फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi Top News: नगर आयुक्त के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी देव दीपावली, इस दिन होगी एनसीसी भर्ती प्रक्रिया

Thu, 30 Oct 2025 06:29 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi Top News: वाराणसी जिले में इस बार नगर आयुक्त के लिए सबसे बड़ी चुनौती देव दीपावली होगी। देव दीपावली पर घाटों पर जुटने वाली भीड़ को देखते हुए सबसे बड़ा काम घाटों की सफाई है।
विज्ञापन
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के पास सबसे बड़ी चुनौती देव दीपावली होगी। पांच नवंबर को गंगा घाटों पर लाखों लोगों की भीड़ उमड़ती है। इसके लिए सबसे बड़ा काम घाटों की सफाई है। नगर निगम सदन की बैठक में बजट पास कराने के अलावा एक मेयर और 100 पार्षदों संग समन्वय बैठाना है। बृहस्पतिवार को वे नगर निगम में कार्यभार लेंगे।

विज्ञापन


बुधवार को वीडीए के सभागार में मंडलायुक्त एस राजलिंगम की अध्यक्षता में एक समारोह हुआ। जिसमें वीडीए में नए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के कार्यभार पर स्वागत किया गया। निवर्तमान उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग को विदाई दी गई। वीडीए के 51 वें उपाध्यक्ष के रूप में पूर्ण बोरा ने कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। 2018 बैच के आईएएस पूर्ण बोरा का जन्म 01 मई 1989 को असम में हुआ। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बी.टेक की उपाधि प्राप्त की है।प्रशिक्षण के बाद उन्होंने जनपद कुशीनगर में संयुक्त मजिस्ट्रेट के रूप में 07 अगस्त 2020 को पदभार ग्रहण किया। इसके बाद 28 जून 2022 को उन्हें जनपद बिजनौर में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर तैनात किया गया।

मंडलायुक्त ने दोनों अधिकारियों को पुष्पगुच्छ दिया। निवर्तमान उपाध्यक्ष ने अपने कार्यकाल के दौरान प्राधिकरण के विकास कार्यों के सफल निष्पादन में प्रदान किए गए मार्गदर्शन, कार्यकुशलता एवं समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया। सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा, नगर नियोजक प्रभात कुमार की ओर से पुलकित गर्ग को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गई।
विज्ञापन


उधर, निवर्तमान सीडीओ हिमांशु नागपाल ने पुष्पगुच्छ देकर नए सीडीओ प्रखर कुमार सिंह को चार्ज सौंपा। प्रखर कुमार सिंंह 2021 बैच के आईएएस हैं। इनका जन्म 1997 में रामपुर में हुआ था। इसके पूर्व वे अलीगढ़ में सीडीओ रहे और कानपुर में जॉइंट मजिस्ट्रेट रहे हैं।

काशी विद्यापीठ में तीन नवंबर को होगी एनसीसी भर्ती प्रक्रिया
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ सत्र 2025-26 में स्नातक के विद्यार्थियों के लिए एनसीसी प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए चयन प्रक्रिया 3 नवंबर को होगी। स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल रमना में 97 बटालियन एनसीसी के प्रशिक्षण एवं कैंप केंद्र पर सुबह 7.30 बजे से भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। एनसीसी अधिकारी ले. आयुष कुमार ने बताया कि चयन प्रक्रिया में विश्वविद्यालय मुख्य परिसर के सत्र 2025-26 के स्नातक के प्रथम वर्ष/प्रथम सेमेस्टर के वही संस्थागत छात्र एवं छात्राएं ही भाग ले सकते हैं, जिन्होंने एनसीसी प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है। गायन एवं वादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि वाले छात्र एवं छात्राओं को (प्रमाण पत्र के आधार पर) प्राथमिकता दिया जा सकता है। 

पश्चिम बंगाल से कम दाम पर गांजा लाकर पूर्वांचल में खपाने वाले दो तस्कर गिरफ्तार
सिगरा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान 17 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गांजे की कीमत 9 लाख बताई जा रही है। अभियुक्तों की पहचान आनंद वर्मा (28) निवासी धनंजयपुर थाना बड़ागांव, वाराणसी और सूर्यभान मौर्य (35) निवासी जमुआ थाना तरवां, आजमगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी कम दाम में बंगाल से खेप लाकर पूर्वांचल में ज्यादा दाम पर बेचते थे। एसीपी चेतगंज डॉ. ईशान सोनी ने सिगरा थाने में बताया कि सोमवार देर रात 11 बजे एनईआर पार्किंग के पास सिगरा पुलिस चेकिंग की रही थी। इस बीच महमूरगंज की तरफ से आई कार को पुलिस ने रोका। कार में दो लोग सवार थे। तलाशी में कार की पिछली सीट पर 17 किलो गांजा कई पैकेट में बांधा मिला। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि तस्कर पश्चिम बंगाल से कम दाम पर गांजा खरीदते हैं और पूर्वांचल में ऊंचे दाम पर बेचते हैं। सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि सूर्यभान पर आजमगढ़ में तीन मामले पहले से दर्ज हैं।

राजकुमार के माता-पिता की डीएनए जांच होगी, बीएचयू पहुंचे
चौबेपुर थाना क्षेत्र के चुमकुनी गांव से बरामद राजकुमार गौड़ के कंकाल की पहचान के लिए माता-पिता की डीएनए जांच कराई जाएगी। बुधवार को पुलिस ने दोनों को बीएचयू के चिकित्सकों के पास भेजा। चिकित्सकों ने कागजी कार्रवाई के बाद 72 घंटे बाद बुलाया है। पुलिस के अनुसार डीएनए जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है। 14 अगस्त की दोपहर से लापता राजकुमार का कंकाल बताते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को 5 घंटे तक चौबेपुर-बाबतपर मार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया था। बेटे जानू ने गांव के बाहर एक खेत में कंकाल और पिता की लोवर और बनियान देखी थी। राजकुमार के पिता ने पुलिस को बताया कि गांव में ही जमीन का विवाद चल रहा है। आरोप लगाया कि फूलपुर थाना क्षेत्र के बरवां कला निवासी आरोपियों ने बेटे की हत्या कर शव गायब कर दिया। उसी का कंकाल है। चौबेपुर प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि माता-पिता की डीएनए जांच करवाई जा रही है।  

अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराई, तीन छात्र घायल

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के डंगहरिया गांव के पास बुधवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे जा पलटी। हादसे में कार सवार तीन छात्र आर्यन सिंह निवासी चांदमारी वाराणसी, सुमित सिंह निवासी बीएलडब्ल्यू और अभिनव कुमार घायल हो गए। तीनों भदोही से 12वीं ओपन बोर्ड की परीक्षा देकर वाराणसी लौट रहे थे। पुलिस ने घायलों को ट्रॉमा सेंटर भेजा।  

शिवपुर में एक ही रात तीन जगहों पर चोरी
शिवपुर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में तीन जगहों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोरों ने हार्डवेयर स्टोर, ज्वेलरी शॉप और मंदिर के दानपात्र को निशाना बनाया। सूचना पर पहुंची शिवपुर पुलिस ने जांच की। दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। मंगलवार देर रात कबीर मठ नेपालीबाग में धीरेंद्र कुमार गिरि के हार्डवेयर स्टोर में पीछे की दीवार में सेंधमारी कर चोरों ने 15-16 हजार रुपये और हजारों रुपये का पेंट चोरी कर लिया। ज्वेलरी शॉप संचालक संतोष सेठ के शॉप से दो किलो चांदी, सोने की नथ व छह सोने की अंगूठियों समेत लाखों के आभूषण पार कर दिए। परमानंदपुर के दुधहिया पोखरी के शनि देव मंदिर में दानपात्र को तोड़कर हजारों रुपये नकद चोरी कर किए। बगल में दिव्या चश्मा घर के संचालक दीपक दीक्षित ने बताया कि उनकी दुकान में भी चोरों ने सेंधमारी का प्रयास किया। सूचना पर एसीपी कैंट नितिन तनेजा, शिवपुर थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर पहुंचे। डॉग स्क्वॉयड को बुलाकर जांच की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।  

पत्नी की विदाई न होने से आहत पति ने फंदा लगाकर दी जान
जैतपुरा थाना क्षेत्र के सरैया मोहल्ला निवासी अहमद अली (25) ने मंगलवार देर रात फंदा लगाकर जान दे दी। अहमद अली की शादी मिर्जापुर के अहरौरा में हुई थी। रविवार को पत्नी की विदाई के लिए ससुराल गया था। विदाई न होने से वह आहत था और घर लौट आया। मंगलवार रात घरवाले कमरे में उसे खाना देने पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने पर जब दरवाजा नहीं खुला तो रोशनदान से झांककर देखा गया। अहमद का शव पंखे के हुक से रस्सी के सहारे लटकता मिला। जैतपुरा थाना पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है। 

ट्रांसपोर्टर के 64 लाख के गबन का आरोपी गिरफ्तार, 3 की तलाश
ट्रांसपोर्टर के 64 लाख के गबन के मामले में आरोपी कर्मचारी आशीष यादव को पुलिस ने बुधवार को रामनगर चौक से गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र के माफी विषेसरपुर का रहने वाला है। रामनगर के कोदोपुर निवासी पीड़ित ट्रांसपोर्टर रफीक अहमद ने 17 अक्तूबर को रामनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि आरोपी ने कई ट्रकों और ट्रेलरों के रजिस्ट्रेशन नंबरों के डेटा एंट्री को दिखाकर लोडिंग-अनलोडिंग का चालान बनाया। फिर डीजल का खर्च दिखाकर 64 लाख रुपये का गठन कर दिया। जांच में इसका पता चलने पर जब उससे बात की गई तो आरोपी ने गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।  

जुआ खेलने की सूचना देने वाले ने किया अभद्र भाषा का प्रयोग
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया। युवक ने मंगलवार देर रात पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर गांव में जुआ खेलने की सूचना दी थी। उसने दो बार फोन कर शिकायत की, लेकिन बातचीत के दौरान पुलिसकर्मियों से सुनाई नहीं दे रहा क्या? कहते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग कर बैठा। सूचना मुख्यालय लखनऊ में रिकॉर्ड हो गई, जिसके बाद पुलिस उसे पकड़ कर थाने ले आई। पूछताछ के दौरान युवक मौका देखकर भाग निकला। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि ऐसा कोई मामला हमारे संज्ञान में नहीं है।  

संपत्ति विवाद में मारपीट, भाई समेत पांच पर केस दर्ज
 लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के भक्तिनगर में पारिवारिक संपत्ति के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ओमप्रकाश यादव ने पुलिस को बताया कि पिता रामकुंवर यादव ने विवाद के चलते 2023 में मकान अपनी तीन बहुओं प्रियंका, अंजली और सुमन यादव को रजिस्टर्ड दान कर दिया। बावजूद बड़े भाई सुनील यादव ने मकान के एक कमरे में कब्जा किया है। विरोध करने पर सुनील, राजदीप, बिंदु, राजलक्ष्मी और प्रिया यादव ने गालीगलौज और मारपीट की। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।  

खनन में मिट्टी सहित ट्रैक्टर सीज
फूलपुर थाना क्षेत्र के औद्योगिक नगर में मंगलवार रात खनन करने वाले मिट्टी लदे ट्रैक्टर को सीज किया गया। खनन विभाग व फूलपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।  

महिला अधिवक्ता को भेजे अश्लील मेसेज, केस दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र में महिला अधिवक्ता को व्हाट्सएप पर अश्लील मेसेज भेजकर प्रताड़ित करने के मामले में बुधवार को केस दर्ज किया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जून से एक युवक अभद्र और आपत्तिजनक संदेश भेज रहा है। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। 
 
ढाबे के किनारे भारी वाहन खड़े करने पर होगा केस
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के तमाचाबाद से रूपापुर तक नेशनल हाईवे-19 पर ढाबा संचालकों को पुलिस ने ट्रक न खड़ा करने की हिदायत दी। बुधवार को पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। प्रयागराज-वाराणसी मार्ग पर ढाबा के पास हाईवे के किनारे ढाबा और सर्विस लेन पर ट्रक खड़ा कर चालक भोजन करते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका होती है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस ने ढाबा संचालकों को कहा कि दोबारा सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी मिलीं तो केस दर्ज किया जाएगा। हाईवे किनारे खड़े वाहनों की वजह से आए दिन हादसे होते हैं। अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। पुलिस ने बताया कि आगे भी अभियान चलाया जाएगा।  

युवक की मौत में चार पर केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
चौबेपुर थाना क्षेत्र के नरायनपुर में प्रकाश गौड़ की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे से लटकने से मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि, पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के विरेंद्र यादव समेत चार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। टीम जांच कर रही है। ग्राम प्रधान ने आरओ प्लांट पर ताला लगवा दिया है।

प्रकाश गौड़ के भाई मनोज गोड़ ने पुलिस को बताया कि आरोपियों में वीरेंद्र यादव, विजय यादव, अजय यादव और वीरेंद्र उर्फ कल्लू यादव से तीन साल से जमीन का केस चल रहा था। 4 अक्तूबर को दोनों पक्षों का शांति भंग में चालान हुआ था। नोटिस आने पर 24 अक्तूबर को जमानत कराया गया। जबकि आरोपी की ओर से अभी तक कोई न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ। आरोपी लगातार जान मारने की धमकी देते रहे। पुलिस को सूचना दी जा रही थी। थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे पर लटकने से मौत की पुष्टि हुई है। केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

प्रकाश के दरवाजे पर आरओ प्लांट पर ताला लगवाया गया। ग्रामीणों के अनुसार प्लांट की बोरिंग फेल होने के चलते छह साल से वह बंद है, लेकिन पंप हाउस खुला था। दिन में वहां जुआड़ियों का जमावड़ा लगता था जबकि रात में प्रकाश के परिवार के लोग सोते थे। घटना वाली रात प्रकाश सोने के लिए गया था।

डेबिट कार्ड बदलकर खाते से 50 हजार निकाले
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर में यूको बैंक के एटीएम से भतीजे के साथ रुपये निकालने गई चाची का डेबिट कार्ड बदलकर जालसाजों ने 50 हजार रुपये निकाल लिए। घटना 27 अक्तूबर की सुबह 9.35 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में दो आरोपियों की करतूत कैद है। महेशपुर इंडस्ट्रियल एस्टेट निवासी गुड़िया अग्रहरि ने पुलिस को बताया कि एटीएम बूथ में भतीजे हर्षित के साथ पहुंची तो रुपये नहीं निकले। पीछे खड़ा एक व्यक्ति अंदर आया। उसने कहा कि एटीएम में कुछ गड़बड़ी है। उसने दोबारा कार्ड लगवाया। इसके बाद पिन डालने को कहा। इसी दौरान उसने पिन देख लिया। बातों में उलझाकर डेबिट कार्ड बदल लिया। बाहर खड़े एक अन्य बाइक सवार के साथ आरोपी भाग निकला। कुछ ही देर बाद घर पहुंची तो खाते से 50 हजार रुपये निकलने का मोबाइल पर मेसेज आया। इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि जांच कराई जा रही है।  

दुकानदार को झांसा देकर चेन और अंगूठी ले भागे स्कूटी सवार
कैंट थाना क्षेत्र के इमलियाघाट में ज्वेलर की दुकान से बुधवार दोपहर स्कूटी से आए दो युवकों ने दुकान संचालक को झांसे में लेकर सोने की चेन और अंगूठी लेकर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। लोहता निवासी शिवशंकर सोनी ने इमलियाघाट में किराये पर ज्वेलर्स की दुकान खोली है। मंगलवार को एक युवक आया। खुद को तरना निवासी बताया और बहन की शादी के लिए देखकर चला गया। बुधवार दोपहर युवक वापस आया और चेन व अंगूठी देखने के बहाने भाग निकला। चौकी प्रभारी दीक्षा पांडेय व उप निरीक्षक शांतनु मिश्रा ने बताया कि दुकान व आसपास लगे सीसी कैमरों से आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है।  

हत्या के मामले में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
 हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी रोहन कुमार (29) निवासी मुगलसराय को रामनगर पुलिस ने बुधवार को रेलवे ओवरब्रिज पड़ाव के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया। बीते महीने कुएं पर सामान रखने को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट हुई थी। इसमें चंदन चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे ट्रॉमा सेंटर बीएचयू में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने पर धरना-प्रदर्शन भी किया था। रामनगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। थानाध्यक्ष रामनगर दुर्गा सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है।  

बाइक छू जाने पर युवक को घेरकर पीटा, 4 पर केस
कैंट थाना क्षेत्र के अंध्रापुल से नदेसर की ओर जा रहे युवक को मामूली विवाद में हमलावरों ने पीट दिया। पीड़ित की तहरीर पर कैंट पुलिस ने चार नामजद समेत अज्ञात पर केस दर्ज किया। लक्ष्मीपुरा निवासी शाह आलम उर्फ सोनू ने बताया कि बुधवार को बाइक से नदेसर जा रहा था। रास्ते में कुछ लोग ट्रैफिक जाम कर खड़े थे। बाइक से हल्का छू जाने पर अफजल निवासी गढ़हिया, भाई आरिफ और उनके साथी फरदीन व फरहान पीटने लगे। आरोपियों के साथ 15-20 अज्ञात लोग भी थे। कैंट थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि अफजल, आरिफ, फरदीन, फरहान सहित अन्य अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया गया है।  

स्कूलों में रिचार्जिंग पिट बनवाएगा वीडीए
स्कूली बच्चों को रेन वाटर हार्वेस्टिंग की जानकारी देने के लिए वीडीए ने पहल की है। शहर के सभी बोर्ड के स्कूलों में रिचार्जिंग पिट बनाए जा रहे हैं। कैंपस, पार्कों में वर्षा जल जमाव वाले स्थलों को चिह्नित कर 5 फीट लंबा, 5 फीट चौड़ा, 4 फीट गहरा गड्ढा खोदकर रिचार्जिंग पिट बनाया जा रहा है। 59 लाख की लागत से एक हजार पिट बनाए जाएंगे। वीडीए के सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा के अनुसार यह कार्य बारिश के जल को संरक्षित करने और भू-जल स्तर बढ़ाने के लिए किया जा रहा है।  

सात साल की बच्ची की मौत के मामले में कल होगी सुनवाई

आंख के ऑपरेशन के बाद अनाया रिजवान (7) की मौत के मामले में मां ने बीते बृहस्पतिवार को अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने के लिए सीजीएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। इस मामले में अब शुक्रवार को सुनवाई होगी। वादिनी आफरीन रिजवान ने प्रार्थना पत्र में कहा है कि अनाया को निजी अस्पताल में आंख की सर्जरी के लिए भर्ती कराया गया था। एनेस्थीसिया की मात्रा और ऑक्सीजन आपूर्ति की अस्थिरता के कारण बच्ची की सांस और हृदय गति रुक गई। इससे उसकी मौत हो गई।  

गायों को पंचामृत स्नान कराकर किया शृंगार, तिलक लगाकर उतारी आरती
कार्तिक मास के शुक्लपक्ष की अष्टमी पर गोपाष्टमी मनाई गई। गोशालाओं में गोमाता की पूजा हुई। लोगों ने तिलक लगाया, माला पहनाकर आरती उतारी और गुड़-चना और केला खिलाया। धर्मसम्राट स्वामी करपात्री महाराज की तपोस्थली दुर्गाकुंड स्थित धर्मसंघ में विधायक सौरभ श्रीवास्तव सहित विभिन्न लोगों ने गो पूजन किया। जिले के 45 गोशालाओं में पूजन हुआ।

धर्मसंघ में स्वामी करपात्री आदर्श गौशाला में सुबह धर्मसंघ पीठाधीश्वर स्वामी शंकरदेव चैतन्य ब्रह्मचारी महाराज के सानिध्य में वैदिक ब्राह्मणों और बटुकों ने षोडशोपचार विधि से गऊ पूजन किया। गिर, साहीवाल, गंगातीर गायों को पंचगव्य और पंचामृत स्नान कराया गया। रंग बिरंगे रेशमी वस्त्र, मुकुट, आभूषण आदि से शृंगार हुआ। पूजन के बाद गायों को गुड़, फल और मिठाई के साथ साग, मूली, खीरा, लौकी, सेम, गाजर आदि भोग खिलाया गया। अंत में सभी ने आरती की। पूजन के लिए दक्षिण भारत से काफी गो भक्त पहुंचे थे। धर्मसंघ के महामंत्री पं. जगजीतन पांडेय ने कहा कि सनातन धर्म में गायों का विशेष स्थान है। जो स्थान गंगा और गायत्री का है वही गाय का है। धर्मसम्राट स्वामी करपात्री महाराज का जीवन गो संवर्धन के लिए समर्पित रहा। उन्होंने गोहत्या बंदी के लिए देशभर में आंदोलन चलाया था। पूजन में भाजपा नेत्री शालिनी यादव, राजमंगल पांडेय आदि रहे। उधर, बावनबीघा, डोमरी आदि इलाकों के गोशालाओं में भी पूजन हुआ।

गोमाता करती है पृथ्वी की रक्षा : नरेंद्रानंद सरस्वती
पंचकोशी मार्ग देउरा स्थित आदिशंकराचार्य महासंस्थानम् आश्रम में काशी सुमेरु पीठ के पीठाधीश्वर नरेंद्रानंद सरस्वती महाराज ने विधि विधान से गो पूजा की। कहा कि गाय की सेवा से मानव की मनोवांछित कामना पूर्ण होती हैं। पृथ्वी के रक्षण और संवर्धन में पहला स्थान गाय का है। यज्ञ गाय के पंच पदार्थों से ही होता है। मानव के जन्म के साथ गो-दुग्ध का आहार और मानव के अंतिम समय में गोदान ही किया जाता है।

ग्रामीण इलाकों के गोआश्रय में गायों को पहना माला
पशुपालन विभाग और नगर निगम से संचालित के 40 गोशालयों में भी गो पूजन हुआ। चिरईगांव के ग्राम पंचायत सींवो, छाही के गोआश्रय में डॉ. आरए चौधरी, कर्मचारियों और गो सेवकों ने सफाई कर गो पूजन किया। उन्हें तिलक लगाने के बाद माला पहनाया। गुड़-चना और केला खिलाए। सेवापुरी ब्लाॅक के काशी जीवदया विस्तारिणी गोशाला एवं पशुशाला रामेश्वर में रमेश बंसल आदि ने पूजन किया। एसीपी राजातालाब, प्रबंधक रामनारायण सिंह, डॉ. आरके सिंह, रामप्रकाश यादव आदि ने पूजन किया।

टकसाल गोलिकांड मामले में सुनवाई 
कैंट थाने क्षेत्र के टकसाल सिनेमा के सामने हुए गोलीकांड मामले में बृहस्पतिवार को विशेष न्यायाधीश एमपी एमएलए कोर्ट यजुवेंद्र सिंह की कोर्ट में सुनवाई हुई। इस मामले में नदेसर गोली कांड के वादी व पूर्व सांसद बतौर गवाह धनंजय सिंह से जिरह पूर्व में जिरह हो चुकी है। 

युवाओं में ब्रेन स्ट्रोक का बढ़ रहा खतरा इसकी प्रमुख वजह तनाव, डायबिटीज
भारतीय न्यूरोलॉजिकल एसोसिएशन (इंडियन एकेडमी ऑफ न्यूरोलॉजी) का चार दिन तक चलने वाला 32वां वार्षिक सम्मेलन आईएनकॉन-2025 बुधवार से शुरू हो गया। देश-विदेश से आए विशेषज्ञों ने पहले दिन न्यूरोलॉजिकल बीमारियों के बढ़ते प्रभाव और नई तकनीक से उपचार पर चर्चा की। विशेषज्ञों ने कहा कि युवाओं में ब्रेन स्ट्रोक का खतरा बढ़ता जा रहा है। इसके पीछे जीवनशैली में बदलाव, तनाव, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर प्रमुख कारण हैं।नदेसर स्थित होटल ताज में पहले दिन की शुरुआत वर्ल्ड स्ट्रोक दिवस के साथ हुई। 

पहले दिन के सत्रों में मुंबई से डॉ. निर्मल सूर्या, ऋषिकेश से डॉ. मृत्युंजय कुमार ने मांसपेशियों में ऐंठन की समस्या में बोटुलिनम टॉक्सिन के उपयोग पर चर्चा की। बताया कि इस विधि से उपचार के माध्यम से संबंधित मरीज की बीमारी को कम किया जा सकता है। पीजीआई चंडीगढ़ से डॉ. विवेक लाल, प्रयागराज से डॉ. कमलेश कुमार सोनकर, भुवनेश्वर से डॉ. सुचारिता आनंद ने न्यूरो-ऑफ्थैल्मोलॉजी (तंत्रिका संबंधी नेत्र रोग विज्ञान) पर चर्चा की। कहा कि आंखों की समस्या पर उसका प्रभाव नसों पर पड़ता है। नई तकनीक से उपचार भी किया जा रहा है। 

आयोजन सचिव प्रो. विजयनाथ मिश्र ने बताया कि भारत में ब्रेन स्ट्रोक एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। हर साल करीब 18 लाख लोग इससे प्रभावित होते हैं। हर चार में से एक वयस्क को अपने जीवनकाल में स्ट्रोक का सामना करना पड़ता है। देश में स्ट्रोक की दर इस समय करीब 119 से 152 प्रति एक लाख आबादी है। यह संख्या अब युवाओं में भी तेजी से बढ़ रही है। इसके पीछे जीवनशैली में बदलाव, तनाव, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर प्रमुख कारण हैं। 

आईएमएस बीएचयू न्यूरोलॉजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. अभिषेक पाठक ने बताया कि बी फास्ट को याद रखा जाए तो स्ट्रोक को पहचाना जा सकता है। इसमें बी का मतलब बैलेंस यानी अचानक संतुलन या तालमेल खो जाना। आई यानी आंखों। यानी अचानक नजर धुंधली होना या दिखना बंद होना। एफ यानी फेस से मतलब है कि चेहरे का टेढ़ा होना या मुस्कान असमान होना। ए मतलब आर्म्स यानी हाथ में कमजोरी होना। एस फाॅर स्पीच यानी बोली लड़खड़ाना या शब्द अस्पष्ट होना है। टी का अर्थ टाइम यानी समय बर्बाद न कर तुरंत अस्पताल पहुंचना।
 
कार की टक्कर से बाइक सवार पत्नी की मौत, पति घायल
राजातालाब थाना क्षेत्र के बीरभानपुर में हनुमान मंदिर के पास हाईवे पर बुधवार सुबह कार की टक्कर से पति के साथ बाइक पर जा रही आंचल (38) की मौत हो गई। वहीं, पति गनेश गौड़ घायल हो गए। भदवर के निजी अस्पताल में भर्ती बीमार मां को खाना देने के बाद दंपती बाइक से घर लौट रहे थे। पुलिस ने आंचल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पति का बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है।

मिर्जापुर के कछवा बाजार थाना क्षेत्र के जमुआ बाजार निवासी गनेश पत्नी आंचल के साथ निजी अस्पताल में भर्ती बीमारी मां बदामा देवी को खाना पहुंचाने गए थे। लौटते समय बीरभानपुर के पास हाईवे पर पीछे से आ रहे चार पहिया वाहन ने बाइक के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। अनियंत्रित होकर बाइक सवार दंपती हाईवे के किनारे लगे रेलिंग से टकरा गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। परिजनों ने पुलिस को बताया कि आंचल को दो बेटे है। राजातालाब थानाध्यक्ष दयाराम ने बताया कि कार चालक की पहचान कराई जा रही है। आसपास के सीसी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

महिला से अश्लील हरकत और पिटाई, आरोपी पर केस
चितईपुर थाना क्षेत्र के विवेकानंद पुरम कॉलोनी में पीड़िता ने आरोपी अशोक यादव पर मारपीट और अश्लील हरकत के आरोप में केस दर्ज कराया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह किराये के मकान में रहती है। किराये पर रहने वाला अशोक यादव आए दिन हंगामा करता है। आरोपी ने बिना कारण विकास पटेल पर ईंट से हमला किया। मंगलवार को कुत्ता टहलाने निकली तो आरोपी ने अश्लील हरकत और पिटाई की। आसपास के लोगों के जुटने पर वह भाग निकला। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।  

घर में वृद्धा का कुंडल और सोने की लॉकेट छीनकर भागे दो युवक
बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ में मंगलवार को घर में घुसकर वृद्धा धर्मावती देवी से सोने की लॉकेट और कुंडल छीनकर दो युवक भाग निकले। पीड़िता के बेटे शिवशंकर दुबे ने बुधवार को केस दर्ज कराया। बेटे ने पुलिस को बताया कि पिता कृपाशंकर दुबे लकवा ग्रस्त हैं। मां धर्मावती देवी घर के अंदर थी। तभी दो युवक घर का दरवाजा खुलवा कर अंदर घुसे और मां के कुंडल, गले से लॉकेट छीनकर भाग निकले। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

सरदार@150 : आत्मनिर्भर भारत पदयात्रा कल
लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर जिले में ‘सरदार @150: एक भारत, आत्मनिर्भर भारत अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन वाराणसी और मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के संयुक्त तत्वावधान में होगा। मुख्य आकर्षण पदयात्रा होगी, जो 31 अक्तूबर की सुबह सात बजे सरदार पटेल चौराहा (मलदहिया) से प्रारंभ होकर आईपी मॉल सिगरा, भारत सेवाश्रम संघ होते हुए सिगरा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तक जाएगी।

इस आयोजन के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रीय एकता, आत्मनिर्भरता और समर्पण की भावना को जागृत करने का संदेश दिया जाएगा। जिला युवा अधिकारी यतेंद्र सिंह ने बताया कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने भारत की एकता और अखंडता के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उन्होंने 560 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर आधुनिक भारत की नींव रखी। इसी योगदान को स्मरण करते हुए यह पदयात्रा आयोजित की जा रही है, ताकि युवाओं को एकता, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के मूल्यों से जोड़ा जा सके। उन्होंने बताया कि निबंध, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिताएं होंगी। 

ये प्रतियोगिताएं जिले के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में आयोजित होंगी, ताकि विद्यार्थी सरदार पटेल के विचारों और कार्यों से प्रेरणा ले सकें। युवा अधिकारी ने कहा कि यह अभियान जनभागीदारी पर आधारित है। इस दौरान जिला युवा कल्याण अधिकारी नितीश कुमार राय, नोडल अधिकारी (एनएसएस) डॉ. राजेंद्र प्रसाद, स्वयंसेवक राकेश यादव आदि रहे। 

रन फॉर यूनिटी में दौड़ेंगे एक साथ तीन हजार लोग
लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में एक साथ 3 हजार लोग दौड़ेंगे। इसे लेकर भाजपा महानगर के ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुलाब बाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में बुधवार को महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और पार्षदों की बैठक हुई। मुख्य अतिथि भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल आयोजन नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है।
 
एसआईआर शुरू, घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ
जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी उप्र के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) कराने का कार्यक्रम 28 अक्तूबर से शुरू हो चुका है। बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने का काम करेंगे। निर्वाचक नामावली का प्रकाशन नौ दिसंबर को होगा। दावे एवं आपत्तियां नौ दिसंबर से आठ जनवरी 2026 तक दाखिल की जाएंगी। आपत्तियों का निस्तारण और गणना प्रपत्रों पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की ओर से नौ दिसंबरसे 31 जनवरी 2026 तक निर्णय लिया जाएगा। वहीं, निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन सात फरवरी 2026 को होगा। मतदाता सूची के प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बीएलओ घर-घर जाकर परिगणना फाॅर्म का वितरण किया जाएगा। इसके बाद मतदाता फॉर्म भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएंगे। यदि किसी मतदाता का जन्म एक जुलाई 1987 के पहले हुआ है और उनका नाम 2003 की मतदाता सूची में है, उन्हें केवल परिगणना फॉर्म भरना है और दस्तावेजों के रूप में केवल 2003 की मतदाता सूची का साक्ष्य अपलोड करना है। केंद्रीय/राज्य/सार्वजनिक उपक्रम के नियमित कर्मचारी/पेंशनभोगी को निर्गत कोई पहचान पत्र/पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), सरकार/स्थानीय प्राधिकरण/बैंक/डाकघर/ एलआईसी/सार्वजनिक उपक्रम द्वारा भारत में 01.07.1987 से पूर्व निर्गत किया गया पहचान पत्र/प्रमाण पत्र/दस्तावेज, पासपोर्ट, मान्यता प्राप्त बोर्ड/विश्वविद्यालयों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, सरकार द्वारा आवंटित भूमि/मकान का प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर, और राज्य/स्थानीय प्राधिकारी द्वारा निर्गत परिवार रजिस्टर की नकल/प्रति मान्य होगी। 

टूरिस्ट बस के चालक की बाउंसरों ने की पिटाई
नमो घाट पर बुधवार देर शाम गंगा आरती के बाद मुंबई और हैदराबाद से आए यात्रियों के बस चालक और पार्किंग कर्मचारियों के बीच पार्किंग शुल्क को लेकर नोकझोंक हो गई। आरोप है कि कर्मचारियों ने चालक की पिटाई कर दी। कर्मचारियों के रूप में बाउंसरों ने यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार किया। मौके पर पहुंची आदमपुर पुलिस ने समझा बुझाकर शांत कराया। आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि बाद में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।  

स्कूल जा रही छात्रा बाइक की टक्कर से घायल
सारनाथ थाना क्षेत्र के नई बाजार के प्राइमरी स्कूल गेट के पास बुधवार सुबह बाइक की टक्कर से कक्षा दो की छात्रा रीतिका घायल हो गई। छात्रा को पांडेयपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पतेरवा निवासी पिता विजय ने पुलिस को बताया कि सुबह 9.30 बजे बेटी रितिका स्कूल जा रही थी। रास्ते में सारनाथ की ओर से तेज गति से आए बाइक सवार ने स्कूल गेट के पास सड़क पार करते समय बेटी को धक्का मार दिया। बाइक चालक मौके से भेसौड़ी की तरफ भाग निकला। थानाध्यक्ष शिवानंद सिसौदिया ने बताया कि चौराहे पर लगे सीसी कैमरे खंगाले गए। बाइक चालक की पहचान की जा रही है।
विज्ञापन

कबीर महोत्सव में गंगातट पर गूंजेंगे कबीर के पद

कबीर महोत्सव का नौवां संस्करण 19 से 21 दिसंबर तक आयोजित किया गया है। गंगातट पर संत कबीर के पद गूंजेंगे। नामचीन कलाकार कबीर के पदों को स्वर देकर उनकी आभा को सजाएंगे। इसमें जाने-माने संगीतकार, चिंतक आदि शामिल होंगे।

महोत्सव की शुरुआत 19 दिसंबर को गंगातट पर गुलेरिया कोठी में गंगा आरती से होगी। आयोजक जय शाह और संजॉय के. रॉय ने बताया कि कबीरचौरा मठ धर्मवेत्ता उमेश कबीर कबीर के दर्शन पर अपने विचार रखेंगे। समापन रहमत-ए-नुसरत की प्रस्तुति कबीरियत से होगा। 20 दिसंबर को सुबह स्वाति तिवारी का गायन, सितार वादक हिदायत हुसैन खां की प्रस्तुति होगी।

दोपहर में शिवांगिनी येशु युवराज एवं ईशा प्रिया सिंह कबीर द जुलाहा : वर्सेज फ्रॉम द लूम की प्रस्तुति करेंगी। इसके बाद कबीर के पदों और विचारों परिचर्चा होगी। शाम को शिवाला घाट पर कबीरवाणी के साथ कविताओं की प्रस्तुति होगी। इसमें कलाकार महेशा राम मेघवाल कबीर गायन, गायक राहुल देशपांडे की प्रस्तुति होगी। उन्होंने बताया कि अंतिम दिन 21 को गुलेरिया कोठी में तेजस्विनी वर्नेकर ख्याल गायकी पर केंद्रित हिंदुस्तानी गायन, देबसमिता भट्टाचार्य का सरोद वादन होगा। शाम शिवाला घाट पर आदित्य प्रकाश की प्रस्तुति होगी। कर्नाटक प्रोग्रेसिव रॉक बैंड अगम बैंड की प्रस्तुति से होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें