Varanasi Top News : वाराणसी में पिछले 24 घंटे में कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें क्राइम की अधिक खबरें सुर्खियों में बनी रहीं। संक्षिप्त में पढ़िए- प्रमुख खबरें
सारनाथ थाना क्षेत्र की गौतम विहार कॉलोनी में पुष्पलता देवी के गले पर झपट्टा मारकर दो बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली। पीड़िता ने सारनाथ थाने की पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल कर बदमाशों को चिह्नित करने का प्रयास किया। पुष्पलता देवी ने बताया कि वह सामान लेकर घर जा रही थीं। कॉलोनी में बाइक सवार दो बदमाश आकर खड़े हुए। एक बाइक स्टार्ट कर उस पर बैठा था, जबकि दूसरा उतर कर पीछे चलने लगा। अचानक गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली। इसके बाद दोनों बाइक से तेजी से भाग निकले। वह जब तक शोर मचाती तब तक बदमाश आंखों के सामने से ओझल हो चुके थे।
2- विश्वसुंदरी पुल से बच्चे को लेकर कूदी महिला
विश्वसुंदरी पुल से शनिवार को एक महिला अपनी बच्चे के साथ गंगा में कूद गई। महिला को गंगा में कूदते देख रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची को महिला का मोबाइल पुल के ऊपर रेलिंग पर पड़ा मिला। सूचना पर जल पुलिस एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची महिला की तलाश करने में जुट गई। लेकिन महिला और बच्ची का पता नहीं चल पाया है।
विज्ञापन
3- घर की छत पर चढ़े बदमाशों ने आठवीं की छात्रा को चाकू मारा
कपसेठी थाना क्षेत्र के गैरहा गांव में बृहस्पतिवार की रात एक घर की छत पर चढ़े बदमाशों ने कक्षा आठ की छात्रा को चाकू मार कर घायल कर दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर कपसेठी थाने की पुलिस पहुंची।
गैरहा गांव निवासी चेतनारायण पटेल ने बताया कि उनके घर की छत पर आधी रात बाद दो बदमाश चढ़े थे। उसी दौरान कक्षा आठ में पढ़ने वाली उनकी 13 वर्षीय पुत्री अंजली पटेल छत पर बने शौचालय में गई थी। उसी दौरान एक बदमाश ने अंजली के मुंह को दबा लिया। अंजली ने हाथ छुड़ाने का प्रयास किया तो दूसरे बदमाश ने उसके बाएं हाथ की कलाई पर चाकू से वार कर दिया। इसके बाद दोनों बदमाश भाग निकले। दोनों ने अंजली को धमकी दी कि किसी को बताओगी तो तुम्हें जान से मार देंगे। अंजली का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेवापुरी में उपचार कराया गया।
4- फांसी लगाकर महिला ने की आत्महत्या
गजब नगर, सोनातालाब दानियालपुर (सारनाथ) स्थित एक मकान में शनिवार को एक महिला ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार संदीप अग्रहरि की शादी लगभग पांच वर्ष पूर्व अखंड नगर, जिला सुल्तानपुर की क्रांति (26) के साथ हुई थी। संदीप ने बताया की क्रांति सुबह उठी और चाय बनाकर पिलाया, कपड़े आदि साफ की। बच्ची को स्कूल के लिए तैयार की। बताया कि जब वह बच्ची को स्कूल छोड़ने के लिए गया तो क्रांति ने दुपट्टा पंखे में बांधकर फंदे से लटककर जान दे दी। संदीप अग्रहरि शाम को पंचकोशी चौराहे पर दाना बेचने का काम करता है। दिन में वह एक स्कूल बस पर कंडक्टर का नौकरी करता है।
5- बाइक सवार मोबाइल छीन कर भागे
शहावाबाद स्थित बीयर की दुकान के सेल्समैन रवि जायसवाल से बृहस्पतिवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। रवि ने रोहनिया थाने की पुलिस को बताया कि वह दुकान बंद कर मोबाइल से बात करते हुए साइकिल से घर जा रहा था। उसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसका मोबाइल छीन लिया। इसके बाद बदमाश तेजी से रोहनिया की ओर निकल गए।
6- फंदा लगाकर युवक ने जान दी
बेदौली गांव में शुक्रवार की शाम एक युवक ने बबूल के पेड़ की डाल पर गमछे से फंदा लगाकर जान दे दी। रेलवे लाइन के आसपास टहल रहे लोगों ने शव लटकता देखकर सूचना लोहता थाने की पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पहचान नहीं करा सकी। पुलिस के अनुसार युवक की उम्र लगभग 35 वर्ष प्रतीत हुई है। वह काले रंग का कुर्ता और काले रंग की लुंगी पहने हुए था। लोहता थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
7- बंदी के लिए गांजा लेकर मिलने आया युवक गिरफ्तार
जिला जेल में निरुद्ध बंदी को गांजा देने के लिए आया एक युवक तलाशी के दौरान पकड़ा गया। पुलिस ने उसके पास से 170 ग्राम गांजा बरामद किया है। युवक की पहचान संदहा डोमनपुर निवासी पिंटू कुमार के रूप में हुई है। पिंटू के खिलाफ लालपुर पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया। पिंटू कुमार ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि जेल में बंद उसका दोस्त मोहम्मद इस्माइल गांजा पीने का आदी है। वह उसे गांजा देने आया था। मगर, मुलाकात से पहले ही तलाशी के दौरान वह पकड़ा गया। ब्यूरो
8- चेन-नकदी छीनने और छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार
चेन व 20 हजार रुपये छीनने, मारपीट, छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस ने सरायनंदन खोजवा निवासी मृत्युंजय गुप्ता उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृत्युंजय के खिलाफ गत 17 सितंबर को भाजपा के एक समर्थक की पत्नी ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी पीड़िता के घर में घुस कर उन्हें व उनके पति और बच्चों के साथ मारपीट कर छेड़खानी और लूटपाट किया था। मामले की मुख्य आरोपी कांग्रेस नेता रोशनी कुशल जायसवाल और उसका पति कुशल जायसवाल है।
9- सड़क हादसे में सिपाही की मौत का आरोपी गिरफ्तार
पुलिस लाइन के समीप मॉर्निंग वॉक कर रहे सिपाही सोनू कुमार की बाइक की टक्कर से गत बुधवार को मौत हो गई थी। इस मामले में कैंट थाने की पुलिस ने शिवपुर निवासी बाइक सवार अमन सिंह को गिरफ्तार किया है। घटना के संबंध में सिपाही सोनू कुमार के भाई मऊ जिले के भदसा मानोपुर निवासी उमेश प्रसाद ने मुकदमा दर्ज कराया था।
10- खाते से कटे 5.10 लाख रुपये, मुकदमा दर्ज
छोटा लालपुर निवासी अशोक कुमार यादव के बैंक खाते से 5.10 लाख रुपये कट गए। अशोक की तहरीर पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित ने बताया उनका खाता छोटा लालपुर के केनरा बैंक में है। दो बार में खाते से रुपये निकल गए। साइबर क्राइम थाने की पुलिस जांच कर रही है।
11- शराब की दुकान हटाने के लिए प्रदर्शन
चौबेपुर थाने क्षेत्र के रिंगरोड चौराहे के पास शराब की दुकान हटाने के लिए ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। यह दुकान पहले वाराणसी-गाजीपुर राजमार्ग से छीतमपुर जाने वाले संपर्क मार्ग पर थी, जिसे कुछ माह पूर्व संदहा चौराहे के पास रिंगरोड पर स्थानांतरित कर दिया गया। प्रदर्शन में शामिल संदहां गांव की रीना देवी, सीमा, अनीता, खुशबू ने कहा कि दुकान खुलने के बाद राह चलना मुश्किल हो गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकान स्थानांतरित करने का आश्वासन देकर महिलाओं को शांत कराया। संवाद
12- गोपीराधा की गिरी बाउंड्री, वीडीए ने सील कराया अवैध निर्माण
रवींद्रपुरी स्थित गोपी राधा प्राइमरी स्कूल एंड गर्ल्स इंटर कालेज की बाउंड्री गिर गई। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग को मिली सूचना पर पहुंची वीडीए की टीम ने पाया कि स्कूल के पास अजय सिंह की ओर से खोदाई की गई थी। इसके कारण दीवार गिरी। इस पर वीडीए ने नोटिस जारी कर काम बंद कराया। इस दौरान निर्माण कार्य स्थल को सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। उधर, वीडीए की टीम ने शुक्रवार को रामनगर के कटरिया अलीनगर में 2 बीघे में विकसित की जा रही अवैध प्लाॅटिंग को ध्वस्त कराया।
13- सांस्कृतिक संकुल को सुंदर बनाएगा वीडीए
गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल चौकाघाट परिसर के विस्तारीकरण और बेहतर उपयोग के संबंध में बैठक हुई। इसमें वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने कहा कि इसका सुंदरीकरण कराने का कार्य का प्रस्ताव तैयार करें। आने वाले दिनों में होने वाली बोर्ड की बैठक में रूपरेखा तय की जाएगी। बैठक में वीडीए के अधिकारी मौजूद रहे।
14- वरुणा के ग्रीन बेल्ट क्षेत्र के 9 अवैध निर्माण सील
वीडीए के अपर सचिव, डॉ. गुडाकेश शर्मा ने वरुणा नदी के 50 मीटर ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। इस दौरान 9 अवैध निर्माण पाए गए। इसे सील किया गया। हुकुलगंज बघवानाला में दुलारे मिस्त्री, मनीष राय के अवैध निर्माण सील किए गए। इसके साथ पिपरहवा घाट हुकुलगंज, खजुही में अतुल रहमान, भोला, सारनाथ के जैनुबूद्दीन, नक्खीघाट के अनवर अहमद, मीना कश्यप के अवैध निर्माण सील किए गए। वरुणा नदी के किनारे 50 मीटर की दूरी में कोई भी निर्माण न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए जोनल अधिकारी को निर्देश दिए। कहा कि निर्माणाधीन भवनों का जोनल अधिकारी निरीक्षण करें। ताकि इन क्षेत्रों में कोई अवैध निर्माण न हो। भू स्वामियों से अपील की कि वरुणा नदी के दोनों ओर 50 मीटर की दूरी में निर्माण न करें।
15- ट्रेन की चपेट में आए युवक गंभीर रूप से घायल
शिवपुर स्टेशन के समीप एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। शिवपुर थाने की पुलिस के अनुसार युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
16- दुष्कर्म और दहेज उत्पीड़न में पति समेत छह पर मुकदमे का आदेश
दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने और उसके साथ दुष्कर्म के मामले में अदालत ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (पंचम) की अदालत ने चेतगंज थाना प्रभारी को आदेशित किया है कि इस मामले में उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना करें। साथ ही, की गई कार्रवाई से 15 दिन के अंदर न्यायालय को अवगत कराएं।
ढाई घंटे तक डाउन रहा इंडिगो का सर्वर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार की दोपहर 12:30 बजे इंडिगो एयरलाइंस का सर्वर डाउन हो गया। इससे यात्रियों को बोर्डिंग पास व चेकिंग समेत अन्य सुविधा में परेशानी हुई, जिसके चलते यात्रियों को इंडिगो काउंटर पर लंबी लाइन लगानी पड़ी। इंडिगो एयरलाइंस अधिकारियों ने बताया कि सर्वर डाउन होने से यह दिक्कत हुई, ढाई घंटे में ही सब कुछ सामान्य हो गया। इंडिगो काउंटर पर बोर्डिंग पास और चेकिंग इन समेत अन्य प्रक्रियाएं ठप हो गईं थी। हालांकि तकनीकी टीम ने दुरूस्त कर लिया।