फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरें: जमीन विवाद में CP ने गनर को किया लाइन हाजिर, पति की मौत में पत्नी पर FIR

Tue, 03 Sep 2024 05:20 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी में पिछले 24 घंटे में की खबरें सुर्खियों में रहीं। इनमें सीपी के गनर के लाइन हाजिर किए जाने और पति की मौत में पत्नी समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने समेत कई खबरें चर्चा में रहीं। 
विज्ञापन
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

1- CP ने गनर को किया लाइन हाजिर

विज्ञापन

जमीन विवाद में नाम आने पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अपने गनर हेड कांस्टेबल राजकुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। गत दिनों छावनी क्षेत्र में जमीन संबंधी एक विवाद में राजकुमार का नाम आया था। ज्वाइंट सीपी डॉ. के एजिलरसन से शिकायत की गई थी कि राजकुमार सिंह एक पक्ष को ओर से दूसरे पक्ष को अर्दब में लेने की कोशिश कर रहा है। ज्वाइंट सीपी ने एसीपी कैंट को जांच सौंपी थी। उधर, पुलिस आयुक्त ने पुलिस कर्मियों को दो टूक कहा है कि किसी भी विवाद में वर्दीधारी पड़े तो ठीक नहीं होगा।  

2- पति की मौत के मामले में पत्नी सहित दो पर केस
लंका थाना क्षेत्र के अशोक पुरम कॉलोनी में किराए पर रहने वाले शुभम मिश्रा (28) की संदिग्ध हाल में मौत मामले में पत्नी समेत एक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। शुभम के भाई पंकज की तहरीर पर लंका पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया गया है। पंकज मिश्रा के अनुसार, भाई की 24 अगस्त की रात में मौत हुई है। भाभी अपराजिता ने बताया कि शुभम ने फंदे पर लटक जान दे दी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुदकुशी नहीं निकला। विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया। पंकज मिश्रा का आरोप है कि घटना के बाद अपराजिता 4 लाख रुपये आभूषण, चार पहिया लेकर फरार हो गई। जीजा प्रवीण उसके पैतृक गांव गिरिया थाना चौरी शव लेकर पहुंचे।  

विज्ञापन

3- मॉडल ने आईटी एक्ट के तहत दर्ज कराया मुकदमा

सोशल मीडिया पर भद्दे कमेंट और पैसे की मांग करने वाले किरन शर्मा नामक व्यक्ति के खिलाफ मॉडल ममता राय ने आईटी एक्ट के तहत सोमवार को भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। महमूरगंज के तुलसीपुर लवकुश अपार्टमेंट में रहने वाली ममता राय के अनुसार वह ममता फाउंडेशन चलाती है। सोशल मीडिया पर एक मिलियन फॉलोवर हैं। किरन शर्मा ने फोटो पोस्ट कर भद्दे कमेंट किए और डोनेशन की मांग रहा है। भेलूपुर पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

4- भतीजे समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में चाचा ने भतीजे समेत दो के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया। सरसौली निवासी कमलेश सिंह के अनुसार, भतीजे विकास सिंह और उसके साथी रुद्र पांडेय ने 18 अगस्त को महावीर मंदिर स्थित ढावे पर बुलाया और मारपीट की। पुलिस ने विकास को हिरासत में लिया और रूद्र पांडेय मौके से भाग निकला। कैंट पुलिस के अनुसार, जांच की जा रही है।  

5- स्कूटी और बाइक की टक्कर में डेयरी कर्मी की मौत

लालपुर चट्टी में नेशनल हाइवे के सर्विस रोड पर सोमवार सुबह बाइक व स्कूटी की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मनकईया गांव निवासी रोहित गोंड (22) जगतपुर के एक डेयरी में काम करता था। वह नाइट ड्यूटी कर घर जा रहा था। लालपुर चट्टी पर पुलिस का लोगो लगी एक स्कूटी से वह बाइक लेकर टकरा गया। स्कूटी की टक्कर से असंतुलित होकर वह पास खड़ी क्रेन से जा टकराया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दो भाई और एक बहन में सबसे छोटे अविवाहित रोहित के पिता और बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी रोहित के कंधों पर थी। रोहित की मौत के बाद उसकी मां निर्मला देवी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।  

6- कहीं 30 तो कहीं 7 दिन से नहीं हटाया गया ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर
ट्रांसफॉर्मर खराब होने के बाद बिजली निगम ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर लगाकर भूल गया है। स्थिति यह है कि मंडुवाडीह उपकेंद्र के पीछे की कॉलोनी में करीब एक महीने से ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर बीच में ही पड़ा है, जिसे अब तक हटवाया नहीं जा सका है।

ककरमत्ता के जानकी नगर कॉलोनी में 27 अगस्त को ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया। इसके बाद यहां ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर लगाया गया, लेकिन सात दिन बाद भी इसे नहीं हटाया गया। इसके अलावा मंडुवाडीह उपकेंद्र के पीछे कॉलोनी में 28 जुलाई को ही ट्रांसफॉर्मर खराब हुआ था। एक महीने हो गए, अब तक ट्रॉली ट्रांसफार्मर यहीं पर लगा है। मुख्य अभियंता अरविंद कुमार सिंघल का कहना है कि ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर आकस्मिक व्यवस्था में लगाया जाता है। जिन जगहों पर लंबे समय से लगाकर इसे हटाया नहीं गया है, संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा। खराब ट्रांसफार्मर को सही करवाया जाएगा।

7- चचेरे भाई ने चिकित्सक को पीटा

जैतपुरा थाना क्षेत्र के राजापुरा में डॉ. अब्दुल रसीद को चचेरे भाई ने पीट दिया। पीड़ित चिकित्सक ने सोमवार को थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पीड़ित डॉ. अब्दुल के अनुसार, वह दोपहर में बिजली मीटर की रीडिंग करा रहा था, इस बीच बड़े पिता का लड़का मो. अकील आया और गालीगलौज कर मारपीट शुरू कर दी। ब्यूरो

8- धोखाधड़ी कर हिस्से से ज्यादा जमीन बेची, केस
सरायनंदन क्षेत्र के शक्ति नगर कॉलोनी निवासी संतोष कुमार की शिकायत पर हिस्से से अधिक जमीन बेचने के आरोप में दुलारी देवी और उसके पुत्र हरिओम मौर्य व बबलू मौर्य के खिलाफ भेलूपुर थाने में धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई संयुक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध) के निर्देश पर की गई है। संतोष कुमार के अनुसार, वह एससी-एसटी हैं। उसकी 400 वर्ग फीट जमीन आरोपियों ने धोखाधड़ी कर फरवरी 2022 में मनीष तिवारी को बेच दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  

9- घर जा रही छात्रा के साथ छेड़खानी का आरोप

ऐढ़े मोड़ पर छेड़खानी की शिकायत एक छात्रा ने सोमवार को शिवपुर थाने की पुलिस से की। छात्रा ने पुलिस को बताया कि दो-तीन दिन पहले सिंधोरा थाना के भईभानपुर गांव का मूल निवासी और सुखमय विहार कॉलोनी निवासी एक युवक ने उसके साथ छेड़खानी की थी। युवक ने सोमवार को भी स्कूल से घर जाते समय ऐढ़े मोड़ पर उसका हाथ पकड़ लिया था। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर शिवपुर थाने ले गई। पुलिस ने कहा कि छात्रा की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।  

10- 7 हजार चुरा कर भाग रहे किशोर को पकड़ा
कपसेठी चौराहे पर एक जनरल स्टोर के कैश बॉक्स का ताला खोलकर सोमवार को एक किशोर सात हजार रुपये चुरा कर भाग रहा था। दुकानदार संजू ने किशोर का पीछा कर उसे पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। कपसेठी थाने की पुलिस दुकानदार की तहरीर पर घटना की जांच कर रही है।  

11- डीआरएम ऑफिस से क्लर्क की बाइक चोरी
डीआरएम ऑफिस में क्लर्क के पद पर तैनात न्यू लोको कॉलोनी, लहरतारा निवासी पंकज सेन की बाइक चोरी हो गई। पीड़ित ने विद्यापीठ चौकी पर तहरीर देकर बताया कि बाइक वाहन स्टैंड से चोरी हुई है। डिग्गी में कागजात भी थे।  
विज्ञापन

12- दुकान से गहने गायब, पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई

आभूषण की दुकान संचालित करने वाली रेखा सेठ ने आरोप लगाया है कि उनकी शिकायत पर शिवपुर थाने की पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। रेखा सेठ बताया कि उनकी दुकान पर एक महिला 17 अगस्त की दोपहर आई थी। उसे सोने का जेवर दिखाया गया था। महिला जब दुकान से निकली तो 15 ग्राम सोने के जेवर गायब थे। रेखा सेठ ने बताया कि वह 15 दिनों से शिवपुर थाने का चक्कर लगा रही है, लेकिन न पुलिस ने जांच की और न कोई कार्रवाई हुई। कार्यवाहक थानाध्यक्ष विद्या शंकर शुक्ला ने बताया कि सीसी फुटेज से महिला को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।  

13- कर्ज चुकाने के बावजूद मांग रहे एक लाख रुपये
अकथा, ओमनगर कॉलोनी निवासी शक्ति सिंह ने लालपुर पांडेयपुर थाने में दो नामजद सहित एक अज्ञात पर केस दर्ज कराया है। पीड़ित ने कर्ज से ज्यादा पैसे भरने के बाद भी एक लाख रुपये मांगने और मना करने पर मारपीट का आरोप लगाया है। शक्ति सिंह ने बताया कि परिचित सोयेपुर के उमेश गौतम से दो लाख रुपये लिए थे। बैंक के व्याज दर से पूरे पैसे लौटा दिए। अब उससे एक लाख रुपया और मांगा जा रहा है। इनकार करने पर उमेश गौतम, हिमांशु सिंह व एक अज्ञात ने मारपीट की। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें