भीटी पुलिस चौकी के पीछे लगभग सौ मीटर की दूरी पर मंगलवार को आपूर्ति विभाग की टीम ने छापा मार कर गैस सिलिंडर की रिफिलिंग के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया। आपूर्ति विभाग की कार्रवाई में मौके से तीन घरेलू सिलिंडर, एक छोटा सिलिंडर, दो ऑटो रिफिलिंग उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और अन्य सामान बरामद हुए। दुकान संचालक साहित्यनाका, रामनगर निवासी शमशेर खान मौके से भाग गया। छापा मारने वाली टीम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी भानु प्रताप सिंह, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुषमा पांडेय और पूर्ति निरीक्षक पुलकित वत्स शामिल थे।
डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह से मुंबई के लोअर परेल स्थित रेहान इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर महादेव जाधव ने उनसे अपने व्यापार में निवेश करने के लिए कहा। उन्हें बताया कि प्रति माह एक निश्चित धनराशि मिलेगी और इसके लिए एडवांस में चेक उपलब्ध करा दिया जाएगा। वह महादेव की बातों पर विश्वास करके उसके द्वारा भेजे गए प्रतिनिधि राजेश सिंह को 37 लाख रुपये अपने बैंक खाते से दिए। 10 लाख रुपये उन्होंने नगद दिया। महादेव ने उन्हें 54 लाख 30 हजार रुपये का 40 चेक दिया। 16 लाख रुपये की कीमत के चेक का भुगतान उन्हें मिला। बाद में चेक का भुगतान होना बंद हो गया। इस पर राजेश सिंह और महादेव जाधव से बात की गई तो दोनों ने शेष पैसा भूल जाने के लिए कहा।
किराये के कमरे में मृत पड़ा मिला बुजुर्ग
कैंट थाने के सिकरौल स्थित एक मकान के कमरे में मंगलवार की सुबह एक बुजुर्ग का शव मिला। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि चुप्पेपुर, शिवपुर का मूल निवासी मोहन लाल भोजवानी (77) लगभग दो साल से सिकरौल निवासी अधिवक्ता हरिशंकर सिंह के यहां किराये पर कमरा लेकर रहता था। वह ठेला पर चाय बेचकर जीवन यापन करता था। एक हफ्ते से मोहन लाल की तबीयत ठीक नहीं थी। मंगलवार की सुबह काफी देरी तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसी नरेंद्र यादव ने दरवाजे को जोर से धक्का देकर खोला। अंदर मोहन लाल निढाल पड़ा था और सारा सामान अस्त-व्यस्त था। पुलिस ने मोहन लाल के परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
तिलमापुर क्षेत्र की न्यू कॉलोनी में रहने वाले पंकज मालवीय (48) ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी। सूचना पाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पंकज मालवीय ठेके पर मकान बनवाने का काम करता था। संदीप के पिता ने बताया कि पंकज आर्थिक तंगी से परेशान होकर विषाक्त पदार्थ खाकर जान दिया है। पंकज की एक पुत्री और एक पुत्र है।
जमीन विवाद में बुजुर्ग दंपती को पीटा
रामचंदीपुर नखवां गांव की रहने वाली लालमनी देवी और उनके पति अवधेश निषाद को जमीन के विवाद में लाठी-डंडे से पीट कर घायल कर दिया गया। पीड़िता लालमनी देवी की तहरीर पर चौबेपुर थाने में चार आरोपियों जगदीश, बंशराज, शिवकुमार और राजकुमार निषाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सफारी से चोरी करते थे बकरा, आरोपी गिरफ्तार
बकरा चोरी के आरोपी को पुलिस ने क्षेत्र से गिरफ्तार किया। सफारी वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। थानाध्यक्ष ईश्वर दयाल दुबे के अनुसार आरोपी की पहचान सिंधोरा के गरथमा निवासी महेंद्र प्रताप के रूप में हुई है। छानबीन में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के संग सफारी से बकरा चोरी करता था। इसके दो साथी फरार है, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। थाने क्षेत्र के नेहिया निवासी पूनम देवी ने 10 अक्तूबर को सफारी गाड़ी से बकरा चोरी करने का मुकदमा दर्ज कराया था।
युवती ने अपने जीजा समेत परिजनों पर पिटाई का आरोप लगाया है। मंगलवार को थाने में तहरीर दी। भदोही की रहने वाली मीना पटेल के अनुसार वह अपनी बहन सपना पटेल के साथ बच्छाव निवासी छोटी बहन सुनीता पटेल से मुलाकात करने गई थी। इस बीच विवाद हो गया, जिससे नाराज जीजा समेत उनके परिजनों ने पिटाई कर दी।
जीएसटी के नाम पर ईंट भट्ठा मालिकों का नहीं होगा उत्पीड़न
पुराने बकाया को दिखाकर मनमाने तरीके से ईंट भट्ठा फर्मों के बैंक खातों से रकम निकासी की पुनरावृत्ति और बैंक खातों को सीज नहीं किया जाएगा। यह आश्वासन जीएसटी के अपर आयुक्त ग्रेड-वन डीएन सिंह ने मंगलवार को ईंट निर्माता परिषद के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक दिया।
चेतगंज स्थित जीएसटी कार्यालय में ईंट निर्माता परिषद के अध्यक्ष कमलाकांत पांडेय ने कहा कि कुछ अधिकारी ईंट भठ्ठा मालिकों का उत्पीड़न कर रहे हैं। इस दौरान तय हुआ कि जीएसटी अधिकारियों और ईंट निर्माता परिषद की एक बैठक भी जल्द होगी। इसमें कई बिंदुओं, अधिनियम आदि पर चर्चा की जाएगी। अपर आयुक्त ग्रेड-वन डीएन सिंह ने कहा कि यदि कोई उत्पीड़न कर रहा है तो उसकी सूचना दें। साथ ही कहा कि जो टैक्स, लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में गड़बड़ी करते हैं, उनका साथ न दें। बैठक में उपाध्यक्ष ओमप्रकाश बदलानी, महामंत्री शिवप्रकाश सिंह, मंशा राम आहूजा, कैलाश पटेल, मनोज यादव आदि रहे।
ट्रॉली बैग के विरोध में डीआरएम ऑफिस के बाहर प्रदर्शन
ट्रॉली बैग व्यवस्था पर रोक लगने के बाद भी पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में लोको पायलट और गार्डों को ट्रॉली बैग दिए जाने का दबाव बनाया जा रहा है। आक्रोशित कर्मचारियों ने मंगलवार को ऑल इंडिया गार्ड काउंसिल के बैनर तले डीआरएम ऑफिस लहरतारा में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान डीआरएम वीके श्रीवास्तव को ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधि मंडल में शामिल प्रमोद कुमार, जीपी शर्मा, अश्विनी कुमार, राणा राकेश रंजन कुमार, वीरेंद्र पांडेय ने बताया कि ट्रॉली बैग व्यवस्था पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। 26 सितंबर को महाप्रबंधक के आदेश के बाद भी मंडल रेल प्रबंधक की ओर से न ही ट्रॉली बैग के प्रावधान को बंद किया और न ही लाइन बॉक्स को चालू किया। गार्डों और लोको पायलट ने लाइन बॉक्स व्यवस्था को चालू करने की मांग की।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रसाद का दायित्व गुजरात केंद्रित अमूल डेयरी संस्थान को सौंपे जाने के सरकार के फैसले पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि यह स्थानीय जनभावनाओं के साथ ही काशी एवं पूर्वांचल के स्थानीय आर्थिक हितों पर गहरे आघात का एक और कदम है। ये कार्य स्थानीय जन उत्पादन आधारित अमूल संस्थान भी कर सकता है। अजय राय ने कहा कि हर बड़े और महत्वपूर्ण काम लगातार गुजरात से जुड़ी कंपनियों को दिए जा रहे हैं। पराग को यह सेवा मिलती तो उसके माध्यम से स्थानीय जनता का योगदान बाबा के भोग प्रसाद की सेवा से जुड़ता। सरकार ने बाबा की सेवा के इस सौभाग्य से वंचित करने की साजिश की है।
1 नवंबर से होगी धान की खरीद
जिलाधिकारी एस.राजलिंगम ने मंगलवार को जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला प्रबंधक पीसीएफ, पीसीयू और मंडी सचिव को धान क्रय केन्द्रों की जियो टैगिंग कर केन्द्रों को ऑनलाइन कराने का निर्देश दिया। 1 नवंबर से धान खरीद शुरू कर भारत सरकार के पोर्टल क्यूसीआई पर धान क्रय केन्द्र के समस्त विवरण अपडेट कराने को कहा। जिन मिलों में विद्युत कनेक्शन नहीं है वहां धान खरीद कार्य नहीं होगा। अपर जिलाधिकारी(वि/रा0) और अधिकारी गण उपस्थित रहे।