फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी की सुर्खियों में रहने वाली खबरें: साइबर क्राइम से बचने के लिए IPS अधिकारी ने दी सीख, पढ़ें- अन्य खबरें

Fri, 20 Sep 2024 04:57 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में शुक्रवार को कई खबरें सुर्खियों में रहीं। दिनभर चर्चा में रहने वाली खबरों में नगर निगम सदन की बैठक में हंगामा और हत्या के मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी समेत कई मामले रहे। 
विज्ञापन
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

1- नगर निगम सदन की बैठक में हंगामा
विज्ञापन

वाराणसी टाउनहॉल में दूसरे दिन शुक्रवार को नगर निगम सदन की बैठक मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में शुरू हुई। इस दौरान घसियारी टोला में सीवर की समस्या का समाधान न होने से खफा पार्षद बबलू शाह सदन में बोलना चाह रहे थे। उन्होंने मेयर पर न बोलने का आरोप लगाया और सदन बीच में छोड़ कर चले गए। 

विज्ञापन


2- चोरी के आरोप में युवक की पीटकर हत्या करने के तीन आरोपी अरेस्ट 
चोरी के शक में युवक को मारपीट कर मौत के घाट उतारने के मामले में जैतपुरा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने शुक्रवार को कोतवाली स्थित अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि बीते 17 सितंबर को राजघाट निवासी राजू ने अपने भाई पप्पू उर्फ मो. शाहीद (32) के हत्या के संबंध में जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। 

3- सीवर की समस्या से परेशान नागरिकों ने सड़क पर धान रोप कर दर्ज कराया विरोध
सीर गोवर्धनपुर स्थित वार्ड नंबर 23 में संत शिरोमणि रविदास मंदिर मार्ग पर पिछले दो महीने से सीवर की समस्या बनी हुई है। सीवर चोक होने के कारण मलजल का पानी सड़क पर बह रहा है। जिससे स्थानीय निवासियों और दर्शनार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से पठानकोट से आए 2000 से अधिक श्रद्धालुओं को इस गंदे पानी से होकर मंदिर तक पहुंचना पड़ा। इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार संबंधित प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस क्षेत्र के पार्षद, मेयर, विधायक सभी सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी से हैं, और वाराणसी के सांसद स्वयं देश के प्रधानमंत्री हैं, जो हर साल संत रविदास जयंती के अवसर पर यहां आते हैं। बावजूद इसके यहां समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। ऐसे में लोगों ने सड़क पर धान रोप कर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया।  

4- शोध छात्रा के साथ मारपीट करने के मामले में मुकदमा
काशी हिंदू विश्वविद्यालय की शोध छात्रा के साथ मारपीट करने के मामले में कुमारी अमिता सिंह के खिलाफ लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। छात्रा का आरोप है कि गुरुवार की शाम आरोपी छात्र ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसका गला दबाने का प्रयास किया। छात्रा ने घटना की सूचना प्रैक्टोरियल बोर्ड को दी थी। मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।

5- 33 दिन बाद दर्ज हुआ चोरी का मुकदमा
भेलूपुर थाना क्षेत्र के बटुक धाम कॉलोनी में स्थित होटल जानकी विला में गुरुग्राम हरियाणा के रहने वाले मनोज कुमार ओझा अपने परिवार के साथ 15 अगस्त को आए थे। 15 से 17 अगस्त तक होटल में रहकर काशी विश्वनाथ मंदिर का दर्शन पूजन और काशी भ्रमण किया। इस दौरान उनके कमरे में रखी उनकी साढे पांच लाख रुपये कीमत की घड़ी चोरी हो गई। उन्होंने कमरे से घड़ी गाड़ी गायब होने की शिकायत होटल प्रबंधक से किया। होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के लिए कहा, लेकिन होटल प्रबंधन द्वारा उनकी बातों को अस्वीकार कर दिया गया। होटल से घड़ी चोरी होने की शिकायत पुलिस को लिखित देकर मनोज परिवार के साथ हरियाणा चले गए। इस मामले में 33 दिन बाद भेलूपुर थाने में पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज किया। मनोज ने बताया कि उनकी 5 लाख 50 हजार रुपये कीमत की टाइटन नेबुला गोल्ड घड़ी थी।

6- पत्नी पर हमला करने वाले पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज 
लंका थाना क्षेत्र के छित्तूपुर इलाके में रहने वाली अनिता देवी ने अपने पति राम दयाल सेठ के खिलाफ तहरीर देकर मारपीट और गाली गलौज के मामले में मुकदमा दर्ज करवाया है। अनिता का आरोप है कि पति से विवाद चल रहा था, बीते 16 सितंबर की शाम 6 बजे किसी बात पर विवाद हो गया। जिसके बाद राम दयाल ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट के दौरान राम दयाल ने गाली गलौज भी किया। मारपीट में सिर और कंधे में गंभीर चोटें आई हैं। मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।

7- लालच और भय से बचेंगे तो साइबर क्राइम के शिकार नहीं होंगे
आभासी दुनिया में लालच और भय से बचेंगे तो यकीन मानिए कभी साइबर क्राइम के शिकार नहीं होंगे। अपने विवेक का इस्तेमाल करिए और हमेशा सतर्क रहिए। ये बातें एसीपी कोतवाली आईपीएस डॉ. ईशान सोनी ने शुक्रवार को राजघाट स्थित वसंत महिला महाविद्यालय में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला में कहीं।

एसीपी डॉ. ईशान सोनी ने कहा कि साइबर क्राइम में आजकल एक नया ट्रेंड यह चल रहा है कि लोग किसी की फोटो एडिट कर उसे आपत्तिजनक रूप दे देते हैं। फिर, उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते हैं। इसके लिए डरें या घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल पुलिस से मदद मांगें। संकोच या झिझक को छोड़ना होगा और चुप्पी तोड़नी होगी। कभी भी आपातकालीन स्थिति हो तो 112 नंबर को अपना सच्चा मित्र समझ कर बेझिझक फोन करिए। यकीन मानिए, पुलिस कम से कम समय में आपके सामने मौजूद होगी। 

छात्राएं और महिलाएं विशेष रूप से 1930 नंबर याद रखें। कोई समस्या हो तो बेहिचक बताएं। आपका नाम और पहचान गोपनीय रखकर पुलिस कार्रवाई करेगी। इसी तरह से साइबर क्राइम का शिकार होने पर 1930 पर फोन करके बताएं या फिर cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे पहले महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अल्का सिंह ने एसीपी कोतवाली का स्वागत किया। कार्यक्रम एसोसिएट प्रोफेसर अंजना सिंह की देखरेख में हुआ और संचालन संजीवनी ने किया।

व्हाट्स एप के फॉरवर्ड मैसेज पर विश्वास न करें

एसीपी कोतवाली डॉ. ईशान ने कहा कि व्हाट्स एप के फॉरवर्ड मैसेज पर विश्वास न करें। किसी किस्म की सूचना की तस्दीक के लिए अमर उजाला जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्र या उनकी वेबसाइट को देखें। इसके अलावा भी फैक्ट चेक करने और फेक अलर्ट्स के लिए हमारे पास कई अन्य ऑनलाइन विकल्प हैं। कई बार ऐसा होता है कि हम व्हाट्स एप के फॉरवर्ड मैसेज को ही सही मान कर अपनी धारणा बना लेते हैं, यह गलत है।

सवाल : हमारे साथ कुछ गलत होता है तो हम सबसे पहले गार्जियन को बताते हैं। समाज या लोकलाज के भय से गार्जियन कहते हैं कि जाने दो। ऐसे में हम क्या करें? - आराध्या अग्रहरि, छात्रा
जवाब : गार्जियन को समझना चाहिए कि वह चुप रहेंगे तो आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति का हौसला बुलंद होगा। आप 1090 नंबर पर फोन कर अपनी शिकायत बता सकती हैं। कार्रवाई हर हाल में होगी।
सवाल : 112 नंबर किस तरह से हमारे काम आता है? - प्रियांशी शर्मा, छात्रा
जवाब : 112 नंबर पर कॉल करने पर एक महिला नाम, पता और समस्या पूछेंगी। फिर वह आपके नजदीकी थाने और पुलिस रिस्पांस व्हीकल को सूचना देंगी। अधिकतम 10 मिनट में पुलिस आपके पास होगी।
सवाल : हम खुद को और अपने गार्जियन को साइबर क्राइम से कैसे बचा सकते हैं? -अंशिका, छात्रा
जवाब : मोबाइल पर आए किसी लिंक को क्लिक न करें। किसी अनजान नंबर से आए मैसेज का रिप्लाई न करें। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी न साझा करें।

इस दौरान छात्रा सोनम भारती, तरुणा गुप्ता, इशिता बोस, अंजली सोनी, यशस्वी, उदिशा पांडे और संयोगिता पांडे ने भी एसीपी कोतवाली से सवाल पूछ कर अपनी जिज्ञासा शांत की।

8- दो बाल अपचारी पुलिस हिरासत में
मंडुवाडीह  थाने से कुछ ही दूर स्थित केपी सोनकर स्कूल से दिनदहाड़े एक लाख 5 हजार रुपये चोरी के मामले में पुलिस ने दो बाल अपचारी को हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों के निशानदेही पर 54 हजार आठ सौ रुपये बरामद किए गए। जानकारी के अनुसार पिछले दिनों मंडुवाडीह थाने से चंद कदम की दूरी पर स्थित एक विद्यालय के रोशनदान से घुसे किशोर अंदर रखे बैग से रुपये निकाल कर फरार हो गए थे। उनकी करतूत सीसीटीवी में कैद हो गई थी। मंडुवाडीह पुलिस सीसीटीवी के आधार पर उनकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी बनारस स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर आठ के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया में मौजूद हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर उनकी निशानदेही पर 54 हजार 8 सौ रुपये बरामद किया।

9- रेसलर रिंकू सिंह ने काशी विश्वनाथ और बाबा काल भैरव का लिया आशीर्वाद
डब्ल्यूडब्ल्यूई के मशहूर रेसलर रिंकू सिंह 'मिलियन डॉलर आर्म' शुक्रवार को महादेव की नगरी काशी पहुंचे। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम और काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार में मत्था टेका। मंदिर में पहुंचकर उन्होंने विधि- विधान से दर्शन पूजन किया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...

10- छात्रसंघ चुनाव बहाली के लिए छात्रों ने कुलपति को दिया पत्रक
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने के लिए छात्रों ने कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी को पत्रक दिया। छात्रों का कहना है विगत वर्ष से चुनाव नहीं हो रहे हैं, जिससे तमाम छात्रों को जो भी परेशानी हो रही है। विश्वविद्यालय के अंदर उनकी परेशानियां कोई नहीं सुन रहा। छात्रसंघ हमारा अधिकार है। पत्रक देने में मुख्य रूप से अध्यक्ष पद प्रत्याशी आशुतोष कुमार तिवारी, छात्रनेता अंशुमान रघुवंशी 'अंशुम', यशु उपाध्याय, विजय सोनकर आदि छात्र उपस्थित रहे।

11- किन्नर की हत्या की जांच करेगी मिर्जापुर की पुलिस
पिलोरी गांव में किन्नर चंदन पटेल उर्फ चांदनी (22) की हत्या की जांच मिर्जापुर जिले के कछवां बाजार थाने की पुलिस करेगी। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता लगा है कि किन्नर के गले को रस्सी से कस कर हत्या करने के बाद उसका शव कुएं में फेंका गया था।

पिलोरी गांव स्थित एक कुएं में बुधवार को चार दिन से लापता खनाव गांव निवासी किन्नर चंदन उर्फ चांदनी का शव मिला था। ग्रामीणों की सूचना पर मिर्जापुर और वाराणसी की पुलिस मौके पर पहुंची थी। एडीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल के निर्देश पर मिर्जामुराद थाना प्रभारी शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था। इस मामले को लेकर किन्नर की मां उसके किन्नर साथियों के साथ मिर्जापुर के कछवां बाजार थाने में उसके दोस्त शहनाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराई थी। इस संबंध में मिर्जामुराद थानाध्यक्ष अजय राज वर्मा ने बताया कि घटना की जांच कछवां बाजार थाने की पुलिस करेगी। उनकी ओर से जिस भी प्रकार का सहयोग मांगा जाएगा, वह दिया जाएगा।

12- बीमारी से परेशान ओडिशा के युवक ने फंदा लगाकर जान दी
इंग्लिशिया लाइन क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस में ओडिशा के एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। बृहस्पतिवार को गेस्ट हाउस प्रबंधन की सूचना पर सिगरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, उसमें युवक ने आत्महत्या की वजह खुद की बीमारी से परेशान होना लिखा था।

ओडिशा के पुरी निवासी भानु शंकर (29) गत 16 सितंबर की सुबह गेस्ट हाउस में कमरा लिया था। दो दिन वह दर्शन-पूजन किया। बुधवार की रात से वह कमरे से बाहर नहीं निकला। अगली सुबह गेस्ट हाउस के कर्मचारी द्वितीय तल स्थित कमरा नंबर 110 में ठहरे भानु शंकर को आवाज दिए। काफी देर तक कोई गतिविधि नहीं हुई तो गेस्ट हाउस के प्रबंधक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में डुप्लीकेट चाबी से कमरा खोला गया। कमरा खुलने पर भानु शंकर फंदे के सहारे लटका मिला। इस संबंध में सिगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। उनके आने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। 

13- शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के नाम पर 35 लाख रुपये हड़पे, 4 पर केस
लंका स्थित कामधेनु अपार्टमेंट में रहने वाले राजेश प्रताप सिंह से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर दंपती सहित चार लोगों ने 35 लाख रुपये हड़प लिए। प्रकरण को लेकर राजेश की तहरीर पर भेलूपुर थाने में त्रिदेव अपार्टमेंट, बजरडीहा के विशाल सिंह व उसकी पत्नी मेघा गुप्ता व उसके पिता अनिल कुमार सिंह और अजय शंकर त्रिपाठी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। राजेश ने पुलिस को बताया कि उनके दोस्त अजय शंकर रिलायंस और एक्सिस बैंक में फाइनेंस का काम करते थे। अजय के माध्यम से वह विशाल, उनके पिता अनिल और पत्नी मेघा से मिले। अजय ने बताया कि विशाल व उसकी पत्नी इंफिनिटी फंड ट्रेडिंग कंपनी चलाते हैं और शेयर मार्केट में पैसा लगवाने का काम करते हैं। विशाल व उसकी पत्नी मेघा ने कहा कि हम सब 56 साल से शेयर मार्केट व ट्रेडिंग का काम करते हैं। पैसे का निवेश करने पर वह तगड़ा मुनाफा कराएंगे। दंपती की बातों पर विश्वास कर उन्होंने लिखापढ़ी के साथ 35 लाख रुपये दिए। पहली बार दंपती ने उन्हें तीन लाख रुपये दिए। उसके बाद उन्हें एक रुपये नहीं मिले और अब पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है।

14- रेलवे के इंजीनियर सहित दो को लगाई 18 लाख रुपये की चपत
साइबर जालसाजों ने उत्तर रेलवे के वरिष्ठ खंड अभियंता सहित दो लोगों को अलग-अलग तरीके से 18 लाख रुपये की चपत लगा दी। घटना के संबंध में दोनों भुक्तभोगियों ने साइबर क्राइम पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। साइबर क्राइम थाने की पुलिस दोनों प्रकरण की जांच कर रही है।

कपसेठी में तैनात उत्तर रेलवे के वरिष्ठ खंड अभियंता राजू कुमार साह ने पुलिस को बताया कि वह बलिया जिले के बैजनाथ छपरा गांव के मूल निवासी हैं। उन्हें एक युवती ने फोन कर कहा कि आपकी एसबीआई की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी को शेयर मार्केट में लगा दिया गया है। उसको निकलवाने के लिए एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के मुंबई स्थित मुख्यालय में शिकायत की गई है। पॉलिसी के पैसे निकलवाने के लिए उनसे आरबीआई बांड खरीदने को कहा गया। युवती की बातों के झांसे में आकर उन्होंने छह लाख 9763 रुपये उसके द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया। बाद में उन्हें पता लगा कि वह जालसाजी के शिकार हुए हैं। वहीं, शीश महल कॉलोनी, कमच्छा निवासी दीपक दोहरे ने नुवामा इनवेस्टमेंट के रमन वर्मा के खिलाफ 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। दीपक ने बताया कि उन्हें निवेश पर तगड़े मुनाफे का झांसा देकर एप डाउनलोड कराया गया। इसके बाद 12 लाख रुपये की चपत लगा दी गई।
 
15- भांजा बन कर 18.50 लाख खाते में ट्रांसफर कराया
व्हाट्स एप कॉल कर खुद को भांजा बताते हुए जगतगंज निवासी संजीव कुमार सिंह को साइबर फ्रॉड ने 18 लाख 50 हजार रुपये की चपत लगा दी। संजीव सिंह ने बताया कि व्हाट्स एप पर कॉल कर जालसाज ने उन्हें खुद को उनका भांजा बताया। वह उसकी बातों पर विश्वास करते हुए उसके बताए गए बैंक अकाउंट में पैसा ट्रांसफर करते चले गए।

16- पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश जेल भेजा गया
कानूडीह-सरसवां लिंक मार्ग से पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाश बृहस्पतिवार को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया। उसकी पहचान बिहार के मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना के शास्त्री नगर निवासी गुलशन कुमार के रूप में हुई है। गुलशन पर डीसीपी वरुणा जोन ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसके पास से एक तमंचा-कारतूस और बगैर नंबर प्लेट की एक बाइक बरामद की गई है।

एसओजी प्रभारी मनीष कुमार मिश्रा और शिवपुर थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह की संयुक्त टीम ने बुधवार की रात एक बजे मुठभेड़ में गुलशन को गिरफ्तार किया गया था। उसके बाएं पैर में घुटने से नीचे पुलिस के असलहे से निकली गोली लगी थी। पूछताछ में गुलशन ने बताया कि गत 23 जुलाई को माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट को वह, आदर्श गिरी और शिवा सोनकर रोक कर गोली मारे थे। इसके बाद तीनों उससे एक लाख एक हजार रुपये लूट लिए थे।  

17- ब्याज के मुनाफे का झांसा देकर 18 लाख रुपये हड़पे
लंका के एक व्यवसायी को माइक्रो फाइनेंस कंपनी में निवेश करने पर 24 प्रतिशत ब्याज की दर से मुनाफे का झांसा देकर 18 लाख रुपये की चपत लगा दी गई। घटना के संबंध में व्यवसायी अखिलेश ओझा की तहरीर पर लंका थाने में चंदौली जिले के खरौजा, चकिया निवासी शुभम सिंह, उसके पिता धीरेंद्र प्रताप सिंह, चाचा पाताली सिंह और अजय सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकी बाग कॉलोनी, लंका निवासी अखिलेश ओझा ने बताया कि शुभम सिंह, उसके पिता धीरेंद्र व चाचा पाताली और अजय ने अमरा खैरा गांव में सुपर गोल्ड माइक्रो फाउंडेशन नाम से कंपनी खोल रखी थी। लंका स्थित उनकी दुकान पर आने-जाने के दौरान शुभम से उनका परिचय हुआ। शुभम ने उन्हें ऑफर दिया कि उसकी कंपनी में रुपये निवेश करने पर 24% ब्याज का लाभांश दिया जाएगा। शुभम ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनका पैसा पूरी तरह से सुरक्षित रहेगा।

शुभम के झांसे में आकर उसकी कंपनी में उन्होंने 18 मई 2023 को 18 लाख रुपये का निवेश किया। इसके बाद जब लाभांश देने की बारी आई तो शुभम टालमटोल करने लगा। उन्होंने पता लगाया तो सामने आया कि शुभम के फर्जीवाड़े में उसका पिता धीरेंद्र व चाचा पाताली और अजय सिंह भी शामिल है। इसके बाद उनके प्रयास करने पर भी शुभम सिंह से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी और न उन्हें उनका पैसा वापस मिला। एक जुलाई 2024 को वह अपने पैसे के संबंध में बात करने के लिए शुभम के खरौजा स्थित घर पर गए। इस पर शुभम का पिता धीरेंद्र व चाचा पाताली और अजय सिंह गालीगलौज करते हुए उनसे मारपीट पर आमादा हो गए। तीनों ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि दोबारा पैसा मांगने आए तो जान से मार देंगे। इस संबंध में लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
 
18- बीएचयू में मेस की समस्या पर छात्रों का प्रदर्शन
बीएचयू में एलबीएस हॉस्टल में मेस की समस्या को लेकर लाल बहादुर शास्त्री हॉस्टल के छात्रों ने बृहस्पतिवार शाम को हॉस्टल के सामने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि समय से पूरी फीस जमा करने के बाद भी खाने की गुणवत्ता सही नहीं है। जो छात्र खाना नहीं खाते हैं, उसका पैसा वापस नहीं किया जाता है। कई बार आवाज उठाने के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने छात्रों को मनाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र लिखित कार्रवाई पर अड़े रहे। चीफ प्रॉक्टर प्रो. एसपी सिंह ने बताया कि छात्रों की समस्याओं का समाधान करवाया गया। इसके बाद उन्होंने धरना समाप्त किया।  

19- बीएचयू में शिक्षक नियुक्ति पर सवाल, राष्ट्रपति-शिक्षा मंत्रालय को भेजा लेटर
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति में मिलीभगत का अंदेशा जताया जा रहा है। छात्रों ने राष्ट्रपति और शिक्षा मंत्रालय को लेटर भेजा है। लिखा गया है कि समाजशास्त्र विभाग में विषय विशेषज्ञ के लिए आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर को बुलाया गया है। जबकि उनके निर्देशन में पीएचडी किए हुए दोनों छात्र इसी इंटरव्यू में अभ्यर्थी भी हैं। प्रोफेसर भी इसी इंटरव्यू बोर्ड में एक्सपर्ट हैं। ऐसे में नियुक्ति प्रक्रिया प्रभावित की जा सकती है। जनसंपर्क अधिकारी डॉ. राजेश सिंह ने कहा कि इस तरह का कोई मामला सामने नहीं आया है। नियुक्ति की प्रक्रिया बीएचयू एक्ट और भारत सरकार के नियमों के अनुसार ही होती है। 

20- महिला अधिवक्ताओं ने खोला मोर्चा, पुरुष शौचालय में जड़ा ताला
राजातालाब स्थानीय तहसील की महिला अधिवक्ताओं ने अपनी समस्याओं को लेकर मोर्चा खोल दिया है। महिला अधिवक्ता बृहस्पतिवार को नारेबाजी करते हुए हड़ताल पर रहीं और उन्होंने पुरुष अधिवक्ताओं के शौचालय पर ताला जड़ दिया। महिला अधिवक्ताओं ने कहा कि उनकी समस्या का समाधान न हुआ तो वे शुक्रवार को भी पुरुष शौचालय में तालाबंदी कर प्रदर्शन करेंगी।

महिला अधिवक्ताओं ने कहा कि बार में उनके भवन का ताला तोड़ कर कुछ पुरुष अधिवक्ताओं द्वारा अतिक्रमण किया गया है। तहसील बार एसोसिएशन की बैठक में उनके मुद्दे पर चर्चा न होने के कारण समस्या का समाधान नहीं हो सका। महिला अधिवक्ताओं ने एसडीएम राजातालाब को पत्रक देकर न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। विरोध करने वालों में अधिवक्ता प्रीति सिंह, किरण देवी, रुखसार बेगम, कविता, ज्योति, सुमन सहित अन्य अधिवक्ता शामिल रहीं। 

21- दुकानों के बाहर न खड़ा कराएं वाहन, दर्शनार्थियों से रखें अच्छा व्यवहार
दशाश्वमेध सर्किल पुलिस और व्यापारियों के साथ शुक्रवार को बैठक हुई। पुलिस ने व्यापारियों से कहा कि दुकानों के आगे किसी भी तरह का अतिक्रमण नह हो। गाड़ियां न खड़ी करें। काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं से अच्छा व्यवहार रखें। काशी सर्राफ मंडल के व्यापारियों को आगाह किया कि बच्चों से आभूषण न खरीदें। यह गैर कानूनी हो सकता है। बैठक में एसीपी प्रज्ञा पाठक, दशाश्वमेध, लक्सा थाने की पुलिस मौजूद रही।  

22- जमीन के विवाद में मारपीट, मुकदमा दर्ज
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के शिवदासपुर में शुक्रवार दोपहर जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें तीन लोग घायल हो गए। थाना प्रभारी भरत उपाध्याय ने बताया कि उमाशंकर की तहरीर पर छांगुर, मुन्नी उर्फ झमनी, धर्मराज, करन, बकाटु, सीमा, पूजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।  

23- चौड़ीकरण के तहत पुलिस ने अतिक्रमण हटाया
मोहनसराय से लहरतारा तक सड़क चौड़ीकरण के दौरान शुक्रवार को गोविंदपुर रोहनिया बाजार से हरिहरपुर मोड़ तक अतिक्रमण ढहाया गया। कई बार चेतावनी देने के बाद भी लोगो ने अतिक्रमण नहीं हटाया था। जिसके बाद पुलिस भारी फोर्स और जेसीबी के साथ पहुंची और मकान व दुकानों को तोड़ा।  

24- पत्नी पर हमले के आरोप में पति पर मुकदमा
लंका थाना क्षेत्र की एक महिला ने पति पर मारपीट और गालीगलौज के आरोप में मुकदमा कराया है। छित्तूपुर की अनिता देवी ने पति राम दयाल सेठ के खिलाफ तहरीर दी थी। आरोप है कि उसका पति से मनमुटाव चल रहा था। 16 सितंबर की शाम 6 बजे काफी विवाद हो गया। राम दयाल ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गालीगलौज भी की। मारपीट में सिर और कंधे में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।  
 
25- युवक को मनबढ़ों ने पीटा, केस दर्ज
थाना क्षेत्र के छितौनी ऑटो स्टैंड के पास शुक्रवार देर शाम मनबढ़ों ने मोहम्मद नईम अहमद की पिटाई कर दी। आरोप है कि इस बीच नईम के परिजन अयाम अंसारी, नौशाद अली, अनवर अली को भी मारा पीटा गया। पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।  

26- दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
दुष्कर्म, पॉक्सो के मामले में वांछित आरोपी को भेलूपुर पुलिस ने शुक्रवार को बृज इंक्लेव कॉलोनी से गिरफ्तार किया। भेलूपुर प्रभारी निरीक्षक विजय शुक्ला के अनुसार, आरोपी की पहचान अनिल तिवारी निवासी बालाकोट बाल दमोह के रूप में हुई है।  

27- दहेज न मिलने पर ससुराल ले जाने से किया मना, छह पर केस
मुस्लिमपुरा, कोटवां की युवती की तहरीर पर पति सहित ससुराल के छह लोगों पर दहेज के लिए विदाई न करने के आरोप में लोहता थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। 19 वर्षीय युवती ने बताया कि मां की मौत हो चुकी है और पिता दृष्टि बाधित हैं। घर के बगल में बरकतुल्ला का बेटा शोएब अख्तर रहता है। दो वर्ष पहले शादी का झांसा देकर शोएब ने शारीरिक संबंध बनाए। फिर, उसने शादी से इंकार कर दिया। पुलिस से शिकायत पर पंचायत हुई और 19 जुलाई 2024 को शोएब ने उससे शादी की। शादी के बाद शोएब ने अपने घर ले जाने से मना कर दिया और दहेज मांगने लगा। शोएब, पिता, मां फिरोजा, चाचा नियामतुल्ला, हैबी उर्फ कलामतुल्ला व अनवर का कहना है कि पांच लाख रुपये, बाइक, एलसीडी टीवी, फ्रिज, कूलर, बेड, आलमारी, सोफा सेट और अन्य घरेलू सामान लाओ। इसके बाद ही ससुराल आने देंगे।  

28- मंडी शुल्क चोरी के मामले में पकड़ा गया गेहूं लदा ट्रक 
मंडी शुल्क चोरी के मामले में 416 क्विंटल गेंहू लदा ट्रक हरहुआ रिंग रोड के पास से बृहस्पतिवार रात पकड़ा गया। मंडी के सचिव और सचल दस्ते ने आजमगढ़ से ओडिशा जा रहे ट्रक से डेढ़ लाख शमन शुल्क लेने के बाद शुक्रवार को छोड़ा। पहड़िया मंडी सचिव विपुल कुमार के नेतृत्व में गठित सचल दस्ते ने ट्रक चालक से गेहूं से संबंधित कागज मांगे, लेकिन चालक इसे दिखा नहीं सका। इसके बाद धर्मकांटा पर तौल कराई गई। इसमें मंडी शुल्क की चोरी पकड़ में आई।  

29- दो वार्डों के तीन स्थानों के अवैध निर्माण वीडीए ने किए सील
दो वार्डों में तीन स्थानों पर हो रहे अवैध निर्माण को सील कर वीडीए ने पुलिस अभिरक्षा में दिया। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि सारनाथ वार्ड के बुद्ध नगर कॉलोनी गंज परशुरामपुर नाले के पास दुर्गा प्रसाद सिंह की ओर से नोटिस के बाद भी अवैध निर्माण किया जा रहा था। नोटिस के बाद भी भेलूपुर वार्ड के ब्रह्मानंद नगर कॉलोनी में मंजू शर्मा, आकाश शर्मा की ओर से निर्माण कराया जा रहा था। जिसे सील किया गया। पुष्कर तालाब अस्सी निवासी विनीता तिवारी के अवैध निर्माण को सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। वीडीए के अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने जोनल अधिकारियों को हाईकोर्ट के आदेश का अनुपालन कराने पर जोर दिया।

30- वीडीए सचिव ने जताई नाराजगी
ठेकेदारों को आ रही समस्याओं पर वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने निर्माण विभाग के अधिकारियों पर नाराजगी जताई। शुक्रवार को बैठक में वीडीए सचिव ने ठेकेदारों को हिदायत दी कि हर साइट पर खुद जाएंगे। ठेकेदारों को पेमेंट में आ रही दिक्कतों को दूर करने की अधिकारियों को जिम्मेदारी दी। ठेकेदारों के रजिस्ट्रेशन के लिए प्रतिवर्ष नवीनीकरण में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए सचिव ने एक से बढ़ाकर तीन वर्ष करने का आश्वासन दिया। 

31- सीडीओ ने 2 अधिकारियों के रोके वेतन
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में कैच रेन के संबंध में बैठक हुई। सीडीओ ने जिला उद्यान अधिकारी और सहायक अभियंता भूगर्भ जल विभाग के कैच द रेन के कार्य की खराब प्रगति पर नाराजगी जताई। साथ ही माह का वेतन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। सहायक अभियंता लघु सिंचाई को अगली बैठक में संबंधित विभागों द्वारा कराए कार्यों के फोटो प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही जल संरक्षण से संबंधित कराए गए कार्यों की समीक्षा की। खराब प्रगति पर पर चेतावनी दी कि 15 अक्तूबर तक काम पूरा नहीं हुआ तो कार्रवाई होगी।  

32- दवा विक्रेताओं ने ड्रग इंस्पेक्टर पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
लंका दवा व्यवसायी संघ ने ड्रग इंस्पेक्टर पर नए नियमों का हवाला देकर शोषण का आरोप लगाया है। शुक्रवार को संकट मोचन पुरानी गली के स्कूल में बैठक के दौरान दवा व्यवसायियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। अध्यक्ष सुभाष सोनकर ने कहा कि यदि उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो आंदोलन को विवश होंगे। बैठक में मौजूद भाजपा जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने आश्वस्त किया कि प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर समाधान कराया जाएगा। बैठक में जनार्दन, लल्लन तिवारी, मो. मुस्तफा, संदीप चतुर्वेदी, राजा रहे।  

33- निरीक्षण में बंद मिले पांच आंगनबाड़ी केंद्र, मानदेय रोका
बाल विकास परियोजना की ओर से संचालित आंगनबाड़ी केद्रों का निरीक्षण शुक्रवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी डीके सिंह ने किया। हरहुआ विकासखंड में पांच केंद्र बंद मिले। इन केंद्रों पर कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मुन्नी उपाध्याय, मीरा देवी, बदामा देवी, राजकुमारी देवी, मीना देवी और 7 सहायिका अनुपस्थित मिलीं। सभी का मानदेय रोकने के साथ नोटिस जारी किया गया।  

34- वेंडरों ने दून एक्सप्रेस में यात्री को पीटा
कैंट स्टेशन के आउटर पर शुक्रवार को 13010 दून एक्सप्रेस में सवार यात्री की वेंडरों ने खाना नहीं लेने पर पिटाई कर दी। आरोप है कि पत्थरबाजी कर उसका सिर भी फोड़ दिया गया। चार अन्य वेंडरों ने अन्य यात्रियों से भी गालीगलौज की। पीड़ित यात्री ने रेल मदद और एक्स पर वीडियो शेयर कर शिकायत की है। चिकित्सकीय टीम ने यात्री का उपचार किया।  

35- मिर्जामुराद में हाईवे पर एक्सीडेंट, दो बाइक सवार घायल
दो अलग-अलग जगहों पर शुक्रवार को अज्ञात कारों ने दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। रखौना गांव के नेशनल हाईवे पर कार ने बाइक सवार विनय कुमार (36) को पीछे से टक्कर मार दी। गांव वालों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। कार वाराणसी से प्रयागराज जा रही थी, जिसके बारे में कुछ जानकारी नहीं हो पाई। विनय कुमार मिर्जामुराद के ही खोचवां गांव के निवासी हैं। दूसरी ओर रूपापुर गांव के नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन ने वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रहे एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। प्रयागराज के बरौत गांव निवासी रिंकू कुमार घायल हो गए। ग्रामीणों के सहयोग से पास के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।  
विज्ञापन

36- जमीन फ्री होल्ड होने से औद्योगिक विकास पकड़ेगा गति
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने कहा कि एमएसएमई पॉलिसी के कारण पूरे देश के उद्यमी उत्तर प्रदेश समेत पूर्वांचल में उद्योग लगाने को आतुर हैं, लेकिन जमीन की अनुपलब्धता के कारण औद्योगिक विकास गति नहीं पकड़ पा रहा है। लीज होल्ड औद्योगिक भूखंडों को फ्री होल्ड करने से सरकार को होने वाले राजस्व से नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा सकते हैं। इससे रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लिए लीज होल्ड औद्योगिक भूमि फ्री होल्ड की जाए।

शुक्रवार को मलदहिया विनायक प्लाजा में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि आईआईए की ओर से लगातार लीज होल्ड औद्योगिक भूमि को फ्री होल्ड करने की मांग की जा रही है। आईआईए के राष्ट्रीय सचिव राजेश भाटिया ने बताया कि हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और तमिलनाडु आदि में लीज होल्ड भूमि को फ्री होल्ड करने की पॉलिसी लागू है तो अपने प्रदेश में क्यों नहीं। आईआईए के राष्ट्रीय सचिव दीपक बजाज और आईआईए के डिविजनल चेयरमैन अनुपम देवा ने कहा कि औद्योगिक भूखंडों को फ्री होल्ड कर देना चाहिए। आईआईए विंध्यांचल व आजमगढ़ मंडल के डिविजनल चेयरमैन प्रशांत अग्रवाल, अनुज डीडवानिया, गौरव गुप्ता, बीएन दुबे, राजकुमार शर्मा, बिपिन अग्रवाल आदि मौजूद रहे। 

37- भाजपा सरकार को विधानसभा चुनाव में उखाड़ फेंकना है
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि संगठन की रीढ़ कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ताओं के बल पर ही संगठन की संरचना होती है। कार्यकर्ताओं के दम पर ही 2027 में भाजपा सरकार को प्रदेश से उखाड़ फेंकना है। वह शुक्रवार को पिंडरा के कथौली स्थित पूर्वांचल आईटीआई कॉलेज परिसर में आयोजित संगठन संरचना संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज प्रदेश में भ्रष्टाचार, अत्याचार, लूट व दुष्कर्म की घटनाओं से भय का माहौल बना हुआ है। भाजपा के दमनकारी नीतियों से लोग त्रस्त हैं। 2027 के विस चुनाव में प्रदेश से भाजपा सरकार को हटाना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से जागरूक होना होगा।

उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों को संरक्षण देते हुए एक जाति विशेष को निशाना बनाया जा रहा है। बिजली विभाग हो या राजस्व विभाग सभी जगह केवल वसूली का काम चल रहा है। प्रदेश के किसान, मजदूर व व्यापारी बिजली विभाग के मीटर व वसूली से त्रस्त हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जिस तरह पांच बार पिंडरा का प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया उसी का प्रतिफल है कि आज प्रदेश अध्यक्ष होकर पूरे प्रदेश की जनता के दुख दर्द को दूर करने का प्रयास कर रहा हूं। पिंडरा मेरा परिवार रहा है, कभी दूर नही हुआ हूं, केवल जिम्मेदारी के चलते भागदौड़ बढ़ी है। कार्यक्रम में लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान राधेश्याम पटेल, मोहसिन रजा शास्त्री, अनिल शर्मा, राजेश्वर सिंह पटेल, रामसनेही पांडेय मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें