डीएम के खाता सीज के मामले में सरकारी अधिवक्ता ने रखा पक्ष
डीएम के ट्रेजरी कोड-2029 खाता सीज के मामले में बुधवार को सुनवाई थी। शासकीय अधिवक्ता सुलभ प्रकाश ने कोर्ट में पक्ष रखा। कहा कि सरकार की तरफ से पूरा पैसा जमा किया जा चुका है। फिर भी पैसा बाकी होगा तब संबंधित विभाग जमा कर देगा। डीएम का कुर्क खाता रिलीज हो जाएगा। इस पर कोर्ट ने अब दूसरे पक्ष की बात सुनने के लिए पत्रावली आदेश को सुरक्षित रख लिया। बृहस्पतिवार को दूसरा पक्ष अपनी बात रखेगा, इसके बाद फैसला होगा। बता दें कि पिछले सप्ताह भूमि अर्जन प्राधिकरण ने एक बरेका का एक मामला सुनते हुए डीएम का खाता ट्रेजरी कोड-2029 सीज कर दिया था। इससे तहसील राजातालाब, सदर, और पिंडरा के 800 कर्मचारियों के वेतन पर रोक लग गई है।
सामान लेने निकली किशोरी नहीं लौटी घर, किशोर भी लापता
वाराणसी जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया के विजईपुरा इलाके की किशोरी लापता है। पीड़ित की मां ने केस दर्ज कराया है। पीड़िता गुड़िया फातिमा ने बताया कि उनकी 16 साल की बेटी 3 फरवरी को घर से सामान लेने निकली थी। इसके बाद नहीं लौटी। उधर, जैतपुरा के रसूलपुरा इलाके में रहने वाले जमीर अहमद का आठ वर्षीय पुत्र जुलकर घर से लापता है। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद गुमशुदगी दर्ज कराई।
सड़क चौड़ीकरण कार्य में लगे जेई को पीटा, जाने से मारने की धमकी
पांडेयपुर से रिंग रोड निर्माण कार्य में लगे एक जेई की पिटाई और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में बुधवार को लालपुर पांडेयपुर थाने में केस दर्ज किया गया। आजमगढ़ के कप्तानगंज थाना के वाजिदपुर निवासी पीड़ित जेई अभिषेक सिंह ने बताया कि पीडब्ल्यूडी की ओर से फर्म अजय विल्डर्स द्वारा पांडेयपुर चौराहे से रिंग रोड तक चौड़ीकरण कराया जा रहा है, इसमें वह जेई है। शाम को डीवीएम का कार्य श्री वैष्णो देवी कॉलोनी के पास कराया जा रहा था। कॉलोनी के पास नरेंद्र राय ने सरकारी कार्य को रोका और गालीगलौज कर मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
अधिवक्ता को धमकी के मामले में दो पर केस
वाराणसी। मुकदमे की पैरवी में अधिवक्ता को धमकी देने के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज किया गया। अधिवक्ता नवीन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वह जैतपुरा थाने से संबंधित एसीजेएम आठ के सरकार बनाम चंदन जायसवाल निवासी रवि नगर कॉलोनी, मुगलसराय की पैरवी करते हैं। 4 फरवरी को चौकी पर बैठे थे उसी समय प्रदीप जायसवाल ने गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। ब्यूरो
पानी के विवाद में पड़ोसियों ने महिला समेत तीन को पीटा
वाराणसी। पानी के विवाद में महिला समेत परिजनों की बुधवार को पड़ोसियों ने पिटाई कर दी। कैंट पुलिस ने चार के खिलाफ केस दर्ज कराया। आरोप है कि छेड़छाड़ और लूट का भी प्रयास किया गया। सरसौली भोजूबीर की सोनी सिंह ने बताया कि पड़ोसी सुमन सिंह से पानी लेने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि सुमन ने दस लोगों को बुलवाया और पिटाई कराई। बीचबचाव में सास, ससुर अन्य को भी चोटें आईं। उन्हें बेरहमी से पीटा गया। निशांत ने छेड़छाड़ का प्रयास किया और दयाशंकर सिंह सहित महिमा ने कान की रिंग छीन ली।
कोयला लदा ट्रक रामबाग पोखरे में पलटा
रामबाग पोखरे में बुधवार सुबह कोयला लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक व खलासी बाल-बाल बच गए। एनटीपीसी से कोयला लेकर ट्रक रामनगर के यार्ड में ट्रक आ रहा था। सुबह चार बजे जैसे ही ट्रक दुर्गा मंदिर के करीब पहुंचा चालक को झपकी आ गई। ट्रक सीधे 15 फीट नीचे रामबाग पोखरे की सीढ़ियों पर जा पहुंचा। सुबह टहलने निकले लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। ट्रक पश्चिम बंगाल का है। किले के सुरक्षा अधिकारी राजेश शर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
श्रद्धालुओं के मोबाइल चोरी के आरोप में पिटाई
हरहुआ बड़ागांव थाना क्षेत्र के रिंग रोड फेज दो पर एक दुकान में महाकुंभ से लौटे श्रद्धालुओं के मोबाइल चोरी के आरोप में बुधवार दोपहर बाद युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। मौके पर पहुंची पुलिस को सौंपा। तलाशी में युवक के पास से 50 सिम कार्ड बरामद हुए। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
अब तक 60 लोगों को दिया जा चुका है लोन
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में बुधवार को स्वरोजगार योजना की बैठक हुई। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि अब तक 262 लोन स्वीकृति किए जा चुके हैं। 60 लोगों को लोन दिया जा चुका है। सीडीओ ने कहा सभी बैंक तीन दिन के अंदर सभी लंबित आवेदनों पर सुनवाई करें।
दर्शनार्थियों ने युवक को पीटा, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
लंका थाना क्षेत्र के सामने घाट में मारपीट के आरोपी दर्शनार्थियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। वहीं, घायल को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के कंदवा निवासी राजन यादव ने बताया कि भाई साजन यादव दशाश्वमेध में चाय की दुकान पर काम करता था। घाट पर आने जाने वाले दक्षिण भारतीयों से वहां की भाषा सीख गया था। वह गाइड का भी काम करता था। भाई ने बताया कि आंध्र प्रदेश से आए कुछ दर्शनार्थी होटल गंगा हेरिटेज, सामने घाट थाना क्षेत्र में रुके थे। घाटों पर घुमाने के बाद उनसे मिलने होटल गया था। जहां किसी बात को लेकर उन लोगों से विवाद के दौरान मारपीट हो गई। श्रीनिवास निवासी नंदी गांव थाना नंदी गांव जिला आंध्र प्रदेश दीपू और अन्य अज्ञात ने मारा पीटा। होटल के कमरे से खींचकर धारदार हथियार से गले पर हमला किया गया।
किशोरी से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोपी गिरफ्तार
किशोरी से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करन के आरोपी को पुलिस ने रखौना ओवरब्रिज के पास से बुधवार को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान हरपुर गांव निवासी अरविंद कुमार के रूप में हुई है। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि क्षेत्र के किशोरी को आरोपी ने ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी बना ली। 10 माह पुराने मामले में कोर्ट के आदेश पर सोमवार को मुकदमा दर्ज किया गया था।
नवोदय विद्यालय में नौ फरवरी को होगी प्रवेश परीक्षा
गजोखर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 9 व 11 में दाखिल के लिए पार्श्व प्रवेश परीक्षा 9 फरवरी को होगी। इसमें 1973 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्राचार्य डॉ. नागेश कुमार मिश्र ने बताया कि परीक्षा के लिए जिले में चार केंद्र बनाए गए हैं। इनमें जवाहर नवोदय विद्यालय गजोखर, एसएस पब्लिक स्कूल बाबतपुर, राजकीय बालिका विद्यालय चोलापुर और नेशनल इंटर काॅलेज पिंडरा में सुबह 11.45 बजे से 1.45 बजे तक होगी।
मिट्टी से लौटते समय युवक की पिटाई मामले में केस दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के मखदूम नगर निवासी अब्दुल सादिक की पिटाई के मामले में आरोपी अब्दुल रशीद और शादिक के खिलाफ केस दर्ज किया गया। अब्दुल सादिक ने बताया कि 24 जनवरी को वह रिश्तेदार की मिट्टी से लौट रहा था। घसियारी टोला में आरोपियों ने उसे मारा पीटा।
अइली, उकथी, तरया के ग्राम प्रधानों के अधिकार सीज
दो महीने पहले डीएम एस राजलिंगम के निर्देश पर चिरईगांव की तीन ग्राम पंचायत अइली, उकथी और तरया के ग्राम प्रधानों के वित्तीय अधिकार सीज कर दिए गए थे। उनके स्थान पर विकास कार्य कराने के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई थी, लेकिन कार्य नहीं हो पा रहा है। ब्लॉक स्तर पर बैंक खाते में दो माह बाद भी नाम परिवर्तन नहीं किया गया। जबकि ग्राम पंचायत के निर्वाचित तीन सदस्यीय समिति का गठन कर बैंक खाते में नाम दर्ज कराने का स्पष्ट निर्देश जारी किया गया है। एडीओ पंचायत कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि डीएम की ओर से गठित टीम में तीनों गांवों के एक-एक सदस्यों ने अपना नाम वापस लेने का अनुरोध किया है, इसकी जानकारी डीपीआरओ को दी गई है।
नकारात्मक फीडबैक पर जोनल और अवर अभियंता से मांगा स्पष्टीकरण
आईजीआरएस की शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए बुधवार को वीडीए सभागार में प्रशिक्षण दिया गया। अपर सचिव परमानंद यादव ने बताया कि जनवरी में 22 नकारात्मक फीडबैक जोन तीन के वार्ड दशाश्वमेध, चेतगंज, चौक और कोतवाली से मिले। संबंधित जोनल अधिकारी, अवर अभियंता से 3 दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया। जोनल अधिकारियों को बताया कि सात दिन पूर्व निर्धारित प्रारूप पर उपलब्ध कराया जाएगा। शासनादेश में अंक देने करने के 5 मानक बिंदु दिए गए हैं। 4 में पूर्णांक होने और असंतुष्ट फीडबैक के कारण नंबर कट जाएंगे। सभी को सचेत किया। स्थलीय जांच के समय फोटो के साथ रिपोर्ट लगाएं। कहा कि शिकायतकर्ता से बातचीत करें। मासिक मूल्यांकन के फीडबैक की स्थिति में अंकों की गणना की जाएगी। असंतुष्ट फीडबैक को कुल असंतुष्ट फीडबैक से घटाया नहीं जाएगा। आवेदक की ओर से दिए गए संतुष्ट फीडबैक के प्रतिशत के अनुसार अंक दिए जाएंगे।
अवैध निर्माण पर तीन को नोटिस
वीडीए की ओर से बुधवार को सिकरौल वार्ड में टकटकपुर का निरीक्षण किया गया। जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा की ओर से तीन लोगों को अवैध निर्माण पर नोटिस दिया गया। संकठा नगर कॉलोनी में राजू गुप्ता की ओर से बगैर नक्शा पास कराए अवैध निर्माण किया गया। जिसे नोटिस दिया गया। टकटकपुर में अज्ञात की ओर से अवैध निर्माण करने पर नोटिस दिया गया। महावीर मंदिर के पास रीना गुप्ता की ओर से अवैध निर्माण कराया गया था। इस पर नोटिस दिया गया।
वाहन चोरी का आरोपी गिरफ्तार, पार्ट्स बरामद
वाहन चोरी के आरोपी को जैतपुरा पुलिस ने बुधवार रात जलालबाबा सरैया, वरुणा के किनारे से गिरफ्तार किया। उसके पास से बाइक के तीन बोरी पार्ट्स बरामद हुए। चोरी के बाद वह पार्ट्स अलग-अलग कर बेचता था। थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी की पहचान चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र के तोरवा निवासी रितेश चौरसिया के रूप में हुई है। वह सारनाथ के चंद्रा चौराहा क्षेत्र में रहता है। थाना प्रभारी ने बताया कि ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। 27 जनवरी को अग्रसेन नगर, पहड़िया, सरैया से बाइक चोरी हुई थी। इस बीच सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई।
फ्रेंचाइजी शाखा से 76 हजार रुपये की उचक्कागिरी
सोनबरसां आजाद चौराहे के प्राथमिक विद्यालय के पास बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से बुधवार दोपहर बैंक मित्र के काउंटर से 76 हजार रुपये की उचक्कागिरी हो गई। पीड़िता ने केस दर्ज कराया है। परनापुर निवासी नीलम कुमारी शाखा में सौंदर्य प्रसाधन की दुकान चलाती हैं। नीलम ने बताया कि दोपहर में दो युवक 10 हजार रुपए आधार कार्ड से निकालने आए। एक युवक ने पानी मांगा और वह पानी के लिए दुकान के पीछे गई तो दोनों 76 हजार रुपये लेकर भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि बैंक मित्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कस्बे में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
दुष्कर्म और पॉक्सो का आरोपी बरी
विशेष न्यायाधीश पॉस्को एक्ट अजय कुमार की कोर्ट ने नाबालिग को बहला फुसलाकर कर भगाने और दुष्कर्म के मामले में आरोपी दीपेश कुमार को साक्ष्य के अभाव में संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार वादी ने वर्ष 2016 में भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
नाव पर सवारी बैठाने को लेकर नाविकों में मारपीट
आदमपुर थाना क्षेत्र के प्रह्लाद घाट पर बुधवार को नाव पर सवारी बैठाने को लेकर नाविकों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है। प्रह्लाद घाट निवासी बबलू साहनी का आरोप है कि वह नये घाट पर नाव लगाकर सवारी बैठा रहा था। तभी रवि साहनी और सीताराम समेत अन्य पहुंचे और नाव पर सवारी बैठाने को लेकर विवाद करने लगे। वहीं, दोनों पक्षों से तीन लोग मारपीट में घायल हुए हैं।
हनुमान मंदिर का घंटा चोरी
लोहता थाने से 100 मीटर दूर रामलीला मैदान के पास हनुमान मंदिर परिसर में चोरी हो गई। मंगलवार को चोरों ने बॉक्स का ताला तोड़कर दो पीतल का घंटा ले गए। पुजारी बिहारी लाल ने बताया कि शाम को आरती के समय चोरी का पता चला। लोगों ने आरोप लगाया कि मंदिर के बाहर पीपल पेड़ के पास दिन भर लोग जुआ खेलते हैं।
सीवर और दूषित जलापूर्ति से खफा लोगों का जलकल पर प्रदर्शन
सीवर और दूषित जलापूर्ति से खफा रामपुर वार्ड के रस्तापुर के लोगों ने जलकल कार्यालय पर प्रदर्शन किया। नेतृत्व सपा नेता विवेक कहार ने किया। लंका से भेलूपुर जोन कार्यालय तक मार्च निकाला। उनके साथ क्षेत्र की महिलाएं, बच्चे और पुरुष भी थे। जो डिब्बे में दूषित जल लेकर आए थे। क्षेत्रीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र में सीवर न होने के कारण जलभराव रहता है। आए दिन बच्चे और अन्य क्षेत्रवासी बीमार हो रहे हैं। लोगों की ओर से जोनल कार्यालय पर अधिकारियों को अपनी समस्या बताई गई। इसके बावजूद समाधान नहीं हुआ। लोग दूषित पानी पी रहे हैं। इसकी शिकायत रामनगर के अधिकारियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि से की थी। इसके बाद भी कुछ न होने पर प्रदर्शन किया। सुनीता, अनिता, विमल, राकेश, विनोद आदि शामिल रहे।
पड़ोसियों पर मारपीट करने का आरोप
जैतपुरा थाना क्षेत्र के नक्खीघाट निवासी राजन सिंह ने पड़ोसियों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया। पीड़ित राजन सिंह का आरोप है कि अशोक सेठ ने अपने परिवार के साथ मिलकर उसे मारा पीटा और मां मंजू, पिता राजेंद्र सिंह को भी घायल कर दिया।
मारपीट के मामले में पांच नामजद सहित 10 पर केस
वाराणसी। आदमपुर के ओंकालेश्वर इलाके के मो. तौसीफ ने भाई तौफीक आलम और अनस को मारपीट कर घायल करने के मामले में पांच नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया। पीड़ित तौसीफ ने बताया कि दोनों भाई कोयला बाजार जा रहे थे। रास्ते में रोककर अहमद, इरसाद, शमशाद, नौशाद समेत पांच अज्ञात युवकों ने लाठी-डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया।
छोटे भाई की पत्नी से छेड़खानी, केस
जैतपुरा थाना क्षेत्र में पीड़ित ने बड़े भाई पर पत्नी से छेड़खानी और मारपीट का केस दर्ज कराया। पुलिस आयुक्त के आदेश पर पुलिस ने तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। बुनकर कॉलोनी में रहने वाले पीड़ित का आरोप है कि बड़े भाई से उसका विवाद है। 29 दिसंबर को बड़े भाई ने घर के अंदर पत्नी के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर भाई और दो भतीजे ने उसे मारा पीटा। थानाध्यक्ष जैतपुरा बृजेश मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
लंबित फाइलों के निस्तारण की उठाई मांग
स्थानीय निकाय एवं राज्य कर्मचारी वेलफेयर फोरम और बहुजन समता पार्टी की संयुक्त बैठक भेलूपुर स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। इसमें सफाई और अन्य कर्मचारियों ने मृतक कोटे के अंतर्गत लंबित फाइलों के निस्तारण की मांग की। बहुजन समता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश आजाद ने बताया कि नगर आयुक्त अक्षय वर्मा से अनुरोध भी किया गया है। उन्होंने कहा कि संविदा और आउटसोर्सिंग पद पर कार्यरत महिला और पुरुष सफाई कर्मियों का लगातार उत्पीड़न हो रहा है। इसे बंद कर अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। मांग नहीं मांगी तो 11 फरवरी को संयुक्त रूप से सिगरा मुख्यालय के पास गेट पर मीटिंग होगी। 14 फरवरी को जिला मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन होगा।
ऑनलाइन मानचित्रों का होगा भौतिक सत्यापन
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग की ओर से सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि ऑनलाइन मानचित्रों को स्वीकृत करने के पूर्व उसका भौतिक सत्यापन करें। इस दौरान निर्माणकर्ता की ओर से दाखिल मानचित्र के अनुसार ही निर्माण कार्य कराया जा रहा हो, इस बात का ध्यान रखें। अवैध निर्माण कराने वालों पर प्रवर्तन की कार्रवाई करें। साथ ही अधिक से अधिक जांच कर अवैध निर्माण रोकें। शहर के सुनियोजित विकास पर विशेष ध्यान दें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न हो। ऑनलाइन मानचित्रों के निस्तारण में भी देरी न हो इस बात का ध्यान रखा जाए। जोनल अधिकारियों की ओर से इसकी हर सप्ताह समीक्षा की जाए। फील्ड कर्मचारियों से अवैध निर्माण की कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार करें। उनकी जवाबदेही और जवाबदेही तय की जाए। काम न करने वाले अवर अभियंताओं पर भी कार्रवाई की जाएगी।
मां विंध्यवासिनी की प्राण-प्रतिष्ठा पर निकली शोभायात्रा
जंसा के बसंपुर में श्रीआदि शक्ति लोक कल्याणकारी समिति की ओर से बुधवार को दिव्य देवी दरबार आश्रम में मां विंध्यवासिनी की मूर्ति स्थापना पर प्रतिमा की गाजेबाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। महिलाएं कलश लेकर चल रही थीं। मंदिर के महंत स्वामी जगदीश्वरानंद महाराज के नेतृत्व में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा जंसा चौराहे, दिनदासपुर, कुंडरिया, जलालपुर, वेरुका, नैपुरा होते हुए बसंतपुर स्थित मंदिर पहुंची, जहां वैदिक विद्वानों ने मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा शुरू हुई। मुख्य यजमान नागेश पांडेय सपत्नी गणेश जी का पूजन किया। भक्तों ने भी दर्शन-पूजन किए। शोभायात्रा में रमेश उपाध्याय, नागेश पांडेय, बाबा रामदास, सुनीता पांडेय, अंजू सिंह, नेहा उपाध्याय आदि रहीं।
एमसीएच विंग में खुली डिजिटल लाइब्रेरी
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के एमसीएच विंग में डिजिटल लाइब्रेरी खोली गई है। डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ ही मेडिकल के छात्र इसका लाभ उठा सकते हैं। सीएमएस डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि आगामी दिनों में मेडिकल कॉलेज के संचालन के लिए यहां मेडिकल छात्रों की पढ़ाई भी होनी है, इसके लिए छात्रों का चयन भी हो रहा है। ऐसे में डीएनबी के छात्र, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ को इस लाइब्रेरी का बड़ा लाभ होगा।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए किया जागरूक
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में बुधवार को आयोजित संगोष्ठी में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। सीएमएस डॉ. बृजेश कुमार की मौजूदगी में हुए आयोजन में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. आरती दिव्या ने सर्वाइकल कैंसर के कारण, बचाव के उपाय बताए। उन्होंने वीआईए यानी विजुअल इंस्पेक्शन ऑफ द सर्विक्स आफ्टर एसिटिक एसिड एप्लिकेशन टेक्निक के माध्यम से कैंसर की स्क्रीनिंग के बारे में बताया।
शंकराचार्य को सौंपा अभिनंदन पत्र
काशी सांग्वेद विद्यालय रामघाट स्थित गणेश मंदिर में बुधवार को शंकराचार्य ने दर्शन किए। विद्यालय की ओर से शंकराचार्य का माला, वस्त्र व अभिनंदन पत्र दिया। विश्वेश्वर शास्त्री द्राविड ने विद्यालय के क्रियाकलापों से परिचय कराया। इसके बाद गुरुपादुका का पूजन किया। शंकराचार्य ने कहा कि इस विद्यालय में मेरे गुरु शृंगेरी पीठ के पूर्व शंकराचार्य अभिनव विद्यातीर्थ स्वामी और भारती तीर्थ स्वामी भी आ चुके हैं। आज मुझे भी आने का सौभाग्य प्रप्त हुआ। वयोवृद्ध विद्वान जगन्नाथ शास्त्री तैलेंग ने शंकराचार्य को खुद को रचित श्लोक भेंट किया। संचालन पं. गणेश्वर शास्त्री द्राविड ने किया।
करंट से झुलसा संविदाकर्मी लाइनमैन गंभीर
ऊंचवा लाज कॉलोनी लक्ष्मणपुर शिवपुर मोड पर जंफर बनाने गए संविदाकर्मी लाइनमैन धर्मेंद्र कुमार करंट की चपेट में आने से झुलस गया था। लोगों ने बताया कि पन्नालाल पार्क उपकेंद्र से ऊंचवा लॉज कॉलोनी लक्ष्मणपुर में जंफर उड़ने से लाइट नहीं थी। शिकायत पर दोपहर 12.30 बजे लाइनमैन धर्मेंद्र तीन साथियों के साथ आया। ट्रांसफॉर्मर पर चढ़कर लाइन बनने के बाद उतरते समय अचानक उसमें करंट आ गया। धर्मेंद्र झुलस गया। लोगों ने लाइनमैन को उतारा और पास के चिकित्सालय भिजवाया। हालत गंभीर होने पर उसे एपेक्स हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया। एसडीओ अभिषेक कुमार मौर्य ने बताया कि पता किया जा रहा है, किस कारण से हादसा हुआ है।
7 फरवरी को होगी क्रॉस कंट्री की दौड़
पूर्व ओलंपियन गुलजार सिंह की स्मृति में क्रॉस कंट्री दौड़ का शुभारंभ शुक्रवार को सुबह 9 बजे कर्दमेश्वर इंटर कॉलेज पूर्वी कंदवा चितईपुर से होगा। इसमें बालक वर्ग 8 किलोमीटर और बालिका वर्ग 5 किलोमीटर की दौड़ प्रतियोगिता होगी। बालक वर्ग की दौड़ के लिए जिलाध्यक्ष कांग्रेस राजेश्वर सिंह पटेल और बालिका वर्ग को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रियंका सिंह पटेल हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता की शुरुआत करेंगी। लठियां बाईपास से सुबह 9:30 से दौड़ की शुरुआत होगी। दौड़ का समापन देउरा दूधिया तालाब काशीपुर में होगा। विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक डॉ. सुनील सिंह पटेल सम्मानित करेंगे। इसकी जानकारी अकादमी के अध्यक्ष प्यारेलाल और सचिव डॉ विजय नारायण वर्मा ने दी।
13 करोड़ खर्च करने के बाद भी मुख्य भवन में लगी दीमक
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मुख्य भवन के जीर्णोद्धार के बाद दीमक लगने पर काम पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले की फाइल जल्द ही खुल सकती है। कुलपति ने पूरे मामले में इंटेक को पत्र लिखकर संबंधित कार्यदायी संस्था के ठेकेदार पर मुकदमा दर्ज करवाने को कहा है। फिलहाल कुलपति की ओर से इस घटना को लेकर शासन को भी अवगत कराया जाएगा।विश्वविद्यालय के मुख्य भवन के जीर्णोद्धार के लिए शासन स्तर से 13 करोड़ रुपये स्वीकृति के बाद काम तो हुआ लेकिन भवन में कई जगहों पर अब भी दीमक लग रही है। इस तरह की स्थिति तब है जब दीमक से बचाने लिए विशेष केमिकल का इस्तेमाल किया गया था। दीमक लगने की जानकारी होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्थानीय स्तर से जांच करवाने का भी निर्णय लिया है। ऐसे में इस मामले में बड़ी कार्रवाई भी जल्द हो सकती है।
5 घंटे गुल रही बिजली, 25 हजार की आबादी परेशान
टेंगरा मोड़ के पास 33 केवीए का जंफर कटने के कारण बुधवार सुबह छह बजे से पांच घंटे तक 25 हजार आबादी को बिजली-पानी की परेशानी का सामना करना पड़ा। आपूर्ति बंद होने से पूरे रामनगर की बिजली गुल हो गई। एक के बाद एक बीस लोगों ने उपकेंद्र पर फोन किया। कर्मचारियों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद टेंगरा मोड़ पर गड़बड़ी को खोजकर सही किया। एसडीओ रामनगर नवदीप सिंह ने बताया कि साहुपुरी व जिवनाथपुर से बिजली की 33 हजार लाइन की इन कमिंग होती हैं। इन दिनों साहुपुरी से इन कमिंग मेंटेनेंस के कारण बंद है। पूरे रामनगर का लोड जिवनाथपुर पर होने से जंफर कट गया था। सुबह बिजली सप्लाई बंद होने के बाद पूजा पाठ व ऑफिस जाने वाले लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। इस दौरान सुजीत सिंह, किशन गुप्ता, अभय यादव ने कहा कि सप्लाई बंद होने से पानी की आपूर्ति नहीं हुई।
रविदास जयंती पर आने वाले श्रद्धालुओं की समुचित सुविधाएं सुनिश्चित करें : डीएम
डीएम एस राजलिंगम ने और अपर पुलिस आयुक्त एस चनप्पा ने बुधवार को संत रविदास जयंती की तैयारियों के मद्देनजर बुधवार को मंदिर क्षेत्र का निरीक्षण किया। डीएम ने भारी भीड़ को देखते हुए यातायात सहित कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के कड़े प्रबंध करने के निर्देश दिए।
डीएम ने पूरे परिसर और मंदिर के आसपास के चारों तरफ विशेष अभियान चलाकर साफ सफाई, प्रकाश, मोबाइल शौचालय, पेयजल आदि की उचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर प्रशासन से भी साफ-सफाई के लिए मंदिर की तरफ से भी वालंटियर नियुक्त किए जाने को कहा। भीड़ को नियंत्रित एवं व्यवस्थित करने के संबंध में उन्हें स्पष्ट रणनीति बनाकर उसे अमल में लाने के निर्देश दिए।