पर नजर रख रही है।
सामनेघाट पुल पर ट्रैवल्स संचालक से बाइक सवारों ने छीनी चेन
सामनेघाट गंगा पुल पर सोमवार देर शाम ट्रैवल्स संचालक राजन सिंह से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली। लंका पुलिस जांच कर रही है। राजन सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने मित्र से मिलने रामनगर जा रहे थे। पुल पर पहुंचने पर अपाचे बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोका। बदमाशों ने पहले छेड़खानी का आरोप लगाकर राजन को धमकाया। पीछे बैठे युवक ने गले से चेन झपट ली। विरोध किया और उनसे भिड़ गए। इस दौरान आधी चेन उनके हाथ में रह गई, जबकि आधी लेकर बदमाश सामनेघाट की ओर भाग गए। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि आसपास के सीसी कैमरों से बदमाशों की पहचान कराई जा रही है।
किशोरी से छेड़छाड़, नशेड़ी युवक और मां पर प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को एक नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने नशे में धुत पड़ोसी युवक और उसकी मां के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि युवक शराब के नशे में किशोरी के घर में घुसा। किशोरी को कमरे में ले जाकर छेड़छाड़ की। किशोरी के विरोध करने पर आरोपी भाग निकला। किशोरी की मां ने जब आरोपी के घर शिकायत की तो उन्हें गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच में जुटी है। बेनीपुर गांव निवासी आरोपी दशमी की तलाश जारी है। संवाद
करंट की चपेट में आने से 80 हजार की भैंस मरी
कल्लीपुर गांव में सोमवार अपराह्न करंट से भैंस मर गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से झुलस गई। भैंस की कीमत 80 हजार रुपये बताई गई है। पशुपालक कल्लू यादव भैसों को चराने सिवान ले जा रहे थे। सरकारी नलकूप के पास ट्रांसफार्मर से लगे टोचन तार में करंट था। इसी तार की चपेट में आने से एक भैंस मौके पर ही मर गई। कल्लू ने सूझबूझ से खुद को बचा लिया। ग्रामीणों की सूचना पर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। अवर अभियंता उमेश चौरसिया और सहायक कृष्ण कुमार यादव ने व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश देखा गया।
शास्त्री घाट पर युवक का शव मिला
कैंट थाना क्षेत्र के शास्त्री घाट पर सोमवार को युवक का शव पुलिस ने बरामद किया है। लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव को संरक्षण में लिया। कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि शिनाख्त का प्रयास जारी है। उसके पास से पहचान पत्र या अन्य सामान नहीं मिला।
चोरी की दो बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार
बाइक चोरी करने के आरोपी अनिल पासी को मिर्जामुराद पुलिस ने सोमवार को बिहड़ा नहर के पास चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दो चोरी की बाइक मिली। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि आरोपी प्रयागराज के सरायइनायत थाना क्षेत्र के मलखानपुर का निवासी है। उसके पास से बरामद मोटरसाइकिल चोरी की है। अनिल पासी ने 31 जुलाई 2026 को एक और मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूली है। उसकी निशानदेही पर राधाकृष्ण मंदिर के पास से दूसरी बाइक भी बरामद की गई। यह मोटरसाइकिल भी मिर्जामुराद थाने में दर्ज चोरी के दूसरे मामले से जुड़ी थी।